Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 Jun 2025 1:01 AM IST
मुंबई में दहेज उत्पीड़न को लेकर महिला ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
दहेज को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के बाद एक महिला ने अपने पति और उसके माता-पिता समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। महिला की शिकायत के आधार पर मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर पर दहेज निषेध अधिनियम 1961 की धारा 4 के साथ-साथ बीएनएस की धारा 115 (2), 3 (5), 316 (2), 351 (2) और 85 के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- 5 Jun 2025 12:41 AM IST
हमें आरसीबी के इवेंट की जानकारी नहीं थी - आईपीएल चैयरमेन अरुण धूमल
IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने बेंगलुरु भगदड़ मामले पर कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आज बेंगलुरु में जिस बात का जश्न मनाया जाना था, दुर्भाग्य से आज उसी बात का शोक मनाया जा रहा है। हमें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि इस तरह का कोई आयोजन किया जा रहा है। यदि भविष्य में इस तरह के आयोजन की योजना बनाई जाती है, तो उचित व्यवस्था की जानी चाहिए... जो लोग स्टेडियम के अंदर बैठे थे, उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।"
- 5 Jun 2025 12:34 AM IST
लालू यादव परिवार ने बिहार को लूटा - बिहार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "लालू यादव के पूरे परिवार ने बिहार को लूटा है। लालू प्रसाद यादव को बिहार में पंजीकृत अपराधी कहा जाता है। बिहार में नीतीश कुमार की सरकार पिछले 20 सालों से चल रही है। नीतीश कुमार के सुशासन में विकास हुआ है। हम इनकी(RJD) तरह सत्ता में बैठने नहीं आए हैं। नीतीश कुमार की सरकार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।"
- 5 Jun 2025 12:18 AM IST
कैबिनेट बैठक को छोड़कर सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए - डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार
आरसीबी विक्ट्री परेड के दौरान हुई घटना के बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, "कल कैबिनेट बैठक को छोड़कर सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। विश्व पर्यावरण दिवस सहित कोई भी समारोह नहीं होगा।"
- 4 Jun 2025 11:34 PM IST
कर्नाटक सरकार को करने चाहिए थे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम - केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी
बेंगलुरू भगदड़ पर केन्द्रीय मंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। कर्नाटक सरकार को सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए थे। हर किसी को पता था कि कर्नाटक के लोग मैच के परिणाम के बाद उत्साहित थे। पूरी रात लोग जश्न मना रहे थे। आज RCB टीम ने जब बैंगलुरु आने का निर्णय लिया और सरकार ने उन्हें आमंत्रित किया। टीम को आमंत्रित करने से पहले सरकार को लोगों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए थे। जिन लोगों ने अपने परिवार के लोग खो दिए, मैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं। भगवान उन्हें शक्ति दे।"
- 4 Jun 2025 11:24 PM IST
हम किससे बात करें? हिंदू-मुसलमान में भेदभाव करने वाले असीम मुनीर से? - BJP सांसद समिक भट्टाचार्य
भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, "हम जहां भी जा रहे हैं, लोग कह रहे हैं कि बातचीत से सब कुछ हल हो सकता है। हम किससे बात करें? जनरल असीम मुनीर से? असीम मुनीर खुलेआम कहते हैं कि हिंदू और मुसलमान एक साथ नहीं रह सकते... क्या प्रधानमंत्री मोदी को देश के उन जनरलों से बातचीत करनी चाहिए जो आतंकवादियों के ताबूतों को सलामी देते हैं?.."
- 4 Jun 2025 11:03 PM IST
बुजदिल रात के वक्त हमला करते हैं, बेल्जियम में पाकिस्तान पर भड़कीं शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "हमारे बाद एक और प्रतिनिधिमंडल आएगा... प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति ने अपने संसदीय भाषण में कहा था, "कौन रात के अंधेरे में हमला करते हैं, बुजदिल रात के वक्त हमला करते हैं"... "बुजदिल" वे लोग हैं जो निर्वाचित सरकार का तख्तापलट करते हैं और उन्हें जेल भेजने के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री की हत्या कर देते हैं, ताकि सेना सरकार को नियंत्रित कर सके..."
- 4 Jun 2025 10:48 PM IST
बेंगलुरु में हुई घटना बेहद दुखद - पीएम नरेंद्र मोदी
आरसीबी की विक्ट्री परेड में मची भगदड़ पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।'
- 4 Jun 2025 10:46 PM IST
अच्छी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के अभाव में हुआ हादसा - केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, "यह कर्नाटक सरकार की असफलता है। सभी को पता था कि आज IPL के बहुत सारे फैंस वहां जाएंगे लेकिन इसके बाद भी वहां कोई अच्छी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन नहीं था। इसी कारण आज इसका यह परिणाम आया है।"
- 4 Jun 2025 10:38 PM IST
सरकार और प्रशासन की लापरवाही से हुआ हादसा - बेंगलुरु भगदड़ पर बोले राम कदम
भाजपा नेता राम कदम ने बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। इसमें 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। यह समय आरोप-प्रत्यारोप और कटाक्ष का नहीं है लेकिन इस बात को स्वीकार करना होगा कि अगर वहां की सरकार(कांग्रेस) और प्रशासन यदि इस पर ध्यान देता तो इन 11 लोगों की जान न जाती..."
Created On :   4 Jun 2025 8:00 AM IST