Breaking News: आज की बड़ी खबरें 17 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 17 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
17 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटी खास बातें। जानिए ब्रांड की बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 17 Aug 2025 4:50 PM IST

    लालू यादव के राज में राहुल गांधी बिहार आते तो अपहरण हो जाता संजय जायसवाल

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वे पर्यटन करने आए हैं, आराम से करें।

  • 17 Aug 2025 4:43 PM IST

    बंगाल और देश के अन्य राज्यों में एसआईआर पर जल्द लेंगे निर्णय ज्ञानेश कुमार

    भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल और देश के अन्य राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की घोषणा पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्त मिलकर सही समय पर इस संबंध में निर्णय लेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "जहां तक पश्चिम बंगाल के एसआईआर की तारीख का सवाल है, तो हम तीनों कमिश्नर सही समय देखकर निर्णय लेंगे। चाहे वह पश्चिम बंगाल में हो या देश के अन्य राज्यों में हो, जल्द ही इस संबंध में तारीखों की घोषणा आने वाले समय में की जाएगी।"

  • 17 Aug 2025 4:33 PM IST

    वोट चोरी जैसे शब्दों का इस्तेमाल ठीक नहीं ज्ञानेश कुमार

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विपक्ष के मतदाता सूची में त्रुटियों और दोहरे मतदान के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर मतदाता द्वारा उम्मीदवार चुनने के 45 दिनों के भीतर उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर नहीं की जाती, तो 'वोट चोरी' जैसे भ्रामक शब्दों का उपयोग कर जनता को गुमराह करने की कोशिश संविधान का अपमान है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "कानून के अनुसार, अगर समय रहते मतदाता सूचियों की त्रुटियों को समय पर ठीक नहीं किया जाता और मतदाता द्वारा उम्मीदवार चुनने के 45 दिनों के भीतर उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर नहीं की जाती, तो 'वोट चोरी' जैसे गलत शब्दों का इस्तेमाल करना भारत के संविधान का अपमान नहीं, तो और क्या है?"

  • 17 Aug 2025 4:25 PM IST

    कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, दीपेंद्र हुड्डा बोले- हरियाणा बन गया फिरौती प्रदेश

    हरियाणा में लगातार बढ़ते अपराध और हालिया घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर जुबानी हमला किया। रविवार को करनाल पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हालिया बयान पर आए कमेंट्स में खुद भाजपा कार्यकर्ता स्वीकार कर रहे हैं।

  • 17 Aug 2025 4:11 PM IST

    पाकिस्तान के खैबर पख्‍तूनख्‍वा में बाढ़ से 314 लोगों की मौत, 156 घायल, बचाव अभियान जारी

    पाकिस्तान की खैबर पख्‍तूनख्‍वा सरकार ने भयानक बाढ़ से मची तबाही के बाद शनिवार को आपातकाल की घोषणा कर दी। बाढ़ की वजह से अब तक 314 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 156 लोग घायल हैं। सैकड़ों परिवार विस्थापित हो चुके हैं। बुनेर, स्वात, शांगला और मनसेहरा में बड़ा नुकसान हुआ है। यहां तक कि दर्जनों शवों के मलबे में फंसे होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, अकेले बुनेर जिले में 209 मौतें और 120 लोग घायल हुए हैं, जबकि शांगला में 36 मौतें और 21 घायल हुए हैं। मानसेहरा में कुल 24 मौतें और पांच घायल हुए हैं, जबकि बाजौर में भी 21 मौतें और पांच घायल हुए हैं।


  • 17 Aug 2025 4:00 PM IST

    सिम्पसन को हमेशा सच्चे महान खिलाड़ियों में याद किया जाएगा, जय शाह ने दी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को श्रद्धांजलि

    पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बॉब सिम्पसन के निधन पर आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सिम्पसन का क्रिकेट में योगदान बहुत बड़ा है और उन्हें सच्चे महान खिलाड़ियों में हमेशा याद किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, बॉब सिम्पसन का सिडनी में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। जय शाह ने कहा, “बॉब सिम्पसन हमारे खेल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक थे। उनके जाने की खबर बहुत दुखद है। खिलाड़ी, कप्तान और बाद में कोच के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को नई दिशा दी और पूरी दुनिया के खेल को प्रेरित किया।"

