Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 Aug 2025 10:43 AM IST
दिल्ली में रातभर हुई बारिश, कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली में सोमवार (11 अगस्त) की रात से बारिश का सिलसिला जारी है। रातभर हुई बारिश के चलते राज्य के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरा हुआ है। लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना रहेगी।
- 12 Aug 2025 10:30 AM IST
भारत के समुद्री खाद्य निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राज्य-विशिष्ट प्रजातियों की पहचान जरूरी- राजीव रंजन सिंह
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा है कि भारत के समुद्री खाद्य निर्यात को बढ़ावा देने के लिए वैल्यू एडिशन और राज्य-विशिष्ट प्रजातियों की पहचान जरूरी है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने भारतीय समुद्री खाद्य की निर्यात क्षमता को बढ़ाने के लिए वैल्यू एडिशन के महत्व पर जोर दिया।
- 12 Aug 2025 10:24 AM IST
जोधपुर बॉर्डर पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 7 करोड़ की हेरोइन बरामद
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशे की तस्करी की एक और कोशिश को बीएसएफ ने नाकाम कर दिया है। सोमवार को देर रात जोधपुर के खजुआना इलाके में बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन के जरिए भेजी गई 1.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 7 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है।
- 12 Aug 2025 10:16 AM IST
मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच सपाट खुला भारतीय शेयर बाजार
अमेरिका की ओर से चीन को रातोंरात 90 दिन की टैरिफ छूट मिलने के बाद मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार सपाट खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 0.10 प्रतिशत या 80 अंक बढ़कर 80,684 पर पहुंच गया और निफ्टी 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,612 स्तर पर पहुंच गया। व्यापक बाजार सूचकांकों में भी खरीदारी देखी गई, जिसमें बीएसई स्मॉलकैप में 0.39 प्रतिशत और बीएसई मिडकैप में 0.06 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
- 12 Aug 2025 10:04 AM IST
ओडिशा में महिलाओं से जुड़ी हर त्रासदी सरकार की नाकामी को दर्शाती है- नवीन पटनायक
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष एवं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को बरगढ़ के गैसिलेट में नाबालिग लड़की के आत्मदाह मामले पर दुख जताया। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं पर चिंता जताई।
- 12 Aug 2025 9:54 AM IST
ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में दो बड़े रिकॉर्ड बनाने के करीब
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहला मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है। दूसरा मैच मंगलवार को खेला जाना है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के पास सीरीज के बचे दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया के लिए दो बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
- 12 Aug 2025 9:49 AM IST
महिला माह दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने किया नीतियों में लैंगिक समानता का आग्रह
दक्षिण अफ्रीका में इस समय महिला माह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देश के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा है कि देश की हर नीति और फैसले में लैंगिक समानता को शामिल किया जाना चाहिए।
- 12 Aug 2025 9:42 AM IST
बरगढ़ आत्मदाह मामला आईजी हिमांशु लाल के नेतृत्व में जांच टीम का गठन
ओडिशा में बालासोर आत्मदाह का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि बरगढ़ में भी एक झकझोर देने वाली घटना हुई है। यहां सोमवार को एक 13 वर्षीय लड़की का अधजला शव मिला है। अब इस मामले की जांच शुरू हो गई है। संबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमंत बारिक ने आईएएनएस को बताया कि सोमवार को सुबह करीब छह बजे गैसिलेट, बरगढ़ की 13 वर्षीय लड़की का शव जली हुई हालत में मिला।
- 12 Aug 2025 9:37 AM IST
यूपी के फतेहपुर में मकबरा-मंदिर विवाद मायावती ने की शांति की अपील
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मकबरा और मंदिर को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ चुका है। इस मामले में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकार से कड़ा रुख अपनाने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
- 12 Aug 2025 9:29 AM IST
यूएन परमाणु निगरानी अधिकारी ने किया तेहरान का दौरा, ईरानी अधिकारियों से बातचीत की
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) परमाणु निगरानी संस्था के एक वरिष्ठ अधिकारी ने तेहरान में वार्ता की। यह ईरान द्वारा एजेंसी के साथ सहयोग निलंबित करने के बाद पहली उच्चस्तरीय बैठक थी। सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के उप महानिदेशक मास्सिमो अपारो ने सोमवार को ईरान के विदेश मंत्रालय और परमाणु अथॉरिटी के अधिकारियों से मुलाकात की।
Created On :   12 Aug 2025 8:00 AM IST