Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 27 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
27 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 27 July 2025 5:40 PM IST

    आज के युग में युद्ध केवल बंदूकों और गोलियों से नहीं जीते जाते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को वडोदरा स्थित गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी) के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों को जुटाने से लेकर सही समय और स्थान पर उपकरण पहुंचाने तक हमारी एजेंसियों द्वारा निर्बाध लॉजिस्टिक्स प्रबंधन 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता में एक निर्णायक कारक था। आज के युग में युद्ध केवल बंदूकों और गोलियों से नहीं जीते जाते, बल्कि उनको समयबद्ध पहुंचाने से जीते जाते हैं और 'ऑपरेशन सिंदूर' उत्कृष्ट लॉजिस्टिक्स प्रबंधन का एक सजीव उदाहरण था।

  • 27 July 2025 5:30 PM IST

    एनसीईआरटी का 'ऑपरेशन सिंदूर' को पाठ्यपुस्तकों में शामिल करने का फैसला, पूर्व सैन्य अधिकारियों ने की सराहना

    राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने स्कूली पाठ्यपुस्तकों में 'ऑपरेशन सिंदूर' को शामिल करने का फैसला किया है। इसकी सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों ने सराहना की है। उनका मानना है कि यह कदम युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। एनसीईआरटी की ओर से 'ऑपरेशन सिंदूर' को पाठ्यपुस्तकों में शामिल करने पर कर्नल (सेवानिवृत्त) राजीव खाकेरा ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, मेरे बैच से पता चलता है कि मैं सेना की वायु रक्षा (आर्मी एयर डिफेंस) से हूं। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान, चाहे वह गन सिस्टम हो या मिसाइल सिस्टम, सेना की वायु रक्षा इकाई ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है। मुझे बहुत खुशी है कि इस उपलब्धि को एनसीईआरटी ने स्कूली पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया है। यह पूरे देश के बच्चों को पता होना चाहिए। यह उनके लिए एक प्रेरक कारक होगा, जो उन्हें सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेगा।"

  • 27 July 2025 5:22 PM IST

    शेखर कपूर ने डॉल्फिन और एआई को लेकर साझा की दिलचस्प कहानी, इंसानी बुद्धिमत्ता पर उठाया सवाल

    फिल्म निर्देशक और पद्म भूषण से सम्मानित शेखर कपूर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक डॉल्फिन की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने गूगल के एक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) प्रोजेक्ट का जिक्र किया। इस प्रोजेक्ट में वैज्ञानिक डॉल्फिन की आवाजों और उनके संवाद के तरीकों को समझने के लिए आधुनिक एआई तकनीक की मदद ले रहे हैं।

  • 27 July 2025 5:03 PM IST

    बजाज फाइनेंस का मार्केट वैल्यूएशन इस सप्ताह 17,524 करोड़ रुपए घटा

    बजाज फाइनेंस का मार्केट वैल्यूएशन इस सप्ताह 17,524.3 करोड़ रुपए घट गया, जिससे कंपनी का कुल मार्केट कैप घटकर 5.67 लाख करोड़ रुपए रह गया। यह भारी गिरावट शेयर बाजारों में व्यापक कमजोरी के बीच आई, जिसमें भारत की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 का संयुक्त मूल्य 2.22 लाख करोड़ रुपए घट गया। बाजार में यह गिरावट उस सप्ताह के दौरान आई जब बेंचमार्क सेंसेक्स 294.64 अंक या 0.36 प्रतिशत गिर गया, घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का यह लगातार चौथा सप्ताह था।

  • 27 July 2025 4:56 PM IST

    मोहम्मद शमी के कोच की मांग, रद्द हो भारत-पाकिस्तान का एशिया कप मैच

    एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच खेला जाना है। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी के अनुसार यह मैच नहीं खेला जाना चाहिए। बदरुद्दीन सिद्दीकी ने आईएएनएस से कहा, "यूं तो खेल में राजनीति नहीं आनी चाहिए, लेकिन पाकिस्तान ने जो किया, उसे देखते हुए मैं यही चाहूंगा कि यह मैच न खेला जाए। देश से बढ़कर कुछ नहीं है। जो मुल्क हमें इतनी तकलीफ दे रहा है, उसके साथ संबंध नहीं रखने चाहिए।"

  • 27 July 2025 4:48 PM IST

    पीएम मोदी 'मन की बात' के जरिए जनता को जागरूक करते हैं राज पुरोहित

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। भाजपा नेता राज पुरोहित ने कहा कि पीएम मोदी 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए देश की जनता को जागरूक करते हैं। भाजपा नेता राज पुरोहित ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि 'मन की बात' का एक भी कार्यक्रम हमने नहीं छोड़ा है। उन्‍होंने दावा किया कि पूरे देश में 'मन की बात' सबसे अच्‍छा कार्यक्रम है। जनता पीएम मोदी के विचारों को बड़े ही ध्‍यान के साथ सुनती है। प्रधानमंत्री मोदी 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए देश की जनता को जागरूक करते हैं। वह देश और जनता की भावनाओं का आदान-प्रदान करते हैं।

  • 27 July 2025 4:40 PM IST

    चिराग को बिहार से नहीं, कुर्सी से मोह ज्यादा तेजस्वी यादव

    लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाने पर बिहार की सियासत गरमा गई है। चिराग के इस बयान को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी 'विजय' और 'सम्राट' हो चुके हैं। चिराग पासवान ने बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर असंतोष प्रकट किया था। चिराग ने कहा था कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि वे ऐसी सरकार को समर्थन दे रहे हैं, जिसके प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान हैं।

  • 27 July 2025 4:30 PM IST

    फिल्म 'छावा' फेम एक्टर विनीत कुमार बने पापा, तीन दिन पहले पत्नी रुचिरा सिंह ने दिया बेटे को जन्म

    बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बड़ी खुशखबरी दी है। एक्टर ने बताया कि वह अब पिता बन गए हैं और उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को अभिनेता ने बहुत ही प्यारे से पोस्ट के जरिए शेयर किया है, जिस पर मनोरंजन जगत से तमाम सितारे अभिनेता को बधाइयां दे रहे हैं। हालांकि, आपको बताते चलें कि अभिनेता ने इस गुड न्यूज को तीन दिन बाद साझा किया है, यानी कि एक्टर की पत्नी रुचिरा सिंह ने 24 जुलाई को बेटे को जन्म दिया था। 

  • 27 July 2025 4:10 PM IST

    अवामी लीग पार्टी की ऐतिहासिक धरोहर भी खतरे में

    अगस्त 2024 में विद्रोही गुटों ने शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया, हसीना को बांग्लादेश छोड़कर भागना पड़ा। उसके बाद बांग्लादेश में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार का गठन हुआ। अंतरिम सरकार ने अवामी लीग के सभी राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी। सत्ता से बेदखल हुई अवामी लीग पार्टी की ऐतिहासिक धरोहर भी खतरे में है।

  • 27 July 2025 4:06 PM IST

    पूर्वी कांगो में एक चर्च परिसर पर हमला , 21 लोगों की मौत

    इस्लामिक स्टेट समर्थित आंतकियों ने पूर्वी कांगो में एक चर्च परिसर पर हमला किया, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। यह हमला अलाइड डेमोक्रेटिक फ़ोर्स (एडीएफ) के सदस्यों ने कोमांडा में एक कैथोलिक चर्च परिसर के अंदर रात लगभग 1 बजे किया। आतंकियों ने कई घर और दुकानें भी जला दीं। नागरिक संस्था के एक नेता ने हमले की जानकारी दी।

Created On :   27 July 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story