Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 24 July 2025 10:27 AM IST
उपराष्ट्रपति के चुनाव पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी की प्रतिक्रिया
उपराष्ट्रपति के चुनाव पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "यह एक संवैधानिक पद है। अगर वे (केंद्र सरकार) इस पर विपक्ष के साथ चर्चा करते हैं, तो INDIA गठबंधन इस पर अपनी राय देगा।"
- 24 July 2025 9:56 AM IST
माइकल जैक्सन की बायोपिक अब अप्रैल 2026 में होगी रिलीज
पॉप किंग माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित बायोपिक "माइकल" दुनिया भर में 24 अप्रैल, 2026 को रिलीज होगी। पहले यह फिल्म अक्टूबर 2025 में रिलीज होने वाली थी। वेरायटी डॉट कॉम की रिपोर्ट में बताया गया है कि एंटोनी फुक्वा इसका निर्देशन करेंगे, जॉन लोगन पटकथा लेखक होंगे, और जाफर जैक्सन उनके दिवंगत चाचा की भूमिका निभाएंगे। "द डिपार्टेड" के लिए ऑस्कर विजेता ग्राहम किंग इसके निर्माता हैं।
- 24 July 2025 9:50 AM IST
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष, दिल्ली में मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ अहम बैठक आज
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) इस वर्ष अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर संघ ‘शताब्दी वर्ष’ का आयोजन कर रहा है, जिसके तहत वह भारत के हर गांव, हर बस्ती और हर घर तक अपनी पहुंच बढ़ाने की योजना बना रहा है।
- 24 July 2025 9:42 AM IST
पंजाब बेअदबी कानून पर सेलेक्ट कमेटी की पहली बैठक आज
पंजाब में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों को रोकने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने बेअदबी कानून को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इस मुद्दे पर चर्चा और सुझावों के लिए गुरुवार को पंजाब विधानसभा में सुबह 11 बजे सेलेक्ट कमेटी की पहली बैठक होने जा रही है। इस कमेटी की अध्यक्षता विधायक डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर करेंगे।
- 24 July 2025 9:33 AM IST
'वोक एआई' पर ट्रंप ने लगाई पाबंदी, एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी एजेंसियों में वोक (डब्ल्यूओकेई) एआई के उपयोग पर रोक लगाने का एक कड़ा एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी कर दिया है। अपने आदेश में ट्रंप ने आरोप लगाया है कि ऐसे एआई से फैक्ट्स प्रभावित होते हैं। ट्रंप ने अपने आदेश में कहा, कई एआई सिस्टम्स विविधिता, समानता, समावेशन (डाइवर्सिटी, इक्विटी, इंक्लूजन यानी डीईआई) जैसे वैचारिक एजेंडों से प्रभावित हैं, जिससे इतिहास, विज्ञान और तथ्यों की विश्वसनीयता पर आंच आती है।"
- 24 July 2025 9:23 AM IST
भारत बनाम इंग्लैंड दिग्गजों के साथ इस खास लिस्ट में शामिल हुए केएल राहुल
केएल राहुल इंग्लैंड की धरती पर 1,000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बन गए हैं। केएल राहुल ने यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में किया। यह मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। केएल राहुल ने इंग्लैंड की सरजमीं पर अब तक 13 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 25 पारियों में दाएं हाथ का यह बल्लेबाज 41.40 की औसत के साथ 1035 रन बना चुका है।
- 24 July 2025 9:09 AM IST
अमरनाथ यात्रा के 21 दिन अब तक 3.42 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा बर्फानी का दर्शन
इस साल अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और अब तक 3.42 लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं, जबकि 3,500 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था गुरुवार को जम्मू से दो आधार शिविरों की ओर रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 21 दिनों में 3.42 लाख से ज्यादा यात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ लगातार जारी है। "इस साल यात्रा करने वाले 3.50 लाख यात्रियों का आधिकारिक अनुमानित आंकड़ा गुरुवार को ही पार होने की संभावना है, जबकि यात्रा समापन में अभी 17 दिन शेष हैं।"
- 24 July 2025 8:43 AM IST
बिहार के मोतिहारी में पेंट से लदे ट्रक से 2,960 लीटर स्पिरिट बरामद, चालक गिरफ्तार
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने पेंट लदे एक ट्रक से 2,960 लीटर स्पिरिट बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। स्पिरिट उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी। बताया जाता है कि शराबबंदी वाले राज्य में अवैध शराब बनाने के लिए तस्कर स्पिरिट का इस्तेमाल करते हैं।
- 24 July 2025 8:34 AM IST
राजनीतिक दलों की तरह काम कर रहा चुनाव आयोग- टीएस सिंहदेव
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'हिंदुस्तान में इलेक्शन चोरी' वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है। कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि लोग चुनाव आयोग पर विश्वास करते थे। यह एक संवैधानिक संस्था है। ईडी की तरह ही अब चुनाव आयोग से विश्वास हटता जा रहा है। यह एक राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मैनिपुलेशन का हिस्सा बन सकता है, यह किसी ने नहीं सोचा था।
- 24 July 2025 8:23 AM IST
गंगटोक हत्याकांड मृतक पर चाकू के 10 से ज्यादा घाव, आरोपी ने कहा- आत्मरक्षा में किया हमला
गंगटोक में कृषि भवन के पास सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी ने मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि यह आत्मरक्षा में किया गया कृत्य था। एसडीपीओ मिंग्युर टेम्पो नादिक के अनुसार, आरोपी पेमा ग्यालपो लाडिंग्पा देर रात ताड़ोंग पुलिस चौकी पर आया और पुलिस को बताया कि उसने अपने घर के पास एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर दी है। पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और लाडिंग्पा के घर के पास एक मुर्गीघर में पीड़ित का शव मिला।
Created On :   24 July 2025 8:00 AM IST