Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 4 July 2025 10:00 AM IST
मामूली बढ़त के साथ खुला भारतीय शेयर बाजार, निफ्टी 25,400 स्तर के ऊपर
मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू बेंचमार्क सूचकांक शुक्रवार को मामूली बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में आईटी, पीएसयू बैंक और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में खरीदारी देखी गई। सुबह करीब 9.34 बजे, सेंसेक्स 32.52 अंक या 0.04 प्रतिशत बढ़कर 83,271.99 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 3.45 अंक या 0.01 प्रतिशत बढ़कर 25,408.75 पर कारोबार कर रहा था।
- 4 July 2025 9:48 AM IST
'रामायण' से 'महाकुंभ' तक... पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में किया इन बातों का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण के तहत त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया और भारत-त्रिनिदाद और टोबैगो के संबंधों पर बात की। साथ ही उन्होंने भगवान राम से लेकर महाकुंभ और त्रिनिदाद और टोबैगो की रामलीलाओं का भी जिक्र किया।
- 4 July 2025 9:29 AM IST
त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी को दिए जाएंगे ओसीआई कार्ड पीएम मोदी
घाना की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ा ऐलान किया। कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी को ओवरसीज सिटिजनशिप ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड दिए जाएंगे।
- 4 July 2025 9:15 AM IST
महाराष्ट्र अमित शाह का पुणे दौरा, 'श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा' की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
गुरुवार रात पुणे पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को चार कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह पुणे के पास खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 'श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा' की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
- 4 July 2025 9:14 AM IST
यकीन है त्रिनिदाद ने 500 साल बाद रामलला की अयोध्या वापसी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया होगा पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने मीलों दूर बैठे भारतीयों के श्री राम के प्रति आस्था की सराहना की। अयोध्या में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा, मुझे यकीन है 500 साल बाद अयोध्या में रामलला की वापसी का आपने पूरे उत्साह से स्वागत किया होगा।
- 4 July 2025 8:48 AM IST
चुनाव आयोग की वजह से बिहार के मतदाता डरे हुए हैं- दीपांकर भट्टाचार्य
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची की जांच की आलोचना की है। दीपांकर भट्टाचार्य ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने अचानक मतदाता सूची पुनरीक्षण की घोषणा की। आयोग की इस घोषणा से बिहार के मतदाता परेशानी में आ गए हैं। बिहार में लगभग आठ करोड़ मतदाता हैं।
- 4 July 2025 8:44 AM IST
महाराष्ट्र के ठाणे में विधायक के बंगले के सामने दो गुटों के बीच फायरिंग, एक शख्स घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गुरुवार को विधायक के आवास के सामने सड़क पर फायरिंग हुई। दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई इस गोलीबारी में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बदलापुर में विधायक किसन शंकर कथोरे के बंगले के सामने हुई। उनके बंगले के ठीक सामने से बोराडपाड़ा मुरबाड की ओर सड़क जाती है, जहां दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के सदस्य पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
- 4 July 2025 8:33 AM IST
सचिन नाग जान बचाने के लिए गंगा में कूदने वाला 10 साल का लड़का, बना भारत का सबसे बड़ा तैराक
राकी भारतीय समाज का प्राचीन समय से अभिन्न अंग रहा है। लेकिन, इसे खेल के रूप में देश में लोकप्रिय करने में सचिन नाग का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। एशियन गेम्स में तैराकी में गोल्ड जीतने वाले सचिन नाग एकमात्र भारतीय तैराक हैं। सचिन नाग का जन्म 5 जुलाई 1920 को वाराणसी में हुआ था। गंगा नदी के किनारे बसे वाराणसी में जन्म की वजह से तैराकी के प्रति रुझान तो था, लेकिन इस खेल में आना उनके लिए बस संयोग था।
- 4 July 2025 8:16 AM IST
कांवड़ यात्रा के दौरान 60 डेसिबल से अधिक न हो डीजे की आवाज एसटी हसन
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एस.टी. हसन ने कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा निश्चित रूप से एक धार्मिक यात्रा है, लेकिन जब कांवड़ यात्रा में तेज आवाज वाले डीजे बजते हैं तो आसपास के लोगों को परेशानी होती है। कांवड़ यात्रा के दौरान जब यह डीजे बजते हुआ जाता है तो लोगों के मकानों में खिड़कियों की झनझनाहट होती है, जो दिल के मरीज होते हैं, वो कान बंद कर लेते हैं।
- 4 July 2025 8:00 AM IST
अमेरिकी संसद से पास हुआ 'बिग ब्यूटीफुल बिल'
अमेरिका के राष्ट्रपति को बड़ी जीत हासिल हुई है। लंबे समय से विवादों में रहा 'बिग ब्यूटीफुल बिल' अमेरिकी संसदके दोनों सदनों से पास हो गया है।
Created On :   4 July 2025 7:48 AM IST