  • 17 Aug 2025 3:42 PM IST

    'हमारे लिए न कोई पक्ष, न विपक्ष, सब समकक्ष हैं', 'वोट चोरी' के आरोप पर चुनाव आयोग का बयान

    विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार करता है, क्योंकि हर दल का जन्म आयोग में पंजीकरण से होता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आयोग के लिए कोई पक्ष या विपक्ष नहीं है, सभी दल समकक्ष हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "कानून के अनुरूप हर राजनीतिक दल का जन्म चुनाव आयोग में पंजीकरण से होता है, तो चुनाव आयोग उन राजनीतिक दलों के बीच भेदभाव कैसे कर सकता है? चुनाव आयोग के लिए, कोई पक्ष या विपक्ष नहीं है, सभी समकक्ष हैं। चाहे किसी भी राजनीतिक दल का कोई भी हो, चुनाव आयोग अपने संवैधानिक कर्तव्य से पीछे नहीं हटेगा।"

  • 17 Aug 2025 3:38 PM IST

    संजय राउत मानसिक रूप से परेशान भाजपा नेता राम कदम

    महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं विधायक राम कदम ने रविवार को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत पर निशाना साधते हुए उन्हें मानसिक रूप से परेशान बताया। संजय राउत ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से गठबंधन की बात कही है। भाजपा विधायक राम कदम ने आईएएनएस से कहा, "उद्धव ठाकरे और उनके नेता मानसिक रूप से परेशान हैं। एक तरफ उनके नेता संजय राउत कह रहे हैं कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ उनका गठबंधन होगा, वहीं दूसरी तरफ किशोर तिवारी ऐसा करने से मना कर रहे हैं और उद्धव ठाकरे को खत लिख रहे हैं। ऐसे में वह पूरी तरह से बिखरा हुआ दल है। 90 प्रतिशत लोग उन्हें छोड़कर बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा वाली शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के साथ चले गए हैं। ऐसे में उनके पास कोई नहीं बचा। बीच में जो लोग बचे हैं, वे भी जल्द उन्हें छोड़कर चले जाएंगे। दो अलग-अलग विचारधारा के बीच वे कंफ्यूज हैं।

  • 17 Aug 2025 3:30 PM IST

    'वोटर अधिकार यात्रा' को दिलीप जायसवाल ने बताया नौटंकी, शाहनवाज हुसैन ने कहा- पूरी तरह फ्लॉप होगी

    लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार में 'वोट अधिकार यात्रा' निकाल रहे हैं, जिस पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रविवार को विपक्ष की इस यात्रा को नौटंकी करार दिया। बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष द्वारा निकाली जा रही 'वोट अधिकार यात्रा' पर निशाना साधा और इसे नौटंकी बताया। उन्होंने कहा, "यह यात्रा सिर्फ एक नौटंकी है। बिहार की जनता सब जानती है। किसी भी मतदाता को कोई दिक्कत नहीं होने वाली है। एक सितंबर तक चुनाव आयोग का पोर्टल खुला हुआ है। बिहार के एक-एक वोटर को उसका अधिकार देने के लिए चुनाव आयोग तैयार है। ऐसे में विपक्ष यह नाटक क्यों कर रहा है?"

  • 17 Aug 2025 3:18 PM IST

    इजरायली नौसेना ने यमन की राजधानी पर किया बड़ा हमला, आईडीएफ बोला- सिखाया सबक

    इजरायली नौसेना ने रविवार सुबह राजधानी सना के दक्षिण में स्थित बिजली संयंत्र पर घातक हमला किया। इजरायली नौसेना के हमले के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और जनरेटर सेवा बाधित हो गई। हमले की पुष्टि इजरायली नौसेना के एक अधिकारी ने की है। आईडीएफ के मुताबिक हूती विद्रोहियों को सबक सिखाने के लिए हमला किया गया।

Created On :   17 Aug 2025 7:49 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story