Breaking News: आज की बड़ी खबरें 03 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 3 Aug 2025 10:15 AM IST
साउथ फिल्म इंडस्ट्री को झटका, 'माधवन बॉब' फेम तमिल अभिनेता कृष्णमूर्ति का निधन
तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता और हास्य कलाकार एस. कृष्णमूर्ति का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें 'माधवन बॉब' के नाम से भी जाना जाता था। कैंसर से पीड़ित अभिनेता ने 2 अगस्त को अपने चेन्नई, अडयार स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से तमिल फिल्म उद्योग और प्रशंसक काफी दुखी हैं।
- 3 Aug 2025 9:50 AM IST
ईरान ने इजरायल से सभी हवाई पाबंदियां हटाईं, उड़ानें सामान्य हुईं
ईरान ने शनिवार को अपने हवाई क्षेत्र पर लगी आखिरी पाबंदियां भी हटा ली हैं। ये पाबंदियां इजरायल के साथ 12 दिनों तक चले संघर्ष की शुरुआत में लगाई गई थीं। ईरान की सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (सीएओ) ने अपनी वेबसाइट पर यह जानकारी दी।
- 3 Aug 2025 9:50 AM IST
राष्ट्रीय जलमार्ग-57 का पुनरुद्धार असम के लिए ऐतिहासिक क्षण सर्बानंद सोनोवाल
असम के नदी-आधारित व्यापार और सस्टेनेबल लॉजिस्टिक्स को फिर से शुरू करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय जलमार्ग-57 (कोपिली नदी) पहली बार गोवर्धन पुल से दक्षिण समारा में हाटसिंगिमारी तक कार्गो ट्रायल रन के साथ चालू हो गया है।
- 3 Aug 2025 9:23 AM IST
विजय की टीवीके आज 20 हजार कार्यकर्ताओं को देगी प्रशिक्षण
तमिल सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के अध्यक्ष विजय ने रविवार को पूरे तमिलनाडु में मतदान एजेंटों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें पार्टी 20,000 से अधिक एजेंटों और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देगी।
- 3 Aug 2025 9:16 AM IST
रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा, ' हमने 41 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए'
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने चार घंटे से भी कम समय में यूक्रेन के 41 ड्रोन नष्ट कर मार गिराए। ये ड्रोन शनिवार शाम 8 बजे से रात 11:25 बजे (मॉस्को के समयानुसार) के बीच रूस के कई इलाकों में देखे गए और उन्हें तत्परता से जवाब देते हुए गिरा दिया गया।
- 3 Aug 2025 9:08 AM IST
चिली एल टेनिएंटे खदान हादसे में एक और शव मिला, मृतकों की संख्या 2
सेंट्रल चिली में आए 4.2 तीव्रता के भूकंप से 'एल टेनिएंटे' नामक तांबे की खदान ढह गई। इस खदान में पांच खनिक फंसे थे, जिनमें से एक को मृत पाया गया है। इसी के साथ हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। 'सिन्हुआ' समाचार एजेंसी के अनुसार, सरकारी खनन कंपनी 'कोडेल्को' ने पुष्टि की है कि बचाव अभियान के दौरान मानव अवशेष बरामद किए गए, जिनकी पहचान अभी बाकी है।
- 3 Aug 2025 8:41 AM IST
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने सीएम रेखा गुप्ता को लिखा पत्र, अवैध मजार हटाने की मांग की
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र के जरिए अवैध मजार हटाने की मांग की है। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैंने नरेला रोड के पास सिंघु बॉर्डर इलाके का दौरा किया, जहां लगभग 50 एकड़ जमीन है, कुछ वन विभाग के अधीन है और कुछ मामूरपुर गांव के निवासियों द्वारा वर्षों पहले एक महिला कॉलेज के लिए दान की गई थी।
- 3 Aug 2025 8:32 AM IST
पुरी में आग के हवाले की गई 15 वर्षीय लड़की की दिल्ली एम्स में मौत, ओडिशा सीएम ने जताया शोक
ओडिशा के पुरी जिले की एक 15 वर्षीय लड़की, जिसे कथित तौर पर तीन अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी, ने एम्स दिल्ली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसकी पुष्टि की। मुख्यमंत्री माझी ने लड़की की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बलंगा इलाके की लड़की की मौत की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। सरकार के तमाम प्रयासों और एम्स दिल्ली की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम के चौबीसों घंटे प्रयासों के बावजूद, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मैं लड़की की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और ईश्वर से उसके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"
- 3 Aug 2025 8:16 AM IST
नीट पीजी 2025 आज देशभर में सिंगल शिफ्ट में होगी परीक्षा
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) रविवार को नीट पीजी 2025 परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। यह परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। उम्मीदवारों को सुबह 7:00 बजे से 8:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। गेट बंद होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लॉगिन सिस्टम तक पहुंच सुबह 8:45 बजे से मिलेगी, और उम्मीदवारों को पूरी परीक्षा के दौरान अपने निर्धारित परीक्षा हॉल में बैठे रहना होगा।
- 3 Aug 2025 8:06 AM IST
दिल्ली के पुलिस आयुक्त ने नए आपराधिक कानूनों के तहत मामलों के निपटारे पर असंतोष व्यक्त किया
दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद 1988 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह ने मामलों के आपराधिक मामलों के निपटारे पर असंतोष व्यक्त किया है। एसबीके सिंह ने विशेष पुलिस आयुक्तों को लिखे एक पत्र में कहा है कि अगली अपराध समीक्षा बैठक में आपराधिक मामलों के त्वरित निपटारे पर चर्चा की जाएगी।
Created On :   3 Aug 2025 8:00 AM IST