Breaking News: आज की बड़ी खबरें 29 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 30 Jun 2025 12:25 AM IST
सभी मुद्दों पर गुमराह कर रही सरकार - कांग्रेस सांसद इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "कांग्रेस ने हमेशा तथ्यात्मक रूप से बात की है... हमारी सरकार से लगातार मांग रही है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए। सरकार आपात्काल पर विशेष सत्र बुला सकती है मगर उस मुद्दे पर नहीं जिसे सारी दुनिया देख रही है। हमारे क्षेत्र में लोग हमसे सवाल करते हैं तो हम उन्हें क्या जवाब दें? सरकार सभी मुद्दों को गुमराह करती है और पर्दा डालने की कोशिश करती है।"
- 30 Jun 2025 12:16 AM IST
प्रयागराज में भीम आर्मी के काफिले को रोकने की कोशिश में हुआ पथराव और आगजनी
भीम आर्मी के काफिले को रोकने की कोशिश में करछना थाना क्षेत्र (प्रयागराज) के पास पथराव के बीच हंगामा हुआ और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया किया गया। यमुनानगर के DCP विवेक चंद्र यादव ने इस मामले पर कहा, "आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आगमन को लेकर पास के गांव में लोग एकत्र हुए थे। उसके बाद उपद्रवियों ने वहां मौजूद पुलिस बल पर पथराव किया और वाहनों में तोड़फोड़ की... अब स्थिति सामान्य है। यहां पर्याप्त पुलिस मौजूद है। उपद्रवियों के खिलाफ बेहद सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। CCTV फुटेज के जरिए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ NSA और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी..."
- 29 Jun 2025 11:56 PM IST
ममता के सीएम रहते महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं होती रहेंगी - केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार
कोलकाता में कथित सामूहिक बलात्कार की घटना पर केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा, "कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। ममता बनर्जी पूरी तरह विफल हैं और पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हैं। अगर ममता बनर्जी अपने पद पर बनी रहीं, तो पश्चिम बंगाल की महिलाओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।"
- 29 Jun 2025 11:19 PM IST
परेश रावल की हुई हेरी फेरी 3 में वापसी
परेश रावल की कल्ट कॉमेडी फिल्म हेरा फेरी के तीसरे पार्ट में वापसी हो गई है। उन्होंने खुद इसका खुलासा किया कि वे फिल्म में अपने पॉपुलर बाबू भैया के कैरेक्टर में नजर आएंगे। अक्षय कुमार के साथ विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि वे उनके बीच में जो भी कुछ विवाद था वो अब सुलझ गया है।
- 29 Jun 2025 10:51 PM IST
'हल्दी बोर्ड शुरू कर पीएम मोदी ने निभाया वादा' - केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, "भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के मुख्यालय का उद्घाटन किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव के समय वादा किया था कि हम हल्दी बोर्ड शुरू करेंगे और हल्दी बोर्ड शुरू किया गया है। मैं तेलंगाना के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देना चाहता हूं।"
- 29 Jun 2025 10:40 PM IST
'राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे को लेकर गोरखपुर और यूपी खुश' - बीजेपी सांसद रवि किशन
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रही हैं। इसे लेकर बीजेपी सांसद रविकिशन ने कहा, "राष्ट्रपति महोदया जी आ रही हैं और इसके लिए पूरा गोरखपुर और उत्तर प्रदेश प्रफुल्लित है। यहां AIIMS में बड़े-बड़े ऑपरेशन कामयाब हो रहे हैं। यहां के बच्चे पढ़ाई में बहुत आगे आ रहे हैं। आज यहां स्वास्थ्य का इतना बड़ा मंदिर(AIIMS) प्रधानमंत्री मोदी ने लगवाया है। मैं सभी लोगों को बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं।"
- 29 Jun 2025 10:10 PM IST
युवा कांग्रेस कर्नाटक ने RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भारतीय युवा कांग्रेस कर्नाटक लीगल सेल के सदस्यों ने RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के खिलाफ बेंगलुरु के शेषाद्रिपुरम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में कहा गया है कि 26 जून 2025 को आपातकाल की याद में आयोजित एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए होसबोले ने खुले तौर पर कहा कि संविधान की प्रस्तावना में "समाजवादी" और "धर्मनिरपेक्ष" शब्दों पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए और उन्हें हटाया जाना चाहिए।
- 29 Jun 2025 9:42 PM IST
महाराष्ट्र सरकार ने त्रिभाषा नीति के फैसले पर लगाई रोक
महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने त्रिभाषा नीति पर फिलहाल रोक लगा दी है। सरकार ने यह फैसला जनता और विपक्षी दलों के विरोध के बाद लिया। प्रदेश की फडणवीस सरकार ने इस नीति से जुड़े अपने संशोधित सरकारी आदेश (जीआर) को वापस ले लिया है। इसके साथ ही इस पॉलिसी के रिव्यू के लिए एक कमेटी के गठन करने का ऐलान किया है।
- 29 Jun 2025 9:18 PM IST
'बंगाल में कोई भी बेटी ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते सुरक्षित नहीं' - भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "पूरे प्रदेश में भाजपा पहले दिन से सड़क पर है। आज पूरे प्रदेश में मशाल जुलूस चल रहा है। पूरे प्रदेश की युवा मोर्चा और महिला मोर्चा सड़क पर है... हमने यहां बड़ा मशाल जुलूस निकाला है। पूरे बंगाल में कोई भी बेटी ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते सुरक्षित नहीं है। बेटी को सुरक्षा देने का काम पुलिस का है। पुलिस पूरी तरीके से फेल है।"
बता दें कि रविवार को शुभेंदु अधिकारी ने अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ 25 जून की शाम को कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में कथित सामूहिक बलात्कार की घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
- 29 Jun 2025 8:40 PM IST
टीएमसी ने पार्टी विधायक मदन मित्रा को जारी किया कारण बताओ नोटिस
तृणमूल कांग्रेस ने दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज में कथित सामूहिक बलात्कार मामले पर हाल ही में की गई टिप्पणी को लेकर पार्टी विधायक मदन मित्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
Created On :   29 Jun 2025 8:00 AM IST