Breaking News: आज की बड़ी खबरें 09 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 09 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
09 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 9 Aug 2025 3:59 PM IST

    इस जुलाई में चीन का सीपीआई पिछले साल के बराबर रहा

    चीनी राजकीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा 9 अगस्त को जारी आंकड़ों से पता चला कि इस जुलाई में राष्ट्रीय नागरिक उपभोग मूल्य सूचकांक (सीपीआई) साल दर साल बराबर रहा और पिछले महीने से 0.4 प्रतिशत बढ़ा। आंकड़ों के अनुसार इस जुलाई में खाद्य कीमतों का सूचकांक पिछले साल की समान अवधि से 1.6 प्रतिशत गिरा, जबकि गैर-खाद्य की कीमतों के सूचकांक में साल दर साल 0.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ। उपभोग वस्तुओं की कीमतों का सूचकांक साल दर साल 0.4 प्रतिशत गिरा, जबकि सेवा कीमतों का सूचकांक साल दर साल 0.5 प्रतिशत बढ़ा। इस जनवरी से इस जुलाई तक औसत सीपीआई पिछले साल की समान अवधि से 0.1 प्रतिशत कम हुआ।

  • 9 Aug 2025 3:19 PM IST

    चीन के कानसू में बाढ़ राहत कार्य जारी

    चीन के कानसू प्रांत की सरकार ने 8 अगस्त को एक न्यूज ब्रीफिंग का आयोजन किया। बताया जाता है कि कानसू प्रांत के लानचो शहर की यूचोंग काउंटी में भारी बाढ़ आने के बाद अब तक फंसे हुए 443 लोगों को बचाया गया और 9,828 आपदा प्रभावित लोगों को स्थानांतरित और पुनर्वासित किया गया। राहत कार्य अब भी जारी है।

  • 9 Aug 2025 3:07 PM IST

    जीतन राम मांझी बोले- बिहार में एनडीए का सीट बंटवारा लगभग तय ; तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एनडीए के सीट बंटवारे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि एनडीए में सीटों का बंटवारा लगभग तय हो चुका है। जिसे जितनी सीटें मिलेंगी, उसी से संतुष्ट होना होगा। जीतन राम मांझी ने शनिवार को पटना में उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की।

  • 9 Aug 2025 2:55 PM IST

    दिल्ली के जैतपुर में बड़ा हादसा, घर की दीवार ढहने से 7 की मौत

    देश की राजधानी दिल्ली में रक्षाबंधन के दिन यानि शनिवार (9 अगस्त) को बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां जैतपुर में एक घर की दीवार गिरने से 7 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। मृतकों में 2 बच्चियां, 2 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इतना बड़ा हादसा भारी बारिश के चलते हुआ है। 

  • 9 Aug 2025 2:44 PM IST

    रक्षाबंधन पर रोहिणी आचार्य ने भाई तेजस्वी से हमेशा साथ रहने का किया वादा

    देशभर में रक्षाबंधन का उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं राजद विधायक तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। रोहिणी आचार्य ने अपने भाई तेजस्वी यादव को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए हमेशा साथ रहने की बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हर अच्छे-बुरे वक्त में हम एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। इस राखी पर, मैं वादा करती हूं कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगी। रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भाई।"

  • 9 Aug 2025 2:19 PM IST

    'ऑपरेशन सिंदूर' पर IAF चीफ का बड़ा खुलासा

    ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शनिवार (9 अगस्त) को पाकिस्तान के नाकाम हमलों के बारे में बताया। साथ ही, एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि कैसे S-400 ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के 5 फाइटर जेट्स को नष्ट कर दिया। मार्शल सिंह ने कहा कि उद्देश्य किसी एक खास हवाई क्षेत्र पर हमला करके उसे बर्बाद करना नहीं था बल्कि पाक को संदेश देना था। पड़ोसी मुल्क को बताया था कि भारत के लिए अंदर तक हमला करना मुश्किल नहीं। 

  • 9 Aug 2025 2:09 PM IST

    ट्रंप टैरिफ के बीच बोले अमिताभ कांत, पर्यटन से आ सकती है देश की सबसे अधिक निर्यात आय

    अमेरिका की ओर से भारतीय निर्यात पर टैरिफ लागने के बाद, पूर्व जी20 शेरपा अमिताभ कांत का कहना है कि देश के पर्यटन में अपार संभावनाएं हैं और यहां से भारत की सबसे अधिक निर्यात आय आ सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांत ने कहा, "भारत की सबसे अधिक निर्यात आय पर्यटन से आ सकती है, जो कि पूरी तरह से ट्रंप के टैरिफ से फ्री है।"

  • 9 Aug 2025 1:52 PM IST

    एशेज के लिए फिट होने की कोशिश कर रहे इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स

    इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने एशेज खेलने की इच्छा जताई है। वह एशेज टेस्ट सीरीज तक फिट होने के लिए कंधे की चोट की सर्जरी के बजाय रिहैब करना चाहते हैं। 36 साल के क्रिस वोक्स को भारत के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के 'द ओवल' में खेले गए पांचवें टेस्ट के पहले दिन बाएं कंधे में इंजरी की समस्या हुई थी। इस वजह से उन्हें टेस्ट के बचे हुए चार दिन फील्ड से बाहर रहना पड़ा था।

  • 9 Aug 2025 1:21 PM IST

    रक्षाबंधन के अवसर पर स्कूली छात्राओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बांधी राखी

    देश भर में शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित इस त्योहार पर दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर एक भावनात्मक आयोजन हुआ, जहां विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधी।

  • 9 Aug 2025 1:10 PM IST

    बारामती में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट बाल-बाल बचा

    पुणे जिले के बारामती उपखंड के कटफल गांव के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट शनिवार की सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान 'रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी' का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय विमान ट्रेनिंग फ्लाइट पर था। विमान के पायलट शक्ति सिंह को मामूली चोट आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वह सुरक्षित हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद कर्मचारी तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

Created On :   9 Aug 2025 8:06 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story