Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 04 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
04 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 4 July 2025 12:10 PM IST

    कोविड वैक्सीन और हार्ट अटैक के बीच अभी कोई संबंध साबित नहीं, रिपोर्ट का इंतजार दिनेश गुंडू राव

    कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कोविड वैक्सीन और हार्ट अटैक या अचानक होने वाली मौतों के बीच किसी भी संबंध को लेकर जारी अफवाहों पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अब तक आईसीएमआर और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थाओं की रिपोर्टों में ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है जिससे यह कहा जा सके कि कोविड वैक्सीन दिल के दौरे या आकस्मिक मौतों का कारण बनी है।

  • 4 July 2025 12:03 PM IST

    अल्लूरी सीताराम राजू की 128वीं जयंती, राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

    स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की 128वीं जयंती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें नमन किया। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी को जनजातीय समुदायों का मान बताया। रक्षा मंत्री के साथ ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी तेलुगू नायक के संघर्ष को प्रेरक बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, "उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ रम्पा विद्रोह का नेतृत्व किया और जनजातीय समुदायों के अधिकारों और सम्मान के लिए वे डटकर खड़े रहे। उनका बलिदान और संघर्ष का जीवन हमें न्याय और आत्मसम्मान की खोज में प्रेरित करता है।"

  • 4 July 2025 11:45 AM IST

    बवाना हत्याकांड दिल्ली पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया

    दिल्ली पुलिस ने बवाना हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पिछले दिनों बवाना में गैंगस्टर मनजीत महल के भांजे दीपक की हत्या कर दी गई थी। उस हमले में दीपक की बेटी को भी गोली लगी थी। फिलहाल हत्याकांड में शामिल बदमाश विजय और सोमवीर को दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा है।

  • 4 July 2025 11:41 AM IST

    पीएम मोदी का पोर्ट ऑफ स्पेन में हुआ स्वागत ऐतिहासिक अमित मालवीय

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिनिदाद एंड टोबैगो की अपनी ऐतिहासिक यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे, जहां उनका स्वागत अभूतपूर्व तरीके से हुआ। इसे लेकर भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स हैंडल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस अवसर पर भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स हैंडल पर लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी का पोर्ट ऑफ स्पेन में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद-बिसेसर और उनकी पूरी कैबिनेट ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। 38 मंत्रियों और 4 सांसदों ने पीएम मोदी के स्वागत में हिस्सा लिया, जो भारत के प्रति वैश्विक सम्मान और गर्मजोशी का स्पष्ट प्रमाण है।"

  • 4 July 2025 11:31 AM IST

    झारखंड में कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के करीबियों के आठ ठिकानों पर ईडी के छापे

    प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के करीबियों के कई ठिकानों पर शुक्रवार से छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई कोल ट्रांसपोर्टिंग, इन्फ्रा और पावर सेक्टर से जुड़ी एक चर्चित कंपनी की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में की जा रही है। सूचना के अनुसार, ईडी की टीमों ने रांची, हजारीबाग और बड़कागांव में कुल आठ जगहों पर एक साथ दबिश दी है। अंबा प्रसाद के करीबी संजीत के रांची के किशोरगंज इलाके में स्थित आवास, उनके निजी सहायक संजीव साव, मनोज दांगी और पंचम कुमार के बड़कागांव स्थित ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। जिन स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, वहां सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है।

  • 4 July 2025 11:26 AM IST

    मैंने 'कन्नप्पा' के किरदार को छह महीने तक जीया प्रीति मुकुंदन

    एक्ट्रेस प्रीति मुकुंदन इन दिनों हाल ही में रिलीज हुई अपनी फिल्म 'कन्नप्पा' को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया का आनंद ले रही हैं। एक्ट्रेस ने आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर किया, जिसमें बताया कि उन्होंने इस फिल्म में अपने किरदार को छह महीने तक जीया और महसूस किया। एक्ट्रेस ने बताया कि इस दौरान उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा।

  • 4 July 2025 11:13 AM IST

    अमरनाथ यात्रा जम्मू से 6411 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रवाना, पहले दिन 12 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

    अमरनाथ यात्रा के लिए शुक्रवार को जम्मू से एक और जत्था भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुआ। इस जत्थे में 6411 तीर्थयात्री शामिल थे।

  • 4 July 2025 11:03 AM IST

    ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समेटने के बाद वेस्टइंडीज हेड कोच सैमी ने की अपने गेंदबाजों की तारीफ

    वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी का मानना है कि उनकी टीम की तेज गेंदबाजी में आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है। दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बारिश से प्रभावित खेल में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को 286 रन पर आउट कर दिया। यह मैच ग्रेनेडा के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह तीसरी बार है जब इस सीरीज में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने दुनिया की नंबर-1 टेस्ट टीम को कम स्कोर पर समेटा है। इससे आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का यह मुकाबला दूसरे दिन के लिए रोमांचक बना हुआ है।

  • 4 July 2025 10:46 AM IST

    त्रिनिदाद एंड टोबैगो पीएम मोदी ने राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू का जल प्रधानमंत्री कमला को किया भेंट

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद-बिसेसर द्वारा आयोजित रात्रिभोज के दौरान अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति, सरयू और प्रयागराज के महाकुंभ का पवित्र जल भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत और कैरिबियाई राष्ट्र के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों को उजागर किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री कमला पर्साद-बिसेसर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मैंने राम मंदिर की प्रतिकृति, सरयू नदी का पवित्र जल और महाकुंभ का जल भेंट किया। ये भारत और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक हैं।"

  • 4 July 2025 10:09 AM IST

    शाल्मली खोलगडे का नया म्यूजिक वीडियो 'वे यू मूव' रिलीज, अनकहे जज्बातों को बयान करता है गाना

    प्लेबैक सिंगर शाल्मली खोलगडे ने शुक्रवार को अपना नया हिंदी गाना 'वे यू मूव' रिलीज किया है। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने बताया कि यह गाना प्यार को समर्पित है। गाने में प्यार, पुरानी यादें और आज के दौर के रोमांस को मिलाकर पेश किया गया है। शाल्मली खोलगडे को 'परेशान', 'बलम पिचकारी', और 'लत लग गई' जैसे गानों के लिए जाना जाता है।

Created On :   4 July 2025 7:48 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story