Breaking News: आज की बड़ी खबरें 07 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Aug 2025 1:01 AM IST
राहुल गांधी के आवास पर हुई इंडिया गठबंधन की मीटिंग में दिया प्रजेंटेशन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास पर डिनर मीटिंग का आयोजन हुआ। इस दौरान इंडिया गठबंधन के 25 दल के करीब 50 नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कथित 'इलेक्टोरल फ्रॉड' यानी चुनावी धांधली को लेकर एक प्रेजेंशन दिखाया। गौरव गोगोई ने कहा कि वोटिंग में किस प्रकार की धांधली होती है, सबूतों के साथ वीडियो में दिखाया गया है। इसके अलावा कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई।
- 8 Aug 2025 12:42 AM IST
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी के दावों को किया खारिज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश का भी जिक्र किया। इसे लेकर यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जवाब दिया और उनके दावों को खारिज कर दिया।
- 8 Aug 2025 12:28 AM IST
मुश्किल में पाकिस्तानी बल्लेबाज हैदर अली, इंग्लैंड में दर्ज हुआ आपराधिक मामला
पाकिस्तान के बल्लेबाज हैदर अली के खिलाफ ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने आपराधिक जांच शुरू कर दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। हालांकि, अपराध की प्रकृति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। 'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के अनुसार हैदर अली को इस समय हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) ने उनसे पूछताछ की है।
- 8 Aug 2025 12:14 AM IST
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोहन यादव से की मुलाकात, आपदा राहत बचाव पर चर्चा
केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को अपने दिल्ली आवास पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। यह बैठक प्रदेश में हाल की आपदाओं, क्षेत्रीय विकास, और जनहित से जुड़े मुद्दों पर समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित हुई।
- 7 Aug 2025 11:45 PM IST
अजीत डोभाल से मिले रूसी राष्ट्रपति पुतिन
भारत स्थित रूसी दूतावास ने ट्वीट करते हुए लिखा: "रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रेमलिन में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल का स्वागत किया।"
- 7 Aug 2025 10:11 PM IST
यूएस टैरिफ पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक
अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को राज्य की अर्थव्यवस्था पर इसके संभावित प्रभाव की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में सीएम के मुख्य आर्थिक सलाहकार प्रवीण सिंह परदेशी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
- 7 Aug 2025 9:45 PM IST
2050 तक भारत बनेगा 25 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था गौतम अदाणी
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि भारत अब उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि दिशा देने वाली शक्ति है। युवा ऊर्जा, तकनीकी प्रगति और घरेलू मांग भारत को 2050 तक 25 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे। उन्होंने दो टूक कहा, 'भारत वही स्थान अर्जित करेगा, जहां कभी पश्चिमी अर्थव्यवस्थाएं थीं, लेकिन अपनी शर्तों पर।'
- 7 Aug 2025 9:13 PM IST
वोटर लिस्ट विवाद कर्नाटक में 8 अगस्त को कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल करेंगे ईसी कार्यालय तक पैदल मार्च
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मतदाता सूची में कथित हेरफेर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे फ्रीडम पार्क से कर्नाटक चुनाव आयोग के कार्यालय तक पैदल मार्च भी करेंगे।
- 7 Aug 2025 8:41 PM IST
नागपुर से 9 अगस्त को मंडल यात्रा की शुरुआत
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अनिल देशमुख ने कई अहम मुद्दों पर बयान दिया। उन्होंने नागपुर से शुरू होने वाली मंडल यात्रा, अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ और भारत के वैश्विक नेतृत्व की भूमिका पर बात की।
- 7 Aug 2025 8:12 PM IST
पाक सेना प्रमुख आसिम मुनीर इस सप्ताह फिर कर सकते हैं अमेरिका का दौरा रिपोर्ट
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस सप्ताह एक बार फिर अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वह वहां अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ बातचीत करेंगे। 'डॉन' अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह दौरा अमेरिकी सेंट्रल कमांड प्रमुख जनरल माइकल एरिक कुरिल्ला की जुलाई में पाकिस्तान यात्रा के बाद हो रहा है। उस दौरान जनरल कुरिल्ला को पाकिस्तान सरकार द्वारा 'निशान-ए-इम्तियाज़ (सैन्य)' से सम्मानित किया गया था।
Created On :   7 Aug 2025 8:00 AM IST