Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 20 July 2025 2:55 PM IST
राज ठाकरे के 'डुबो-डुबोकर' मारने वाले बयान का मराठी समुदाय से कोई संबंध नहीं आनंद दुबे
महाराष्ट्र में 'मराठी बनाम हिंदी' विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि जो मराठी लोगों को 'पटक-पटककर' मारेगा, हम उसे मुंबई के समुद्र में 'डुबो-डुबोकर' मारेंगे। उनके इस बयान पर शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह राज ठाकरे का निजी बयान है और इससे मराठियों का कोई लेना-देना नहीं है।
- 20 July 2025 2:48 PM IST
बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ेगी आप संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और बिहार प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को पुष्टि की कि पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी और वह अब इंडी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। यह वही गठबंधन है जिसमें आप ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए हिस्सा लिया था। आईएएनएस से बातचीत में संजय सिंह ने कहा, "इंडी गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। उसके बाद हमने हरियाणा चुनाव, दिल्ली चुनाव, गुजरात और पंजाब की उपचुनावों में भी अकेले लड़ाई लड़ी। अब हम बिहार चुनाव भी अकेले लड़ेंगे।"
- 20 July 2025 2:37 PM IST
राहुल गांधी से देशभक्ति की उम्मीद करना बेमानी है संजय जायसवाल
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर सख्त ऐतराज जताया, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को आधार बनाकर भारत सरकार से सवाल पूछा था। ट्रंप ने दावा किया था कि मई 2025 में भारत-पाकिस्तान संघर्ष (ऑपरेशन सिंदूर) के दौरान पांच लड़ाकू विमान मार गिराए गए। राहुल गांधी ने वीडियो शेयर कर पूछा कि 'मोदी जी, 5 जहाजों का सच क्या है? देश को जानने का हक है।'
- 20 July 2025 2:26 PM IST
कांग्रेस ने संविधान और लोकतंत्र की हत्या की विश्वास सारंग
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में संविधान की हत्या हो रही है। सारंग ने खड़गे पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र की हत्या कांग्रेस ने की थी, किसी और ने नहीं।
- 20 July 2025 2:16 PM IST
पीएम मोदी की ब्रिटेन और मालदीव यात्रा, रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगा नया आयाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 से 26 जुलाई तक ब्रिटेन और मालदीव की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बातचीत होगी। प्रधानमंत्री मोदी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के निमंत्रण पर 23 और 24 जुलाई को ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की चौथी ब्रिटेन यात्रा होगी। इस दौरान दोनों नेता भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों की संपूर्ण समीक्षा करेंगे और व्यापार, अर्थव्यवस्था, तकनीक, नवाचार, रक्षा-सुरक्षा, जलवायु, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में प्रगति पर चर्चा करेंगे।
- 20 July 2025 2:01 PM IST
भारत का चाय निर्यात बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 2.58 लाख टन रहा
भारत का चाय निर्यात वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 2,57,880 टन हो गया है, जो कि वित्त वर्ष 2023-24 के 2,50,730 टन के मुकाबले 2.85 प्रतिशत अधिक है। टी बोर्ड ऑफ इंडिया की ओर से जारी किए गए डेटा में बताया कि निर्यात बढ़ने की वजह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत मांग और देश के प्रमुख उत्पादन क्षेत्रों से निर्बाध आपूर्ति होना है। आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर भारत से होने वाले चाय के निर्यात में वित्त वर्ष 2024-25 में 8.15 प्रतिशत का उछाल देखा गया है, जो कि बढ़कर 1,61,200 टन हो गया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में यह 1,49,050 टन था।
- 20 July 2025 1:57 PM IST
ब्रिटेन यात्रा पर होंगे पीएम मोदी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23-24 जुलाई 2025 तक यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन की चौथी यात्रा होगी।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, प्रधानमंत्री मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर 25-26 जुलाई, 2025 तक मालदीव की राजकीय यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री की मालदीव की तीसरी यात्रा होगी।
- 20 July 2025 1:55 PM IST
'संसद में नौटंकी नहीं, जनहित की गंभीर चर्चा हो', राम कदम का विपक्ष को संदेश
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है और इसे लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता और महाराष्ट्र के विधायक राम कदम ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष को स्पष्ट संदेश दिया कि संसद सत्र का उपयोग राजनीतिक नौटंकी के बजाय गंभीर चर्चा और जनहित के मंथन के लिए किया जाना चाहिए।
- 20 July 2025 1:48 PM IST
समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने दी प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "देश अब मुद्दों से भरा हुआ है लेकिन मैंने 4 बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने की बात की है। पहला- पहलगाम में जो आतंकवादी हमला हुआ और जिस तरह से उपराज्यपाल ने कहा कि इसमें इंटेलिजेंस फेलियर था, यह बहुत गंभीर मामला है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। दूसरा-जब ऑपरेशन सिंदूर चल रहा था, उस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने युद्ध बंद करवा दिया है। कल उन्होंने यह भी कहा कि 5 जेट गिराए गए थे। तीसरा- हिंदूस्तान की वदेश नीति पूरी तरह से विफल हो गई है। विदेश नीति तब सफल होती है जब हमारे मित्र देशों की संख्या बढ़ती है और दुश्मन देशों की संख्या घटती है। ऑपरेशन सिंदूर या पहलगाम की घटना पर दुनिया के किसी भी देश ने हमारा साथ नहीं दिया। अब कोई भी हमारे साथ नहीं है। इसपर चर्चा होना जरूरी है। सबसे खतरनाक बात यह है कि लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म होने जा रहा है। जिस तरह से बिहार में वोटर लिस्ट का (विशेष गहन पुनरीक्षण) SIR हो रहा है, वो सब देख रहे हैं। बिहार में करोड़ों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। यह कुछ गंभीर बाते हैं और मुझे नहीं लगता कि सरकार इसपर चर्चा कराएगी।"
- 20 July 2025 1:42 PM IST
संपूर्ण आतंकी तंत्र को नष्ट करके जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित की जाएगी एलजी मनोज सिन्हा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि शांति खरीदी नहीं जाएगी, बल्कि केंद्र शासित प्रदेश में पूरे आतंकी तंत्र को नष्ट करके इसे स्थापित किया जाएगा। यहां एक समारोह में उपराज्यपाल ने कहा, "प्रशासन शांति खरीदने के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र में स्थायी और न्यायपूर्ण शांति स्थापित करने के लिए काम कर रहा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्दोष को छुआ नहीं जाएगा, लेकिन ये भी सच है कि दोषियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवादी तंत्र को ध्वस्त करने में जम्मू-कश्मीर पुलिस महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Created On :   20 July 2025 8:00 AM IST