Breaking News: आज की बड़ी खबरें 6 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 7 Aug 2025 1:25 AM IST
फिल्म लेट्स प्ले गेम में 'नीता' का किरदार चुनौती और सुनहरा अवसर - युक्ति कपूर
अभिनेत्री युक्ति कपूर ने अपनी आगामी फिल्म 'लेट्स प्ले गेम' में अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि उनके किरदार 'नीता' की भावनात्मक दोहरी प्रकृति (एक ही समय में दो अलग-अलग प्रवृत्तियों के लोग) ने उन्हें इस भूमिका की ओर आकर्षित किया।
- 7 Aug 2025 12:45 AM IST
छत्तीसगढ़ बीजापुर में 9 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। यहां 24 लाख रुपए के इनामी सहित 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके अलावा, मुठभेड़ में एक माओवादी के मारे जाने की खबर है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा की है।
- 6 Aug 2025 11:51 PM IST
बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करेगी बिहार की जनता प्रशांत किशोर
बिहार के जमालपुर में जन सुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने बदलाव सभा को संबोधित किया। यह आयोजन रामपुर फुटबॉल मैदान में किया गया। प्रशांत किशोर ने जनता को संकल्प दिलाकर बच्चों की पढ़ाई और रोजगार के लिए वोट देने की अपील की। उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि लालू ऐसे पिता हैं जिनके बच्चों ने 9वीं कक्षा पास नहीं किया है, लेकिन वह चाहते हैं कि उनका बेटा बिहार का राजा बने। आप (जनता) अपने बच्चों को देखिए आपके बच्चों ने एमए और बीए कर लिया, लेकिन उनको चपरासी की भी नौकरी नहीं मिली। क्या आपको अपने बच्चे की चिंता नहीं है।
- 6 Aug 2025 11:36 PM IST
यूएस टैरिफ पर बोले पवन खेड़ा, 'भारत को ब्लैकमेल कर रहा अमेरिका'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाने का आदेश दिया। इसे लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हम ऐसी स्थिति में आ गए कि अमेरिका हमें ब्लैकमेल कर रहा है।
- 6 Aug 2025 10:20 PM IST
डोनाल्ड ट्रंप के अतिरिक्त 25 फिसदी टैरिफ पर शशि थरूर ने किया पलटवार
अमेरिका ने बुधवार शाम को भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है। इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह देश के लिए कोई अच्छी खबर नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अगर डोनाल्ड ट्रंप हमारे देश पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लागू कर देता है तो अमेरिका के अधिकांश नागरिक हमारे उत्पादों से दूर हो जाएंगे।
- 6 Aug 2025 9:49 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी 7 अगस्त को एमएस स्वामीनाथन शताब्दी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अगस्त यानी गुरुवार को एमएस स्वामीनाथन शताब्दी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर खुद इसकी जानकारी दी।
- 6 Aug 2025 9:00 PM IST
पटना जेल से बाहर आए अनंत सिंह, मोकामा से चुनाव लड़ने की घोषणा
बिहार के मोकामा क्षेत्र से पूर्व विधायक अनंत सिंह बुधवार को पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर निकले। पूर्व विधायक के जेल से बाहर आने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह और खुशी देखी गई।
- 6 Aug 2025 8:38 PM IST
अमित शाह के बिहार दौरे के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव, अब 7 नहीं, 8 अगस्त को जाएंगे पुनौराधाम
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज है। एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर जाएंगे। उनके बिहार दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया। पहले अमित शाह का पटना जाने का कार्यक्रम 7 अगस्त को था, लेकिन अब उनका प्रोग्राम बदलकर 8 अगस्त हो गया है।
- 6 Aug 2025 7:17 PM IST
सात अगस्त को रेसलर पूजा ढांडा की बिजनेसमैन अभिषेक बूरा से सगाई
भारत की मशहूर रेसलर पूजा ढांडा गुरुवार को सगाई रचाने जा रही हैं। परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी सगाई घिराय गांव के प्रॉपर्टी डीलर अभिषेक बूरा के साथ तय हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाली पूजा की शादी 13 नवंबर को होगी।
- 6 Aug 2025 6:18 PM IST
गलवान झड़प और मानसरोवर यात्रा के बाद पहली बार पीएम मोदी का चीन में दौरा, एससीओ समिट में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले हैं। इसके लिए पीएम मोदी चीन के दौरे पर जाएंगे। बता दें, गलवान घाटी और मानसरोवर यात्रा शुरू होने के बाद पीएम मोदी का ये पहला चीनी दौरा है। ये यात्रा भारत और चीन की तरफ से द्विपक्षीय संबंधों को और ज्यादा मजबूत करने के तौर से भी बहुत ही अहम है।
Created On :   6 Aug 2025 8:00 AM IST