Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 4 July 2025 8:10 PM IST
अग्निमित्रा पॉल का ममता सरकार पर वार, कहा-बंगाल में दुष्कर्म एक महामारी की तरह फैल रहा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार और कानून-व्यवस्था को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राजधानी कोलकाता के प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में दुष्कर्म एक महामारी की तरह फैल रहा है।
- 4 July 2025 7:31 PM IST
मराठी बनाम हिंदी विवाद पर प्रताप सरनाईक बोले, हम दोनों भाषा का सम्मान करते हैं
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री और वरिष्ठ शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने मराठी बनाम हिंदी विवाद पर कहा कि वो दोनों भाषाओं का सम्मान करते हैं। लेकिन, व्यापारियों के खिलाफ किसी भी तरह की जबरन वसूली या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- 4 July 2025 6:49 PM IST
सतत विकास पर सहयोग को और मजबूत करेंगे एससीओ सदस्य देश
एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) सदस्य देशों के पर्यावरण मंत्रियों का छठा सम्मेलन 3 जुलाई को चीन के थिआनचिन शहर में आयोजित हुआ, जिसका विषय था "एससीओ सदस्य देशों के हरित, सतत और कम उत्सर्जन वाले विकास को बढ़ावा देने के लिए सहयोग"। इसमें उपस्थित विभिन्न पक्षों ने "एससीओ सदस्य देशों के पर्यावरण मंत्रियों के छठे सम्मेलन के संयुक्त वक्तव्य" पर हस्ताक्षर किए और "सतत विकास सहयोग को मजबूत करने पर एससीओ के सदस्य देशों की पहल" को पारित किया, जिससे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में सतत विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
- 4 July 2025 6:30 PM IST
पारदर्शिता व तटस्थता के नाम पर बिहार सरकार को बसपा ने घेरा
मायावती ने कहा पारदर्शिता व तटस्थता के नाम पर बिहार सरकार व वहाँ के चांसलर द्वारा इस प्रकार लाटरी के माध्यम से की गयी प्रिन्सिपल की नियुक्तियों को सही ठहरा कर क्या इस व्यवस्था को भाजपा-शासित अन्य राज्यों में भी लागू किया जाएगा?
- 4 July 2025 6:26 PM IST
बिहार के लोग चुनाव आयोग के मांगे गए 'कागज' जुटाने के लिए भटक रहे हैं और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं-कांग्रेस
कांग्रेस ने इसे लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है चुनाव आयोग ने बिहार के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लोगों से नागरिकता साबित करने के लिए 'कागज' मांगे गए हैं। जो कागज नहीं दिखा पाएगा, उसे वोटर लिस्ट से हटा दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि उनके पास खुद की नागरिकता साबित करने के लिए आधार कार्ड है, जिसे चुनाव आयोग मानने को तैयार नहीं है। अब बिहार के लोग चुनाव आयोग के मांगे गए 'कागज' जुटाने के लिए भटक रहे हैं और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
- 4 July 2025 6:20 PM IST
देश में किसी एक संस्था की दादागिरी नहीं चल सकती- पवन खेड़ा
2003 में बिहार में जब यही पुनरीक्षण हुआ था तब एक साल की समय लगा था। अब आप केवल 25 दिनों में इस प्रक्रिया को पूर्ण कर लेंगे? तो आपकी नीयत तो यही है कि केवल नाम काटने हैं, कागजों की जांच नहीं करनी और आपको तो मालूम ही है कि किस वर्ग के नाम काटने हैं। हमारे पास तमाम विकल्प सड़क से लेकर संसद तक खुले हैं और इस देश में किसी एक संस्था की दादागिरी नहीं चल सकती।
- 4 July 2025 6:08 PM IST
बिहार में मतदाता सूची के "विशेष गहन पुनरीक्षण पर कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने चुनाव आयोग द्वारा बिहार में मतदाता सूची के "विशेष गहन पुनरीक्षण" पर कहा, "जब आपको (मतदाताओं के) नाम काटने ही हैं तो आसानी से काट लेंगे, उसमें क्या है? काम मुश्किल तब होगा जब आपकी नीयत साफ होगी।
- 4 July 2025 5:57 PM IST
बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी आप
आम आदमी पार्टी अब बहुजन समाज पार्टी के नक्शे कदम पर चलने वाली है। आप ने बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
- 4 July 2025 5:48 PM IST
परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए ईरान पर हमला कर रहा है इजराइल
इलाही ने इजराइल के परमाणु हथियार को लेकर कहा उसने परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर साइन नहीं किए हैं, लेकिन इजराइल परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए ईरान पर हमला कर रहा है। अमेरिकी हमले को उन्होंने आक्रामकता का अपराध कहा।
- 4 July 2025 5:44 PM IST
बिना किसी विश्वसनीय गारंटी के किसी से भी कोई वार्ता नही करेगा-इलाही
ईरान ने अमेरिका को लेकर कहा है कि वह बिना किसी विश्वसनीय गारंटी के किसी से भी कोई वार्ता नही करेगा। भारत में ईरान के राजदूत इराज इलाही ने अमेरिका के साथ फिर से वार्ता शुरू करने के लिए तेहरान की शर्तों पर जोर दिया।
Created On :   4 July 2025 7:48 AM IST