Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 21 April 2025 7:02 PM IST
नए कानूनों की समीक्षा बैठक में शामिल हुए छत्तीसगढ़ सीएम विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक पर कहा, "...आज नए कानूनों को लेकर हमारे राज्य की समीक्षा बैठक हुई, गृह मंत्री और सभी अधिकारियों ने बैठक की। इसमें हमने उनके सामने राज्य में नए कानून की स्थिति रखी है, हम उनके निर्देशों को पूरा करेंगे... हमारी सरकार आने के बाद से हम नक्सलवाद का डटकर मुकाबला कर रहे हैं, गृह मंत्री का संकल्प 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने का है, जिस तरह हमारे जवान नक्सलवाद से लड़ रहे हैं, गृह मंत्री का संकल्प जरूर पूरा होगा।"
- 21 April 2025 6:51 PM IST
ट्रैफिक प्रहरी कार्यक्रम के लिए एलजी वी.के. सक्सेना ने दिल्ली को दिया धन्यवाद
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा, "मैं ट्रैफिक प्रहरी कार्यक्रम के आयोजन के लिए दिल्ली पुलिस को धन्यवाद देता हूं। इस कार्यक्रम से आम जनता भी जुड़ रही है। हर व्यक्ति पुलिस की आंख और नाक बन सकता है। पुलिस ऐप पर कई लोगों ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की शिकायत की और इसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
- 21 April 2025 6:29 PM IST
उत्तर प्रदेश मेरठ में फैन बॉक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, चार मजदूर आग में झुलसे
उत्तर प्रदेश के मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र में सोमवार को एक फैन बॉक्स बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना संजय विहार कॉलोनी की बताई जा रही है। आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे एक गैस सिलेंडर के फटने से आग तेजी से फैल गई, जिससे वहां काम कर रहे चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
- 21 April 2025 6:07 PM IST
हरियाणा बंगाल की घटना से आक्रोशित चरखी दादरी के हिंदू संगठनों ने लिखा खूनी ज्ञापन
हरियाणा के चरखी दादरी में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों ने पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम खून से ज्ञापन लिखा और डीसी कार्यालय में सौंपा। इस दौरान, हिंदू संगठनों ने चरखी-दादरी की सड़कों पर उतरकर ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन किया और विरोध मार्च निकाला। साथ ही, ममता बनर्जी पर दंगा भड़काने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
- 21 April 2025 5:50 PM IST
महाराष्ट्र के उद्योगपति विश्वनाथ पनवेलकर के घर के बाहर हुई फायरिंग
महाराष्ट्र के अंबरनाथ में प्रसिद्ध उद्योगपति विश्वनाथ पनवेलकर के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। घटना अंबरनाथ के हुतात्मा चौक के पास स्थित पनवेलकर के 'सीताई सदन' निवास स्थान पर आज दोपहर लगभग 2.30 बजे घटी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और पनवेलकर के घर के गेट की दिशा में दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। पूरी घटना पनवेलकर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद शिवाजीनगर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की।
- 21 April 2025 5:44 PM IST
बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप पांच ट्रिलियन डॉलर के पास वापस पहुंचा
वैश्विक अस्थिरता के चलते आई गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में फिर से तेजी का दौर लौट आया है। इस कारण बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप एक बार फिर पांच ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। ब्लूमबर्ग के डेटा के मुताबिक, इससे पहले आखिरी बार बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप 20 जनवरी को पांच ट्रिलियन डॉलर था। इसके बाद गिरावट का दौर शुरू हुआ, जिससे मार्केट कैप घटकर 28 फरवरी को 4.39 ट्रिलियन डॉलर रह गया और अब बाजार में तेजी के चलते मार्केट कैप फिर से 21 अप्रैल को पांच ट्रिलियन डॉलर हो गया।
- 21 April 2025 5:32 PM IST
बेहतर कानून व्यवस्था के चलते यूपी बना उद्योगों की पहली पसंद, सीएम योगी का बयान आया सामने
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मजबूत कानून व्यवस्था, औद्योगिक नीतियों और निवेशकों के अनुकूल वातावरण के चलते देश की दिग्गज कंपनियां अब प्रदेश का रुख कर रही हैं। सिर्फ राम सनेही घाट औद्योगिक हब, बाराबंकी की ही बात करें तो यहां देश की कई प्रमुख कंपनियां आगे आई हैं, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को भेजे गए प्रस्तावों के मुताबिक विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने यूपी में अपने नए कारोबार की नींव रखने का निर्णय लिया है। इनमें हैंडलूम, एग्री बिजनेस, बॉटलिंग, सीमेंट, टेलीकॉम और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर प्रमुख हैं।
- 21 April 2025 5:14 PM IST
राहुल गांधी के बयान पर नकवी भड़के, साधा नेता प्रतिपक्ष पर निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयान पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस सांसद को "डिज्नीलैंड वाली पार्टी के प्रवासी प्रोफेसर" बताते हुए कहा कि उनके पाठ्यक्रम में यही पाठ पढ़ाया जाता है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "वंशवाद को लोकतंत्र के डिज्नीलैंड के रूप में पेश करने वाले प्रवासी प्रोफेसर साहब के पाठ्यक्रम में इसी तरह का पाठ पढ़ाया जाता है। जब प्रवासी प्रोफेसर साहब की पाठशाला में 'पप्पू जी' जाएंगे तो इस तरह के पाठ पढ़ेंगे। देश में 'बवाल बहादुरी' और विदेश में 'बकवास बहादुरी' करेंगे। और उससे भी महत्वपूर्ण यह है कि जो लोग संवैधानिक संस्थाओं पर हमले के हिस्ट्रीशीटर रहे हैं, वे आज संवैधानिक संस्थाओं को लेकर हाहाकार मचाए हुए हैं। कोई ऐसा दिन नहीं है, जब उन्होंने संसद, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले की एक लंबी हिस्ट्रीशीट न बनाई हो।"
- 21 April 2025 4:55 PM IST
शेयर बाजार में आई तूफान जैसी तेजी, 24,100 के पार बंद हुआ निफ्टी
भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में चौतरफा तेजी देखी गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 855 अंक या 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79,408.50 पर और निफ्टी 273 अंक या 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,125 पर था। बाजार की तेजी का नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। निफ्टी बैंक 1,014 अंक या 1.87 प्रतिशत की तेजी के साथ 55,304 पर था। कारोबारी सत्र के दौरान बैंकिंग इंडेक्स ने 55,461.65 का नया ऑल-टाइम हाई बनाया। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,316 अंक या 2.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 53,974 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 363 अंक या 2.12 प्रतिशत बढ़कर 16,773 पर बंद हुआ।
- 21 April 2025 4:18 PM IST
अमेरिका के ओक्लाहोमा में तूफान से करीब तीन लोगों की हुई मौत
अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य में आए तूफान में तीन लोगों की जान चली गई। ओक्लाहोमा सिटी से करीब 16 किलोमीटर दूर मूर शहर में बाढ़ के पानी में गाड़ी बह जाने से एक 12 साल के बच्चे और उसकी मां की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि रविवार को यह जानकारी दी। मूर पुलिस ने अपने बयान में कहा कि शहर में कई जगह पानी भर गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ह्यूजेस काउंटी के स्पाउल्डिंग नाम के एक छोटे से शहर में शनिवार रात आए तूफान की वजह से एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
Created On :   21 April 2025 8:00 AM IST