Breaking News: आज की बड़ी खबरें 17 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 18 Oct 2025 1:00 AM IST
राजस्थान राजस्थान क्रिकेट संघ में गुटबाजी खुलकर सामने आई
राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के भीतर चल रहा आंतरिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को तदर्थ समिति की कार्यवाही के दौरान समिति के सदस्यों और संयोजक डीडी कुमावत के बीच तीखे मतभेद उभर आए। अब यह विवाद लोकपाल तक पहुंच गया है। मतभेद की खबरों पर डीडी कुमावत ने कहा, "अगर मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप साबित हो जाते हैं, तो मैं इस्तीफा दे दूंगा और खुद ही पद छोड़ दूंगा।" तदर्थ समिति के सदस्यों ने कुमावत पर एकतरफा फैसले लेने का आरोप लगाया।
- 18 Oct 2025 12:29 AM IST
किरण नवगिरे ने रचा इतिहास, महिला टी20 का सबसे तेज शतक लगाया
भारतीय टीम और महाराष्ट्र की सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे ने इतिहास रच दिया है। नवगिरे ने महिला टी20 में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को महिला टी20 ट्रॉफी में नवगिरे ने 34 गेंद पर शतक लगाया।
- 17 Oct 2025 11:58 PM IST
बेल्जियम की अदालत ने मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण का रास्ता साफ किया
एंटवर्प की एक अदालत ने भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है, जिसको भारत के लिए एक महत्वपूर्ण जीत के रूप में देखा जा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,000 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की साजिश रचने के आरोपी 66 वर्षीय चोकसी के पास अब बेल्जियम की सर्वोच्च न्यायालय में इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 15 दिन का समय है, जिससे तत्काल स्थानांतरण में देरी हो रही है।
- 17 Oct 2025 11:26 PM IST
आतंकवाद का निर्णायक जवाब देने के लिए भारत आगे बढ़ गया है पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2025' में घोषणा की कि भारत आतंकवाद का निर्णायक जवाब देने के लिए चुप्पी से आगे बढ़ गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ कार्रवाई के एक स्पष्ट उदाहरण के रूप में रेखांकित किया, जिस पर वहां उपस्थित दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं, जिसमें श्रीलंका के प्रधानमंत्री हरिणी अमरसूर्या, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट जैसी वैश्विक हस्तियां शामिल थीं।
- 17 Oct 2025 11:01 PM IST
आदि कर्मयोगी अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आदि कर्मयोगी अभियान पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश को सम्मानित किया। प्रदेश के प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य गुलशन बामरा ने मध्य प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार ग्रहण किया।
- 17 Oct 2025 10:35 PM IST
अयोध्या दीपोत्सव 2025 योगी सरकार की प्रेरणा से सरयू तट पर गूंजेगी मां सरयू की महाआरती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बार का दीपोत्सव 2025 अयोध्या को नई ऐतिहासिक ऊंचाइयों पर ले जाने जा रहा है। प्रभु श्रीराम की नगरी न केवल लाखों दीपों से जगमगाएगी, बल्कि इस बार सरयू तट पर मां सरयू की भव्य आरती भी इतिहास रचने जा रही है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त पहल से यह आयोजन 'भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता' का अद्भुत संगम बनेगा।
- 17 Oct 2025 10:04 PM IST
जैसलमेर निजी बसों में माल ढुलाई से जान को जोखिम, सीएम से भ्रष्ट अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जैसलमेर में हुए भीषण बस अग्निकांड में 20 से अधिक यात्रियों की दर्दनाक मौत होने के बाद भी निजी बस संचालक नियमों का उल्लंघन और जानलेवा तरीके से माल ढुलाई का काम कर रहे हैं। भीलवाड़ा गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
- 17 Oct 2025 9:33 PM IST
झारखंड के लातेहार में पहली टाइगर सफारी की शुरुआत, सीएम सोरेन ने अफसरों के साथ की बैठक
झारखंड में जल्द ही राज्य की पहली टाइगर सफारी शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अपने कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में लातेहार जिले के पुटूवागढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित टाइगर सफारी प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन देखा और अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए।
- 17 Oct 2025 9:03 PM IST
बिहार में महागठबंधन कभी एनडीए को हरा नहीं पाएगा, फडणवीस ने बताई इसकी वजह
बिहार में चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों और स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर रहे हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बेगूसराय में भाजपा विधायक कुंदन कुमार के नॉमिनेशन में पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग तीन किलोमीटर तक रोड शो किया।
- 17 Oct 2025 8:39 PM IST
हरियाणा पुलिस के एएसआई ने की आत्महत्या, पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव जैनाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हरियाणा पुलिस में तैनात एक एएसआई ने घरेलू कलह से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले एएसआई ने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने आत्महत्या करने के पीछे की वजह बताई है।
Created On :   17 Oct 2025 8:00 AM IST