Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 25 Jun 2025 1:03 AM IST
मध्यप्रदेश में पैर पसार रहा कोरोना, 5 पर पहुंचा मृतकों का आंकड़ा
तीन साल पहले पूरी दुनिया में तबाही मचाने वाले कोरोना की एक बार फिर वापसी हो गई है। भारत में भी इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बात करें मध्यप्रदेश की तो यहां सोमवार देत रात एक 52 वर्षीय महिला की कोरोना के चलते मौत हो गई। भिंड के रहने वाली महिला के फेंफड़ों में गंभीर सूजन थी, जिसकी वजह से उसे सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी।
- 25 Jun 2025 12:44 AM IST
नीरज चोपड़ा ने ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में जीता गोल्ड मेडल
भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। भारत के इस जैवलिन स्टार ने टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में 85.29 मीटर का थ्रो किया। उनके इस थ्रो को कोई और एथलीट पार नहीं कर सका।
- 25 Jun 2025 12:25 AM IST
Axiom मिशन-4 25 जून को हो सकता है लॉन्च
NASA ने ट्वीट किया, "Axiom स्पेस और SpaceX के साथ, अब हम बुधवार, 25 जून को Axiom मिशन 4 को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लॉन्च करने का लक्ष्य बना रहे हैं। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी और ISRO के अंतरिक्ष यात्रियों सहित 4 सदस्यीय दल को 2:31 बजे ET (0631 UTC) पर उड़ान भरने के लिए निर्धारित किया गया है।"
- 25 Jun 2025 12:15 AM IST
दिल्ली में रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास फैक्ट्री में लगी आग
रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास एक फैक्ट्री में शाम 7:25 बजे आग लग गई। कुल 16 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
- 25 Jun 2025 12:02 AM IST
25 जून संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाना महत्वपूर्ण - आशीष सूद, मंत्री दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर कहा, "रातों-रात देश का संविधान खत्म हो गया था, संविधान में नई धाराएं जुड़ गईं और सभी नेताओं को जेल में बंद कर दिया गया था, यह संविधान की हत्या ही थी। इस दिन को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाना महत्वपूर्ण है ताकि देश में लोगों के बीच में इस बात की जागरूकता बनी रहे।"
- 24 Jun 2025 11:53 PM IST
संविधान हत्या के रूप में मनाया जाएगा 25 जून - केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने का तय किया। यह जो लोकतंत्र जन मानस में बसा है, उसकी हत्या का दिवस है जिन्होंने संविधान को निर्मित किया, उसकी हत्या का काम कांग्रेस ने किया। आज देश को, विशेष तौर से युवाओं को यह समझ आना चाहिए कि देश में लोकतंत्र की आज के समय में जो दुहाई देने वाले कांग्रेस के नेता हैं, उन्होंने लोकतंत्र की हत्या और संविधान का चीर हरण किया था।"
- 24 Jun 2025 11:50 PM IST
मध्यप्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होगी रानी दुर्गावती की जीवनी - सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैं रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर उनके बलिदान स्थल पर आया हूं... रानी दुर्गावती के जीवन के विविध पाठों को हम पाठ्यक्रम में भी हिस्सा बना रहे हैं...मध्य प्रदेश के लोग उनको कभी भूल नहीं पाएंगे।"
- 24 Jun 2025 11:09 PM IST
पहला टेस्ट हारी टीम इंडिया, इंग्लैंड ने दी पांच विकेट से पटखनी
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सीरीज का दूसरा मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा।
- 24 Jun 2025 10:49 PM IST
इंदिरा गांधी ने अपने फायदे के लिए लागू किया था आपातकाल - जगदंबिका पॉल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "देश में संविधान सर्वोपरि है और संविधान में हर नागरिक को मौलिक अधिकार हैं, लोगों को अभिव्यक्ति की आजादी है...अगर किसी राजनीतिक लाभ के लिए उन मौलिक अधिकारों का उल्लघंन होता है, तो यह निश्चित रूप से एक त्रासदी है और लोकतंत्र की हत्या है। इंदिरा गांधी और कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ अपने राजनीतिक लाभ के लिए आपातकाल लागू किया था। आज उसको (संविधान हत्या दिवस के रूप में) मनाया जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।"
- 24 Jun 2025 9:27 PM IST
ईरान-इजरायल सीजफायर उल्लंघन पर ट्रंप भड़के
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को इजरायल और ईरान पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीजफायर के उल्लंघन को लेकर नाराजगी जताई। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि दोनों देशों की कार्रवाई उस मुश्किल से हासिल युद्धविराम को तोड़ सकती है, जिस पर सोमवार रात सहमति बनी थी। ट्रंप ने वॉशिंगटन में मीडिया से बात करते हुए कहा कि इन लोगों को शांत होना होगा, यह हास्यास्पद है। मैंने जो कुछ देखा, वह मुझे बिलकुल पसंद नहीं आया, न तो इजरायल का हमला और न ही ईरान की जवाबी कार्रवाई।
Created On :   24 Jun 2025 8:01 AM IST