Breaking News: आज की बड़ी खबरें 18 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 18 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
18 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 18 Aug 2025 9:01 PM IST

    चुनाव आयोग नैतिकता खोकर भाजपा के इशारे पर कर रहा काम - अलका लांबा

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाली गई है। इस दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि चुनाव आयोग नैतिकता खोकर भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।

  • 18 Aug 2025 8:50 PM IST

    राज्यसभा में 'इंडियन पोर्ट बिल 2025' पारित, बंदरगाहों के विकास से जुड़ा है विधेयक

    राज्यसभा में 'इंडियन पोर्ट बिल- 2025' सोमवार को पारित हो गया। बंदरगाहों के विकास से जुड़ा यह विधेयक लोकसभा में पहले ही पारित हो चुका है। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने राज्यसभा में इंडियन पोर्ट बिल रखा। बिल का उद्देश्य बंदरगाहों से संबंधित कानूनों का एकीकरण करना, एकीकृत बंदरगाह विकास को प्रोत्साहन देना, व्यापार सुगमता को बढ़ावा देना तथा भारत की समुद्री तटरेखा का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करना है।

  • 18 Aug 2025 7:58 PM IST

    उपराष्ट्रपति चुनाव एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन 20 अगस्त को करेंगे नामांकन, पीएम मोदी होंगे शामिल

    केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर सोमवार को उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया। बैठक में तय किया गया कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन 20 अगस्त को होगा।

  • 18 Aug 2025 7:43 PM IST

    एशियन शूटिंग चैंपियनशिप कपिल बैंसला ने लहराया तिरंगा, भारत को दिलाया गोल्ड

    कजाकिस्तान के श्यामकेंट में जारी 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में कपिल बैंसला ने भारत का परचम लहराया है। हरियाणा के इस शूटर ने सोमवार को भारत के लिए पहला गोल्ड जीता। कपिल बैंसला ने 10 मीटर एयर पिस्टल मेंस जूनियर फाइनल में 243.0 का स्कोर बनाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, 0.6 अंक से पिछड़ने के बाद उज्बेकिस्तान के इल्खोमबेक ओबिदजोनोव दूसरे पायदान पर रहे। कर्नाटक के जोनाथन गेविन एंथनी ने 220.7 प्वाइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

  • 18 Aug 2025 7:28 PM IST

    राष्ट्रपति भवन में 'आदि कर्मयोगी अभियान' के तहत जनजातीय प्रतिनिधियों ने द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

    देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय समुदाय के प्रतिष्ठित और विविध पृष्ठभूमियों से जुड़े लोगों के एक समूह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। ये सभी लोग जनजातीय कार्य मंत्रालय की 'आदि कर्मयोगी अभियान' योजना के अंतर्गत राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे।

  • 18 Aug 2025 7:21 PM IST

    बांग्लादेश अवामी लीग के दो नेता और पूर्व चुनाव आयोग सचिव की बढ़ी मुश्किलें, दिखाया गिरफ्तार

    बांग्लादेश की एक अदालत ने सोमवार को पूर्व कानून मंत्री अनीसुल हक को पिछले साल जुलाई में हुए प्रदर्शनों से जुड़े दो मामलों में गिरफ्तार दिखाने का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा, पूर्व चुनाव आयोग (ईसी) सचिव हेलाल उद्दीन अहमद को भी ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अलग मामले में हिरासत में लिया गया है, जिसमें उन पर चुनाव में हेराफेरी का आरोप है।

  • 18 Aug 2025 6:00 PM IST

    'विपक्ष का एक ही राग अब्बा-डब्बा-जब्बा', वोट चोरी के आरोप पर भाजपा का पलटवार

    भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कई राजनीतिक दलों के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, लेकिन उनकी विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उनका रवैया संदिग्ध है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, "आज मैं देख रहा था कि अनेक राजनीतिक पार्टियों के लोग बैठकर प्रेस वार्ता कर रहे थे। मैं पूछना चाहता हूं कि आपकी खंडपीठ बड़ी है, या सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ बड़ी है। जब सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर पर रोक नहीं लगाई है, तो आप कौन सी खंडपीठ हैं जो घोषणा कर रहे हैं कि चोरी हो रही है? ये दिखाता है कि संवैधानिक संस्थाओं के साथ आप खिलवाड़ करते हैं।"

  • 18 Aug 2025 5:55 PM IST

    पश्चिम बंगाल अधिकारी को गाली देने वाले टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल ने किया आत्मसमर्पण , 1000 रुपये के बांड पर मिली जमानत

    तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल ने सोमवार को बोलपुर महकमा अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सुबह उनके वकीलों ने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दायर की थी, जिसे दोपहर में अदालत ने मंजूर कर लिया। वहीं, एससीजेएम ने अनुब्रत को 1000 रुपये के निजी बांड पर जमानत दे दी। उनके वकील नूपुर दत्ता बंद्योपाध्याय ने कहा, "अनुब्रत मंडल ने बिना शर्त आत्मसमर्पण किया और अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।"

  • 18 Aug 2025 5:40 PM IST

    उत्तर प्रदेश में अगले साल अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन सतीश महाना

    उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि अगले वर्ष जनवरी में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन का आयोजन लखनऊ में होगा। यह सम्मेलन 20 और 21 जनवरी को प्रस्तावित है। इसमें देशभर के विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति हिस्सा लेंगे। विधानसभा के मानसून सत्र के बाद सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में महाना ने बताया कि पिछले वर्ष यह सम्मेलन पटना में हुआ था, उससे पहले महाराष्ट्र में आयोजित हुआ था और अब इसकी मेजबानी लखनऊ करेगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस सम्मेलन में शामिल होने की सहमति दे चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी ने भी अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

  • 18 Aug 2025 5:22 PM IST

    झारखंड डीजीपी की नियुक्ति को चुनौती देने वाली बाबूलाल मरांडी की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज

    सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर अनुराग गुप्ता की नियुक्ति को चुनौती देने वाली दायर अवमानना याचिकाएं सोमवार को खारिज कर दी। ये याचिकाएं झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं अन्य की ओर से दायर की गई थीं। मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान अपनी टिप्पणी में कहा, ''अवमानना की कार्यवाही का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता साधने या निपटाने के लिए नहीं किया जा सकता। राजनीतिक हिसाब-किताब जनता के बीच जाकर बराबर कीजिए।''

Created On :   18 Aug 2025 7:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story