Breaking News: आज की बड़ी खबरें 16 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 17 May 2025 12:46 AM IST
उत्तर प्रदेश पुलिस में पहली बार महिला SOG टीम का गठन किया गया है
उत्तर प्रदेश पुलिस में पहली बार महिला SOG टीम का गठन किया गया है। बरेली दक्षिण की एसपी अंशिका वर्मा ने बताया, "बरेली पुलिस द्वारा महिला SOG टीम का गठन किया गया है। जिसमें अभी 5 महिला कांस्टेबल तैनात हैं। इनको सेल्फ डिफेंस और मिक्स मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी गई है। इनको क्राइम एनालिसिस और टेक्निकल सर्विलांस में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यूपी पुलिस में पहली बार महिला SOG टीम का गठन किया गया है।"
- 17 May 2025 12:12 AM IST
भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के साथ अन्य भाजपा नेताओं ने ‘तिरंगा रैली’ निकाली
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ऑपरेशन सिन्दूर के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के साथ अन्य भाजपा नेताओं ने ‘तिरंगा रैली’ निकाली।
- 16 May 2025 11:37 PM IST
नीरज ने पहली बार पार किया 90 मीटर का आंकड़ा
दोहा डायमंड लीग 2025 में भारतीय स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया है। टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर का थ्रो किया। बता दें, नीरज ने अपने करियर में पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने ये उपलब्धि अपनी तीसरे थ्रो में हासिल की।
- 16 May 2025 10:47 PM IST
बिहार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भारतीय जवान मनीष कुमार को दी श्रद्धांजलि
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पाकिस्तान की गोलाबारी में वीरगति को प्राप्त हुए भारतीय सेना के जवान मनीष कुमार को श्रद्धांजलि दी।
- 16 May 2025 10:27 PM IST
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ‘तिरंगा रैली’ निकाली
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में ‘तिरंगा रैली’ निकाली। राजधानी भुवनेश्वर बीजेपी ने ‘तिरंगा रैली’ निकाली। जिसमें काफी बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी लोगों ने भारतीय सेना के समर्थन में जमकर नारे लगाए। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भी भारतीय सेना के लिए काफी उत्साह दिखा।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा, "सिंदूर मिटाने के बाद आतंकियों ने महिलाओं से कहा कि वे जाकर मोदी को बताएं। एक सगे पिता या भाई की तरह प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह पाकिस्तान को जवाब दिया है, उससे पाकिस्तान को पता चल गया होगा कि सिंदूर की कीमत क्या होती है।"
- 16 May 2025 9:42 PM IST
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की तीनों सेनाओं ने दुश्मन के दांत खट्टे किए - सीएम डॉ. मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "तिरंगा यात्रा में जनता का आत्मविश्वास, सभी वर्गों का समावेश और उत्साह देखते बन रहा था... प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की तीनों सेनाओं ने दुश्मन के दांत खट्टे किए। आतंकवाद के खिलाफ एक सशक्त रणनीति के अंतर्गत नई नीति का उद्घोष किया गया। इसे पाकिस्तान जीवन भर नहीं भूलेगा।"
- 16 May 2025 9:19 PM IST
आतंकवादियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई - लोकसभा स्पीकर ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, "पूरा देश भारतीय सेना को नमन कर रहा है। भारतीय सेना ने वीरता के साथ, कुशल रणनीति के साथ आतंकवाद के ठिकानों को नष्ट किया है...आने वाले समय में देश और विश्व में आतंकवाद खत्म हो, इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी नीति बनाई है...पूरे विश्व को आतंकवाद के खिलाफ सामूहिकता के साथ मिलकर प्रयास करना चाहिए और जो आतंकवादियों को संरक्षण देते हैं, ऐसे देशों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए..."
- 16 May 2025 8:22 PM IST
भारतीय सेना ने (पाकिस्तान को) जवाब दिया- बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, "भारतीय सेना ने (पाकिस्तान को)जवाब दिया है और सिंदूर का मान बचाया और सेना ने भारतीय नारी के सम्मान की रक्षा की है। हम उनको सलाम करते हैं।"
- 16 May 2025 8:10 PM IST
इंग्लैंड दौरे के लिए इंडिया-ए टीम
भारत और इंग्लैंड के बीच आगामी 20 जून से खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाने वाली है। आज यानी शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इंडिया-ए टीम का ऐलान कर दिया है। बता दें, इंग्लैंड लायंस के साथ दो मैच के अलावा इंडिया-ए भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एक मैच में भी मैदान में उतरने वाली है। बीसीसीआई ने इस टीम की कमान अभिमन्यु ईश्वरण को सौंपा है।
इंग्लैंड दौरे के लिए इंडिया-ए टीम
अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, करुण नायर, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान) (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, ईशान किशन (विकेटकीपर), मानव सुथार, तनुष कोटियन, मुकेश कुमार, आकाश दीप, हर्षित राणा, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, सरफराज खान, तुषार देशपांडे, हर्ष दुबे।
- 16 May 2025 8:02 PM IST
ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्रीय गृह मंत्री का नया ट्वीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, खुफिया एजेंसियों की सटीक सूचनाओं और हमारी तीनों सेनाओं की अचूक प्रहार क्षमता का अनूठा प्रतीक है। देशवासियों को अपनी तीनों सेनाओं, सीमा सुरक्षा बल और सुरक्षा एजेंसियों पर गर्व है।"
Created On : 16 May 2025 8:00 AM IST