Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 27 Aug 2025 4:50 PM IST
झारखंड रांची में 'स्वदेशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं' राज्यस्तरीय अभियान शुरू
झारखंड की राजधानी रांची में 'स्वदेशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं' के तहत राज्यस्तरीय अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान का केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बुधवार को विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर स्टीकर लगाकर विधिवत शुभारंभ किया। संजय सेठ ने सामाजिक संगठनों के साथ रांची में दुकान-दुकान जाकर स्टीकर लगाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि वे अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानों में स्वदेशी सामानों को बेचने और रखने का संकल्प लें। इस अभियान में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के लोगों और व्यापारियों ने शिरकत की। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुकानदारों, व्यापारियों और उद्योगपतियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया था। इसके बाद फेडरेशन ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स और संबद्ध निकायों ने जन्माष्टमी पर एक बैठक की और गणेश चतुर्थी के दिन से रांची में अभियान शुरू करने का फैसला किया। पीएम मोदी का संकल्प है कि 2047 तक देश विकसित बन जाए।
- 27 Aug 2025 4:40 PM IST
'न्यायाधीश राजनीति में आएगा तो उनकी आलोचना होगी', दिल्ली हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज एस.एन. ढींगरा का बयान
दिल्ली हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस एस.एन. ढींगरा ने 56 रिटायर्ड जजों द्वारा जारी बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब कोई जज राजनीति में उतरता है, तो वह एक राजनीतिक व्यक्ति बन जाता है और उसका इतिहास जानना जनता का अधिकार है। दिल्ली हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस एस.एन. ढींगरा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जब एक न्यायाधीश राजनीति में प्रवेश करता है, तो वह एक राजनीतिक व्यक्ति बन जाता है। एक राजनीतिक व्यक्ति की पृष्ठभूमि और इतिहास को जानना, समझना और उसकी जांच करना बहुत जरूरी हो जाता है, क्योंकि आपको भारत का उपराष्ट्रपति चुनना है, जिसके पास कई जिम्मेदारियां होती हैं। अगर आप उनका इतिहास नहीं जानते, तो आप किस आधार पर वोट देंगे? इसलिए उनका इतिहास जानना बहुत जरूरी है।"
- 27 Aug 2025 4:30 PM IST
जीएसटी काउंसिल 31 अक्टूबर तक सेस कर सकती है खत्म
वस्तु एवं सेवा कर परिषद की बैठक 3 सितंबर को होने जा रही है। इस बैठक में 31 अक्टूबर तक क्षतिपूर्ति उपकर समाप्त करने पर चर्चा की जा सकती है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जीएसटी क्षतिपूर्ति उपकर 31 मार्च, 2026 को समाप्त होने वाला था। हालांकि, उपकर संग्रह को पहले ही समाप्त करने के लिए चर्चाएं शुरू हो गई हैं, क्योंकि कोरोना महामारी के दौरान राज्यों को राजस्व की कमी की भरपाई के लिए, लिए गए ऋण पूरी तरह से चुकाने के करीब पहुंच रहे हैं। यह पुनर्भुगतान 18 अक्टूबर के आसपास पूरा होने की उम्मीद है, लेकिन सरकार सुचारू संचालन के लिए इसे अक्टूबर के अंत तक बढ़ा सकती है। सरकारी सूत्रों के हवाले से रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि उपकर संग्रह से लगभग 2,000-3,000 करोड़ रुपए का अधिशेष प्राप्त हो सकता है, जिसे केंद्र और राज्यों के बीच समान रूप से साझा किया जाएगा।
- 27 Aug 2025 4:23 PM IST
पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश का कहर, अब तक 802 लोगों की मौत, 1,000 से अधिक घायल
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 26 जून से अब तक पाकिस्तान में लगातार मानसूनी बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 802 लोगों की जान चली गई है। वहीं, 1,088 अन्य घायल हो गए हैं। खराब मौसम ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है। घरों में पानी भर गया है, जिससे हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है और पूरे देश में आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रयासों पर दबाव पड़ा है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां सबसे अधिक 479 लोगों की मौत हुई है। यहां पर 347 लोग घायल हुए हैं। वहीं, पंजाब में 165 लोग मारे गए और 584 घायल हुए, इसके बाद सिंध में 57 लोग मारे गए और 75 घायल हुए, जबकि बलूचिस्तान में 24 लोगों की मौत हुई और 5 लोग घायल हुए।
- 27 Aug 2025 4:10 PM IST
रविचंद्रन अश्विन स्पिन गेंदबाजी के वैज्ञानिक हैं मोंटी पनेसर
भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से भी संन्यास ले लिया है। अश्विन के आईपीएल से संन्यास पर इंग्लैंड के स्पिनर मोंटी पानेसर ने हैरानी जताई है। पनेसर ने अश्विन को स्पिन गेंदबाजी का वैज्ञानिक बताया। आईएएनएस से बात करते हुए पनेसर ने कहा, "अश्विन ने आईपीएल में टी20 गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई। पावरप्ले में बेहतरीन प्रदर्शन किया और धीरे-धीरे सभी प्रारूपों में एक शानदार ऑलराउंडर के रूप में विकसित हुए।" उन्होंने कहा कि अश्विन ने गेंदबाजी में अपनी तकनीक का इस्तेमाल किया। नए तरीके विकसित किए और बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। उनकी प्रतिष्ठा स्पिन गेंदबाजी के वैज्ञानिक के रूप में है।
- 27 Aug 2025 4:00 PM IST
बिहार एसआईआर सिर्फ पांच दिन बाकी, राजद-कांग्रेस ने मतदाता सूची को लेकर नहीं उठाई आपत्ति
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए महज पांच दिन बाकी हैं। इस बीच, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बिहार एसआईआर को लेकर डेली बुलेटिन जारी किया है। ईसीआई के अनुसार, अब तक सिर्फ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट-लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) की ओर से 53 आपत्तियां मिली हैं। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया के संबंध में दैनिक बुलेटिन जारी किया है।
- 27 Aug 2025 3:50 PM IST
राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट में दो नए जजों आलोक अराधे और विपुल एम. पंचोली की नियुक्ति को दी मंजूरी
भारत के राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट में दो नए जजों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति ने बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस आलोक अराधे और पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस विपुल एम. पंचोली को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल ही में इन दोनों जजों की नियुक्ति की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी। भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श से इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दोनों जजों की नियुक्ति की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी।
- 27 Aug 2025 3:45 PM IST
इंडिया ब्लॉक की वापसी बिहार में नहीं होगी नितिन नबीन
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के उस बयान पर जोरदार पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि 'वोटर अधिकार यात्रा' को भारी समर्थन मिल रहा है और बिहार में अगली सरकार इंडिया ब्लॉक की बनेगी। बिहार से एनडीए की विदाई तय है। इस बयान पर पलटवार करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि बिहार में इंडिया ब्लॉक की वापसी नहीं होगी। मंत्री नितिन नबीन ने आईएएनएस से बातचीत में तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महागठबंधन का नाम बिहार के लोगों को भ्रष्टाचार और अराजकता की याद दिलाता है, जिस कारण महागठबंधन बिहार में कभी वापसी नहीं करेगा।
- 27 Aug 2025 3:30 PM IST
चेन्नई 29 साल बाद बैंक धोखाधड़ी मामले में फैसला, ब्रांच मैनेजर समेत 4 को सजा
10 करोड़ रुपए से अधिक के बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई अदालत ने करीब 29 साल बाद फैसला दिया है। इस मामले में बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत 4 लोगों को दोषी ठहराया गया है। साथ ही, अदालत ने दोषसिद्धि का फैसला देते हुए सजा का ऐलान किया। सीबीआई ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीबीआई ने 30 अक्टूबर 1996 को चेन्नई के नुंगमबक्कम इलाके में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जी. वेंकटेश्वरन नाम के एक व्यक्ति समेत कुछ अन्य लोगों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों के साथ मिलकर 1988 से 1992 के दौरान षड्यंत्र रचा। इसके तहत, सुजाता फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और जीवी फिल्म्स लिमिटेड के नाम पर क्रेडिट सुविधाएं और टर्म लोन का लाभ उठाया।
- 27 Aug 2025 3:25 PM IST
मुजफ्फरपुर राहुल गांधी बोले, 'संविधान पर चोट की जा रही है'
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि गुजरात का मॉडल 'आर्थिक मॉडल' नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'वोट चोरी' की शुरुआत गुजरात से हुई और फिर इसे राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' के 11वें दिन मुजफ्फरपुर पहुंचे। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा और गुजरात के चुनाव में 'वोटी चोरी' की। 'गुजरात मॉडल' वोट चोरी करने का मॉडल है, जिसे ये लोग 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर लाए। हम कुछ कहते नहीं थे, क्योंकि हमारे पास कोई सबूत नहीं थे, लेकिन महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद हमें सबूत मिल गया।
Created On :   27 Aug 2025 8:02 AM IST