Breaking News: आज की बड़ी खबरें 6 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 6 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
6 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 6 Aug 2025 6:08 PM IST

    बिहार गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, लुटेरों ने की फायरिंग

    बिहार में विपक्ष कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को लगातार घेर रही है। इस बीच, लुटेरों ने बुधवार को पुलिस की सक्रियता को चुनौती देते हुए गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और नकद तथा 10 से 12 लाख रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

  • 6 Aug 2025 5:58 PM IST

    राजस्थान झुंझुनूं में 25 से अधिक कुत्तों की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

    राजस्थान के झुंझुनूं में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक बंदूकधारी ने 25 से अधिक बेजुबान कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला झुंझुनूं के नवलगढ़ क्षेत्र के कुमावास गांव का है। बताया जा रहा है कि एक बंदूकधारी ने 2 और 3 अगस्त को क्षेत्र में घूम-घूमकर कुत्तों को गोली मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

  • 6 Aug 2025 5:57 PM IST

    'SIR पर चर्चा और...', वोटर लिस्ट को लेकर बढ़ा विवाद, मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया आखिर क्या चाहती है कांग्रेस?

    बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावी राज्य में इस वक्त मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। INDI गठबंधन के सहयोगी दल लगातार सरकार को घेर रहे हैं। SIR को खिलाफ आए दिन विपक्ष विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि उनकी पार्टी आखिर चाहती क्या है? वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह चाहते हैं सदन में एसआईआर को लेकर चर्चा के लिए समय दिया जाए। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि कांग्रेस वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी पर भी बातचीत करना चाहते हैं।  

  • 6 Aug 2025 5:56 PM IST

    हार का डर या पार्टी से नाराजगी? विधानसभा चुनाव से पहले 12 विधायक छोड़ देंगे JDU का साथ? पार्टी में बढ़ी हलचल!

    बिहार में सियासी हलचल तेज है। ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सभी पार्टियों ने अपनी रणनीतियों पर तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। अक्सर देखा जाता है कि जब भी किसी राज्य में चुनाव की तारीख नजदीक आती है तो राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा बिहार में देखने को मिल रहा है। प्रदेश में एक ओर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद जारी है, तो दूसरी तरफ विपक्षी दल आरजेडी सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। आरेडी की ओर से लगातार बयान देने का सिलसिला जारी है। इस बीच आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने जेडीयू को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। प्रवक्ता का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू के करीब 12 विधायक पार्टी से नाता तोड़ देंगे। नेता ने इसके पीछे की वजह एसआईआर को बताया है। 

  • 6 Aug 2025 5:55 PM IST

    अखिलेश यादव पर निशाना

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर जम कर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एक विकास मॉडल छात्रों को आधुनिक शिक्षा, अच्छी शिक्षा के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की बात करता है। दूसरी ओर, विकास का एक और मॉडल था जिसके तहत राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार में स्कूल तो थे लेकिन शिक्षक नहीं थे। उनके कार्यकाल में नकल आम बात थी। अगर उन्हें शिक्षा का मॉडल देखना है, तो उन्हें देखना चाहिए कि हमारे पास अब क्या है। यूपी में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार ने पिछले 8 वर्षों में 1,36,000 स्कूलों का आधुनिकीकरण किया है। हम लगातार और अधिक स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए काम कर रहे हैं।


  • 6 Aug 2025 5:10 PM IST

    धराली में कुदरत का कहर जारी, 5 की मौत, 11 जवानों सहित दर्जनों लापता, अब तक 400 से ज्यादा का रेस्क्यू

     उत्तराखंड में कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। दर्जनों घर पानी में बह गए। वहीं, अभी भी दर्जनों लोग और 11 जवान लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों को बचाने के लिए सर्च ऑपरेशन और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 400 से भी अधिक लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। वहीं, बुधवार (6 अगस्त) सुबह से अब तक 57 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इसके अलावा आज सुबह से एक शव बरामद किया गया है। अब तक कुल 5 लोगों के मौत की जानकारी सामने आई है। 

  • 6 Aug 2025 5:00 PM IST

    ताइवान के पास चीनी सैन्य गतिविधि, लगातार तीसरे दिन घुसपैठ जारी

    ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने बुधवार को बताया कि चीन की सेना ने ताइवान के पास लगातार तीसरे दिन सैन्य गतिविधि की है। बुधवार सुबह 6 बजे तक 16 चीनी सैन्य विमान, छह नौसैनिक जहाज और एक सरकारी जहाज ताइवान के आसपास देखे गए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 16 में से 8 पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के विमान मध्य रेखा को पार कर ताइवान के उत्तर और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे। इस घुसपैठ के जवाब में ताइवान की सेना ने निगरानी की और विमान, नौसैनिक पोत और तटीय मिसाइल प्रणाली तैनात की।

  • 6 Aug 2025 4:50 PM IST

    हरित क्रांति के जनक भारत को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाने वाले स्वामीनाथन बंगाल अकाल से थे आहत

    भारत में हरित क्रांति के जनक मनकोंबु संबाशिवन स्वामीनाथन को हम एमएस स्वामीनाथन के नाम से भी जानते हैं। बचपन से ही कृषि में विशेष रुचि रखने वाले स्वामीनाथन ने 'एवरग्रीन रिवॉल्यूशन' की ऐसी अवधारणा दी, जो पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ कृषि के बारे में थी। कृषि क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्वामीनाथन का जन्म 7 अगस्त, 1925 को तमिलनाडु के कुंभकोणम में एक तमिल ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता, डॉ. एमके संबासिवन, एक सर्जन और महात्मा गांधी के अनुयायी थे, जिन्होंने स्वदेशी और मंदिर प्रवेश आंदोलनों में हिस्सा लिया।

  • 6 Aug 2025 4:41 PM IST

    कोल्हापुर की फ्लाइट भी हुई बंद, नई सेवाएं शुरू करने में प्रशासन असफल

    जहां एक ओर शहर के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से नई विमान सेवाएं शुरू करने की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी ओर यहां से लगातार विमान सेवाएं बंद होती जा रही हैं। विमान सेवाएं बंद होने का खामियाजा यहां के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक शहरवासियों को नई विमान सेवाओं के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। हाल ही में नागपुर से कोल्हापुर के लिए उड़ान सेवा भी बंद हो गई है। स्टार एयर की वेबसाइट पर 28 अक्टूबर 2025 के लिए बुकिंग दिखा रहा है, लेकिन 27 अक्टूबर तक बुकिंग बंद दिखाई दे रही है। इस बारे में एयरलाइन्स की ओर से कोई अधिकृत बयान नहीं आया है।

  • 6 Aug 2025 4:30 PM IST

    दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर आईएमडी

    दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो दिनों में इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 5 से 7 अगस्त तक बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। उत्तराखंड के कुछ जिलों, जैसे रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, और देहरादून, में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी है। हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, खासकर उत्तरी हिस्सों में। उत्तर प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बाढ़ का खतरा भी है।

Created On :   6 Aug 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story