Breaking News: आज की बड़ी खबरें 22 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 22 Jun 2025 10:33 AM IST
मुंबई ने नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम, 'ड्रग्स मुक्त भारत' संकल्प के साथ साइक्लोथॉन का आयोजन
रविवार की सुबह मुंबई की सड़कों पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब सैकड़ों लोग साइकिलों पर सवार होकर नशे के खिलाफ एकजुट हुए। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई और ग्रेटर मुंबई पुलिस की संयुक्त पहल से आयोजित साइक्लोथॉन ने नशीली दवाओं के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
- 22 Jun 2025 10:25 AM IST
मार्केट आउटलुक ईरान-इजरायल युद्ध, एफआईआई और कच्चे तेल की कीमत से तय होगा बाजार का रुझान
अमेरिका की ओर से ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला करने के बाद भारतीय शेयर बाजार के लिए अगला हफ्ता काफी अहम होने वाला है। ईरान-इजरायल युद्ध की दिशा, कच्चे तेल की कीमत और एफआईआई के रुख से ही शेयर बाजार की चल तय होगी।
- 22 Jun 2025 10:03 AM IST
केंद्र ने कर्नाटक के आम किसानों के लिए मुआवजे का किया ऐलान, प्रल्हाद जोशी ने पीएम मोदी का जताया आभार
केंद्र सरकार ने शनिवार को कर्नाटक राज्य के आम किसानों के लिए 'मूल्य कमी भुगतान योजना' (पीडीपीएस) के तहत मुआवजे की घोषणा की है, जो आम की कीमतों में गिरावट के कारण संकट में हैं। यह राशि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से दी जाएगी।
- 22 Jun 2025 9:53 AM IST
आषाढ़ कृष्ण त्रयोदशी और भगवान शिव का दिन, पूजा से पाएं विशेष फल
आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि यानी भोलेनाथ का सर्वप्रिय दिन 'प्रदोष' है। इस बार का प्रदोष खास है, क्योंकि सोमवार का दिन भी पड़ रहा है। इस दिन आर्द्रा नक्षत्र के साथ धृति और शूल का निर्माण हो रहा है। चंद्रमा की बात करें वृषभ राशि में विराजमान रहेंगे और सूर्य मिथुन राशि में रहेंगे। पंचांग के अनुसार, इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:55 से 12:51 तक रहेगा और राहुकाल सुबह 07:09 से 08:54 तक रहेगा। कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर सोमवार पड़ रहा है। ऐसा दिन जो भोलेनाथ को समर्पित है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है।
- 22 Jun 2025 9:43 AM IST
इस भयानक खतरे से निपटने के लिए हमने एक टीम के रूप में किया काम ट्रंप ने नेतन्याहू का जताया आभार
अमेरिका ने ईरान की 'न्यूक्लियर साइट्स' पर हमला किया है। इस हमले के कुछ घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायली सेना को अमेरिका के साथ काम करने के लिए धन्यवाद दिया। शनिवार (अमेरिकी समय) को हमलों के कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने मीडिया को संबोधित किया। ट्रंप ने नेतन्याहू (उन्हें उनके उपनाम 'बीबी' से पुकारते हुए) के प्रति आभार जताया है।
- 22 Jun 2025 9:28 AM IST
दिल्ली न्यू सीलमपुर में तेज रफ्तार मिनी ट्रक का कहर, कई लोग घायल
। उत्तर पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाके में स्थित न्यू सीलमपुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। सीलमपुर चौक को पार करते समय एक तेज रफ्तार टाटा 407 मिनी ट्रक अनियंत्रित हो गया। मिनी ट्रक डिवाइडर की लोहे की ग्रिल को तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
- 22 Jun 2025 9:15 AM IST
वृंदावन में सीवर सफाई के दौरान दो लोगों की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
यूपी के वृंदावन में सीवर सफाई कर रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना केशव धाम पुलिस चौकी के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गेस्टहाउस के सीवर की सफाई के दौरान हुई। दोनों श्रमिक सीवर चैंबर में जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- 22 Jun 2025 9:07 AM IST
हरदोई और मथुरा में हुए हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख, अहम निर्देश दिए
उत्तर प्रदेश के हरदोई और मथुरा में हुए हादसे को लेकर राज्य की योगी सरकार ने संज्ञान लिया है। हरदोई में गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि हरदोई जिले में शनिवार को तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई। तीनों बच्चे एक बगीचे में खेलने गए थे। बगीचे में एक गड्ढा था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था।
- 22 Jun 2025 8:45 AM IST
'या तो शांति होगी या त्रासदी' ईरान पर 'एयर स्ट्राइक' के बाद डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी
ईरान के तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश को संबोधित किया। ट्रंप ने बताया कि अमेरिका का मकसद ईरान की 'न्यूक्लियर एनरिचमेंट कैपेसिटी' को तबाह करना था। यूएस चाहता था कि ईरान के परमाणु खतरे को हमेशा के लिए खत्म किया जाए।
- 22 Jun 2025 8:40 AM IST
गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा, माओवाद विरोधी रणनीति को मजबूत करने पर जोर
माओवाद विरोधी रणनीति को धार देने के लिए गृह मंत्री अमित शाह रविवार को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। 31 मार्च, 2026 की निर्धारित समय सीमा तक माओवादी प्रभाव को खत्म करने का लक्ष्य है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को दो दिवसीय महत्वपूर्ण यात्रा पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।
Created On :   22 Jun 2025 8:02 AM IST