Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 May 2025 10:25 AM IST
कच्चे तेल की कीमत में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में इन दिनों गिरावट देखने को मिल रही है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (01 मई 2025) सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 58.24 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। हालांकि, बीते दिन इसमें मामूली बढ़त देखी गई थी और यह 60.38 डॉलर प्रति बैरल तक जा पहुंचा था।
- 1 May 2025 10:15 AM IST
आज बंद रहेगा शेयर बाजार
देश का शेयर बाजार आज (01 मई 2025, गुरुवार) महाराष्ट्र दिवस (Maharashtra Day) के अवसर पर बंद रहेगा। चूंकि दोनों प्रमुख घरेलू शेयर बाजार बीएसई और एनएसई मुंबई (महाराष्ट्र) में स्थित हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में होने वाली सरकारी छुट्टियों के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) हो या नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों ही बंद रहते हैं।
- 1 May 2025 10:05 AM IST
भारत के साथ व्यापार समझौते के करीब अमेरिका शीर्ष यूएस अधिकारी
भारत और अमेरिका व्यापार समझौता के करीब हैं, लेकिन यह अभी तक पूरा नहीं हुआ है। यह बयान शीर्ष अमेरिकी ट्रेड वार्ताकार ने दिया। अमेरिकी मीडिया और पॉलिसी सर्किल में अमेरिका-भारत व्यापार समझौता की चर्चा जोरों पर है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने के बाद किसी देश के साथ होने वाली यूएस की यह पहली ट्रेड डील हो सकती है। फिलहाल, अपने व्यापारिक साझेदार देशों के साथ समझौता करने के लिए ट्रंप ने रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन की रोक लगा दी है।
- 1 May 2025 9:53 AM IST
IPL 2025 50वें मैच में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स का आमना-सामना
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच गुरुवार को हाईवोल्टेज मुकाबला होने की उम्मीद है। दोनों टीम के बीच सीजन का 50वां मैच खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार, सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से मैच का प्रसारण शुरू होगा। प्लेऑफ में बने रहने के लिए राजस्थान रॉयल्स को हर हाल में यह मैच जीतना होगा। दूसरी ओर, प्लेऑफ में अपनी दावेदारी मजबूत करने के साथ ही साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचने के लिए मुंबई इंडियंस भी अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। मुंबई इंडियंस ने अब तक इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस सीजन में मुंबई इंडियंस छह जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे पायदान पर है।
- 1 May 2025 9:40 AM IST
पीएम मोदी आज मुंबई में करेंगे विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वे मुंबई में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का उद्घाटन करेंगे। मुंबई में चार दिवसीय वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल इनोवेशन का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसकी थीम “कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज” पर आधारित है, जिसमें दुनिया भर के क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के लीडर और नीति निर्माताओं को एक साथ लाया जाएगा।
- 1 May 2025 9:34 AM IST
अंगोला के राष्ट्रपति लौरेंको की चार दिवसीय भारत यात्रा, कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर की उम्मीद
अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 4 मई तक भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने कहा, "यह 38 वर्षों में किसी अंगोला के राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा है। यह ऐसे समय हो रही है जब भारत और अंगोला इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों के 40 वर्ष पूरे कर रहे हैं।"
- 1 May 2025 9:21 AM IST
हिमाचल की खूबसूरत वादियों के बीच वक्त बिता रहीं नेहा शर्मा, शेयर किया वीडियो
नेहा शर्मा बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेसेस में से एक हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इन दिनों वह हिमाचल में हैं और वहां के खूबसूरत नजारों के बीच कीमती वक्त बिता रही हैं। नेहा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन में हिमाचल के खूबसूरत नजारों से भरी कुछ वीडियोज शेयर कीं। लेटेस्ट वीडियो में सुंदर पहाड़, रंग-बिरंगे घर, खिलती सुनहरी धूप नजर आ रही है। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'पहाड़ों की सुबह और धुंधभरी शांति... ये प्रकृति का तरीका है हमें गुड कहने का।'
- 1 May 2025 9:09 AM IST
पाकिस्तान ने लगातार सातवें दिन किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, भारत ने की जवाबी फायरिंग
पाकिस्तानी सेना ने फिर से नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। यह लगातार सातवां दिन है जब पाकिस्तानी सेना द्वारा जम्मू कश्मीर से लगी नियंत्रण रेखा पर फायरिंग की गई है। भारतीय सेना ने बिना किसी देरी के इस फायरिंग का जवाब दिया है। पाकिस्तानी सेना बीते शुक्रवार से हर रोज नियंत्रण रेखा पर फायरिंग कर रही है। सेना के मुताबिक 30 अप्रैल और 01 मई की रात, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर की नियंत्रण रेखा के पार से गोलीबारी की। रोज की ही तरह यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के की गई।
- 1 May 2025 8:57 AM IST
एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री से बातचीत के बाद कहा, ' पहलगाम हमले के गुनहगारों को सजा दिला कर रहेंगे'
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अपने अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो से बात की है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर दी। जिसके मुताबिक भारत इस हमले की साजिश रचने वालों और हमलावरों को सजा दिलाने को प्रतिबद्ध है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर जयशंकर और रुबियो ने बात की। विदेश मंत्री ने एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "कल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ पहलगाम आतंकवादी हमले पर चर्चा की। इसके अपराधियों, समर्थकों और योजनाकारों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।"
- 1 May 2025 8:41 AM IST
भारत ने पाकिस्तानी उड़ानों के लिए बंद किया हवाई मार्ग, 23 मई तक लागू रहेगा प्रतिबंध
भारत ने बुधवार को पाकिस्तान के स्वामित्व वाली और संचालित उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 23 मई तक बंद करने की घोषणा की। कुछ दिन पहले ही इस्लामाबाद ने भारतीय विमानन कंपनियों के स्वामित्व वाली और संचालित सभी उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का फैसला किया था। भारत ने इस संबंध में नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है, जिसके तहत पाकिस्तानी विमानों को 23 मई तक भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया है।
Created On :   1 May 2025 8:00 AM IST