Breaking News: आज की बड़ी खबरें 29 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 29 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
29 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 29 Jun 2025 5:22 PM IST

    भारत फिर से 'सोने की चिड़िया' बनने की दिशा में बढ़ रहा है अरविंद गुप्ता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 123वें एपिसोड को जम्मू सहित पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ सुना गया। जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद गुप्ता ने स्थानीय लोगों और युवाओं के साथ मिलकर यह कार्यक्रम सुना। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आपातकाल का जिक्र किया और देशवासियों को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मोरारजी देसाई और उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम के ऑडियो सुनाए, जो आपातकाल से संबंधित थे।

  • 29 Jun 2025 5:15 PM IST

    बंगाल से ममता बनर्जी की विदाई तय है राम कदम

    महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता राम कदम ने कोलकाता गैंगरेप मामले में प्रदेश की टीएमसी सरकार पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते 5 वर्षों में वहां की जनता पर टीएमसी सरकार ने बहुत जुल्म किए। वहां की जनता ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के गुंडों से परेशान हो चुकी है। वहां की जनता सारे जुल्म का बदला आगामी विधानसभा चुनाव में लेगी।

  • 29 Jun 2025 5:06 PM IST

    'मैं पूरी रात सो नहीं सका था', टी20 विश्व कप की जीत को याद कर इमोशनल हुए रोहित शर्मा

    भारत ने एक साल पहले 29 जून 2024 को पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। यह खिताब भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था जो साल 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। भारत के लिए साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद लंबे समय तक खिताबी सूखा रहा, जिसे आखिरकार 'रोहित एंड कंपनी' ने पिछले साल खत्म किया।

  • 29 Jun 2025 4:57 PM IST

    जीएसटी डे मोदी सरकार के इस टैक्स रिफॉर्म से छोटे व्यापारियों के लिए कारोबार करना हुआ आसान

    भारत में हर साल एक जुलाई को 'जीएसटी डे' माना जाता है। इसी दिन आठ साल पहले 2017 में देश के सबसे बड़े टैक्स सुधारों में एक गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) को लागू किया गया था। जीएसटी को मोदी सरकार ने देश में व्यापार में आसानी के प्रयासों के तहत लागू किया था। इसमें राज्य सरकारों और केंद्र सरकार द्वारा लगाए जाने विभिन्न टैक्सों को जीएसटी के तहत लगाया गया, जिससे कि नियमों का अनुपालन आसानी से हो और व्यापारी अलग-अलग टैक्स की जगह एक टैक्स चुकाकर आसानी से अपने बिजनेस को चला पाए।

  • 29 Jun 2025 4:50 PM IST

    राष्ट्रपति शी चिनफिंग का शीत्सांग के गाला गांव के निवासियों को प्रेरणादायक संदेश

    चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हाल ही में शीत्सांग के लिनची शहर स्थित गाला गांव के सभी निवासियों को एक प्रत्युत्तर पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों के प्रति अपनी उम्मीदें और शुभकामनाए व्यक्त की हैं। अपने पत्र में, राष्ट्रपति शी ने चार साल पहले की गाला गांव की अपनी यात्रा को याद किया और बताया कि कैसे गांव की स्वच्छता, सुंदरता और ग्रामीणों की जीवंतता तथा सादगी ने उन पर गहरा प्रभाव डाला था। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों में गांव में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है और किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है।

  • 29 Jun 2025 4:03 PM IST

    भारत कई क्षेत्रों में विश्व के मापदंड से ऊंचे पायदान पर पहुंच रहा है चिराग पासवान

    लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के मामले में भारत की उपलब्धि को सराहा है। भारत के दूसरे पायदान पर पहुंचने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि भारत धीरे-धीरे कई क्षेत्रों में विश्व के मापदंड से देखा जाए तो ऊंचे पायदान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने कई उपलब्धियां हासिल की हैं और कई बड़े लक्ष्य को लेकर अग्रसर हैं।

  • 29 Jun 2025 3:41 PM IST

    कल्याणजी बर्थडे स्पेशल उधारी के बदले मिले सुर, फ़न के बूते पाया मुकाम

    कभी-कभी जिंदगी में जो चीजें इत्तेफाक से होती हैं, वही किस्मत की दिशा बदल देती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ था कल्याणजी के साथ, जो आगे चलकर हिंदी फिल्मों के मशहूर संगीतकार बने। कल्याणजी का पूरा नाम कल्याणजी वीरजी शाह था। उनका जन्म 30 जून 1928 को गुजरात के कच्छ के कुंदरोडी में हुआ था। कुछ साल बाद उनका परिवार गुजरात से मुंबई आया और यहां उनके पिताजी वीरजी शाह ने किराने की एक छोटी सी दुकान शुरू की।

  • 29 Jun 2025 3:31 PM IST

    कोलकाता गैंगरेप केस टीएमसी ने मदन मित्रा को थमाया कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

    कोलकाता के लॉ कॉलेज गैंगरेप मामले पर विवादित बयान को लेकर घिरे टीएमसी नेता मदन मित्रा की मुश्किलें थमती नजर नहीं आ रही हैं। टीएमसी ने मदन मित्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया और कहा कि उनका यह बयान पार्टी के कठोर रुख के खिलाफ है। पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सुब्रत बख्शी ने कहा, "कोलकाता शहर में एक लॉ स्टूडेंट के साथ बहुत ही जघन्य और अत्यंत दुखद घटना घटी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने दुखद और क्रूर यातना की इस अत्यंत संवेदनशील घटना पर दुख व्यक्त किया और इस घटना की कड़ी निंदा की है। प्रशासन आवश्यक कार्रवाई कर रहा है और दोषियों की त्वरित पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।"

  • 29 Jun 2025 3:21 PM IST

    ईरानी न्यायपालिका के प्रवक्ता असघर जहांगीर ने दी जानकारी

    ईरानी न्यायपालिका के प्रवक्ता असघर जहांगीर ने सरकारी समाचार एजेंसी को जानकारी देते हुए बताया कि मारे गए लोगों में जेल स्टाफ, सैनिक, कैदी और उनके परिजन शामिल हैं, जो हमले के वक्त मुलाकात के लिए वहां मौजूद थे। हमला पिछले सोमवार को हुआ था, लेकिन हमले और हमले में मरने वाले लोगों की पुष्टि अब हुई है।

  • 29 Jun 2025 2:30 PM IST

    भाजपा ने ‘मन की बात’ को बताया लोगों की आवाज

    दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ को लोगों की आवाज बताया। उन्होंने पीएम मोदी के संबोधन को अद्भुत माना। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री का मन की बात संबोधन वास्तव में लोगों की आवाज है। वह विभिन्न विषयों पर व्यापक जानकारी प्रदान करते हैं, नए विषयों को पेश करते हैं और उन मामलों को उजागर करते हैं जो अक्सर आम जनता तक नहीं पहुंच पाते। आज उन्होंने अपने संबोधन में पुणे के रमेश खरमाले के काम का जिक्र किया और असम के बोडोलैंड के बारे में भी बात की, बताया कि किस तरह से वहां फुटबॉल के माध्यम से युवा जुड़ रहे हैं।"

Created On :   29 Jun 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story