Breaking News: आज की बड़ी खबरें 09 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 09 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
09 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 9 Jun 2025 5:40 PM IST

    ले. जनरल राजीव घाई डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (स्ट्रैटेजी) नियुक्ति किए गए

    लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को भारतीय सेना के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (स्ट्रैटेजी) पद पर प्रमोट किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले जनरल घई को हाल ही में उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित भी किया गया है। अब वह DGMO की जिम्मेदारी के साथ नई रणनीतिक भूमिका निभाएंगे।

  • 9 Jun 2025 5:20 PM IST

    भारतीय रुपया सपाट बंद हुआ

    भारतीय रुपया में सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला और यह 85.63 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया अमरिकी डॉलर के मुकाबले 85.66 पर खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 85.85 प्रति डॉलर से कम पर खुला था और शाम को 85.63 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

  • 9 Jun 2025 5:12 PM IST

    पटना में दिनदहाड़े गोलीबारी, मां-बेटी की मौत

    बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक परिवार पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में मां और बेटी की मौत हो गई और उनके पिता घायल हो गए। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के न्यू जाफराबाद कॉलोनी की है, जहां अपराधियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

  • 9 Jun 2025 4:51 PM IST

    10 वर्षीय अतीका मीर रोटैक्स यूरो ट्रॉफी में शीर्ष-10 में स्थान पाने वाली पहली भारतीय बनीं

    10 वर्षीय भारतीय रेसिंग सनसनी अतीका मीर ने रोटैक्स यूरो ट्रॉफी में शीर्ष-10 में जगह बनाई है। इस उपलब्धि को हासिल करने वाली वह पहली भारतीय बन गई हैं। रोटैक्स यूरो ट्रॉफी एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कार्टिंग सीरीज है। स्टील रिंग सर्किट में आयोजित रोटैक्स यूरो ट्रॉफी राउंड 2 में अतीका मीर ने नौंवा स्थान हासिल किया है।

  • 9 Jun 2025 4:45 PM IST

    इंग्लैंड में भारतीय तेज गेंदबाजों को अपनी लय पर भरोसा रखना होगा- भरत अरुण

    इंग्लैंड में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भारतीय गेंदबाजी एक अहम कड़ी साबित होगी। भारतीय गेंदबाजों को लेकर पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण का सुझाव है कि इंग्लैंड में भारत की तेज गेंदबाजी इकाई को अपनी लय बनाए रखनी चाहिए और पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में परिस्थितियों के अनुरूप गेंदबाजी करनी चाहिए। ड्यूक गेंद का उपयोग करते हुए, गेंदबाजों को स्विंग का लाभ उठाने के लिए वहां की परिस्थितियों पर ध्यान देना होगा।

  • 9 Jun 2025 4:38 PM IST

    राजा रघुवंशी हत्याकांड अपडेट

    रघुवंशी दंपत्ति मामले पर SIT प्रमुख और SP (सिटी), ईस्ट खासी हिल्स, हर्बर्ट पिनियाड खारकोंगोर ने कहा कि 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें संबंधित अदालतों में पेश किया जाएगा। हम उन्हें शिलांग लाने के लिए उनकी ट्रांजिट रिमांड लेंगे। हमारी टीम गाजीपुर पहुंचने वाली है और सोनम को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उसकी ट्रांजिट रिमांड लेगी।

  • 9 Jun 2025 4:31 PM IST

    राजा रघुवंशी की भाभी का बड़ा बयान

    राजा की भाभी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर उसका (सोनम) हाथ है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, हमारे घर का बच्चा गया है। अब उसे भी सजा मिले। जब वह (सोनम) यहां थी तो मैंने उससे बहुत बात नहीं की थी। वह यहां चार दिन ही रहकर गई थी, इस वजह से व्यवहार को लेकर ज्यादा अंदाज नहीं लगा सकते हैं। अगर वह ज्यादा रुकती तब पता चलता। वह अपने घर से ही हनीमून पर गई थी और राजा अपने घर से गया था।

  • 9 Jun 2025 4:15 PM IST

    ‘मोरनी बनके’ की शूटिंग के दौरान चोटिल थीं सान्या मल्होत्रा

    अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा ने साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘बधाई हो’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म के गाने ‘मोरनी बनके’ की शूटिंग के दौरान वह चोटिल थीं। सान्या मल्होत्रा ने बताया कि इस गाने की शूटिंग के समय वह चोटिल थीं, उन्हें टांके लगे थे, और उनकी चोट ताजा थी। यह बात सान्या ने मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक फराह खान के साथ उनके यूट्यूब व्लॉग में बातचीत के दौरान साझा की।

  • 9 Jun 2025 3:54 PM IST

    झारखंड गिरिडीह में अनियंत्रित ट्रैक्टर से कुचलकर दादी-पोते की मौत, विरोध में सड़क जाम

    झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत तिसरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक महिला कौशल्या देवी और उनके दो साल के पोते रियांश की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने गांव-तिसरी मुख्य सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम किए रखा।

  • 9 Jun 2025 3:46 PM IST

    अनिल विज का दावा, 'राहुल गांधी जानते हैं बिहार विधानसभा चुनाव हारेंगे'

    हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी के उस बयान पर जोरदार पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव में 'मैच फिक्सिंग' का दावा किया था। विज ने कहा कि राहुल गांधी जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी बिहार का विधानसभा चुनाव हार रही है, इसलिए हार से पहले ही कहानियां बुनने लगे हैं। सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा, "राहुल गांधी का राजनीतिक रोना सिर्फ दिखावा है। रोने के कई तरीके हैं। जब भी वे हारते हैं, तो वे ईवीएम या चुनाव आयोग को दोष देते हैं। लेकिन जब वे हिमाचल प्रदेश में जीतते हैं, तो कोई शिकायत नहीं होती। जब वे कर्नाटक में जीतते हैं, तो वे नाचते-गाते हैं, कोई शिकायत नहीं होती। लेकिन जब हारते हैं तो चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल खड़े करते हैं। राहुल गांधी अपनी हार स्वीकार करने के बजाय, कांग्रेस पार्टी दूसरों पर आरोप लगाती रहती है। अब जब बिहार चुनाव में उनकी करारी हार सामने है, तो वे क्या कहेंगे।

Created On :   9 Jun 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story