Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 20 July 2025 1:30 PM IST
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा नए आपराधिक कानूनों और NDPS अधिनियम के तहत जांच और अभियोजन पर कार्यशाला में शामिल होने पर दी प्रतिक्रिया
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा नए आपराधिक कानूनों और NDPS अधिनियम के तहत जांच और अभियोजन पर कार्यशाला में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस विषय पर जिस तरह से काम कर रहे हैं, उससे त्रिपुरा में भी जो नए 3 कानून बने हैं हम उन्हें लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। ये 3 कानून लोगों के अनुकूल हैं। इन कानूनों में पीड़ित और आरोपियों के लिए बहुत सुविधा है।"
- 20 July 2025 1:26 PM IST
ऑल पार्टी मीटिंग को लेकर झूठ फैला रही है कांग्रेस अमित मालवीय
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑल पार्टी मीटिंग्स में भागीदारी को लेकर बार-बार झूठ फैला रही है। अमित मालवीय ने तथ्यों के साथ बताया कि यूपीए शासनकाल के दौरान न तो तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और न ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कभी ऐसी बैठकों में हिस्सा लिया। मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कांग्रेस एक बार फिर बेनकाब हो गई है। प्रधानमंत्री की सर्वदलीय बैठकों में भागीदारी को लेकर खुलेआम झूठ बोल रही है।"
- 20 July 2025 1:22 PM IST
भारतीय सेना को मिलेगा अपाचे हेलिकॉप्टर
15 महीने की देरी के बाद 22 जुलाई को भारतीय सेना को मिलेगा अपाचे हेलिकॉप्टर
- 20 July 2025 1:09 PM IST
सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद BJD सांसद सस्मित पात्रा की प्रतिक्रिया
सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद BJD सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, "ओडिशा में स्थिति बेहद गंभीर है। महिलाओं और बच्चियों पर लगातार हमले हो रहे हैं... सच तो यह है कि आज ओडिशा की भाजपा सरकार पूरी तरह से अक्षम, विफल है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा रही है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ जघन्य अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इसलिए हम राज्य के अन्य मुद्दों के अलावा, इन सभी मुद्दों को संसद में उठाएंगे। हम सभी मुद्दों पर विपक्ष के साथ हैं, विपक्ष जो भी चर्चा चाहता है, उसके लिए हम उनके साथ हैं।"
- 20 July 2025 12:36 PM IST
सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "काफी समय बीत चुका है और सरकार को अपनी चूक के ऊपर अपनी बात रखनी होगी। युद्ध के लिए हमने अपनी सेनाओं को पूरा समर्थन दिया। इसके पश्चात जो घटनाक्रम हुआ है, उस पर प्रधानमंत्री मोदी को प्रकाश डालना चाहिए क्योंकि जो बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आ रहे हैं वे कहीं न कहीं भारत की गरिमा और सेना के शौर्य पर सवाल उठाता है। आज चुनाव आयोग विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ वार्तालाप करने से भी हिचकिचा रहा है। रक्षा और विदेश नीति पर बात रखना बहुत जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि मणिपुर में कुछ ही महीनों में शांति बहाल हो जाएगी लेकिन लगभग 2.5 वर्ष हो चुके हैं और वहां अभी तक शांति स्थापित नहीं हुई है।"
- 20 July 2025 12:27 PM IST
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, "शीला दीक्षित हमारे बीच में नहीं हैं। हम आज की आधुनिक दिल्ली की नींव रखने वाली शीला दीक्षित के दिखाए हुए रास्ते पर चलने की कोशिश कर रहे हैं। आज उनकी सोच की जरूरत है। हम लगातार उनके दिखाए हुए रास्ते को प्रशस्त करने की कोशिश कर रहे हैं।"
- 20 July 2025 12:03 PM IST
आम आदमी पार्टी को लेकर सांसद संजय सिंह ने दी प्रतिक्रिया
आम आदमी पार्टी, जो आधिकारिक तौर पर INDI गठबंधन से बाहर हो गई है, उसका कहना है कि वह संसद के आगामी मानसून सत्र में कई मुद्दे उठाएगी, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा युद्धविराम पर किए गए दावे, ऑपरेशन सिंदूर और बिहार में SIR शामिल हैं।
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "पहला सवाल देश की सुरक्षा से जुड़ा है और जिस तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति बार-बार कह रहे हैं कि उन्होंने व्यापार समझौते के नाम पर युद्धविराम करवाया, भारत सरकार को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए... प्रधानमंत्री सदन में आकर बयान दें, मैं यह मुद्दा उठाऊंगा। वह 5 विमानों को मार गिराए जाने की बात भी कर रहे हैं, जो उनका काम नहीं है। मैं आज की (सर्वदलीय) बैठक में AAP की ओर से इसे प्रमुखता से उठाऊंगा। दूसरी बात दिल्ली में बुलडोजर की कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री के गारंटी कार्ड देने के बाद उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वांचल के लोग जो ठेले पर छोटी-छोटी दुकानें लगाकर अपना जीवन चलाते थे, आपने उन्हें उजाड़ दिया है। मैं यह मुद्दा उठाऊंगा..."
- 20 July 2025 11:45 AM IST
JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने झारखंड को लेकर दी प्रतिक्रिया
JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा, "झारखंड एक समृद्ध राज्य है। केंद्र झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हम चाहते हैं कि हमारे राज्य को सपोर्ट किया जाए ताकि जो भी योजनाएं महिलाओं और बच्चों के लिए लॉन्च की गई हैं, उनको पूरा करने में राज्य सरकार को आसानी हो।"
- 20 July 2025 11:24 AM IST
शिवसेना नेत्री शाइना एन.सी. ने मराठी भाषा विवाद पर NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले के बयान पर प्रतिक्रिया
शिवसेना नेत्री शाइना एन.सी. ने मराठी भाषा विवाद पर NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले के बयान पर कहा, "सुप्रिया सुले भूल चुकी हैं कि डॉ. नरेंद्र जाधव की कमेटी भाषा नीति और शिक्षा नीति को लेकर प्रत्येक हितधारक के साथ काम करेगी। सरकार ने स्पष्टीकरण दिया है कि हिंदी एक ऐच्छिक भाषा ही रहेगी और मराठी हमेशा अनिवार्य। हमारे नेता एकनाथ शिंदे ने भी स्पष्टीकरण दिया है कि मराठी, मराठी अस्मिता और मराठी भाषा के साथ कभी कोई समझौता नहीं हो सकता है।"
- 20 July 2025 11:10 AM IST
सऊदी अरब के 'स्लीपिंग प्रिंस' का निधन, 20 साल से कोमा में थे
सऊदी अरब के 'स्लीपिंग प्रिंस' के नाम से मशहूर प्रिंस अल-वलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद का 36 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह करीब दो दशक कोमा में थे। प्रिंस अल-वलीद के परिवार ने रविवार को उनके निधन की पुष्टि की है।
Created On :   20 July 2025 8:00 AM IST