Breaking News: आज की बड़ी खबरें 6 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 6 Aug 2025 4:25 PM IST
उत्तराखंड फ्लैश फ्लड वायुसेना के आगरा व बरेली एयरबेस एक्टिव, राहत सामग्री लेकर पहुंचे विमान
उत्तराखंड के धराली-हर्षिल क्षेत्र में अचानक बाढ़ व उसके साथ आए मलबे (फ्लैश फ्लड) के कारण घाटी पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गई है। भूस्खलन से भी यहां बड़ा नुकसान हुआ है। भूस्खलन के कारण कई महत्वपूर्ण मार्ग टूट गए, जिससे यह इलाका अन्य क्षेत्रों से कट गया है। इस आपदा के बाद भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए राहत और बचाव कार्यों की शुरुआत की है। वायुसेना के एयरबेस और विमान हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। वहीं बरेली और आगरा से वायुसेना के विमान और हेलीकॉप्टर राहत कार्य में जुटे हैं। वायुसेना के मुताबिक बरेली एयरबेस पर तैनात एमआई-17 और एएलएच एमके-3 हेलीकॉप्टरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
- 6 Aug 2025 4:21 PM IST
'लोकतंत्र के लिए अहम है मतदाता सूची संशोधन पर चर्चा', खड़गे ने राज्यसभा के उपसभापति को लिखा पत्र
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश को पत्र लिखकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर तत्काल चर्चा की मांग की है। खड़गे ने कहा कि यह मुद्दा देश के करोड़ों मतदाताओं, खासकर कमजोर वर्गों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। खड़गे ने अपने पत्र में 21 जुलाई 2023 को तत्कालीन सभापति द्वारा दिए गए एक फैसले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि राज्यसभा में हर मुद्दे पर चर्चा हो सकती है, सिवाय सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के जजों के आचरण से संबंधित मामलों के, जब तक कि उनको हटाने के लिए राष्ट्रपति को संबोधित प्रस्ताव न हो।
- 6 Aug 2025 4:10 PM IST
बिहार चोरी के दौरान चली गोली से चोर की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में चोरी के दौरान कथित तौर पर गोली चलने से एक चोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पूरी घटना भगवानपुर थाना के राधा खाड़ गांव की बताई जा रही है। बताया गया कि रविवार देर रात चोरी की वारदात के दौरान गोली लगने से एक चोर की मौत हो गई। प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई कि उन्हीं के साथी चोरों द्वारा गोली चलाई गई, जो घर से भागने के क्रम में फायरिंग कर रहे थे।
- 6 Aug 2025 4:01 PM IST
हॉरर सीरीज 'अंधेरा' की रिलीज डेट आउट, निर्माता ने बताया क्यों है उनके लिए खास
सुपरनैचुरल हॉरर और इंवेस्टिगेशन सीरीज 'अंधेरा' के मेकर्स ने बताया है कि यह 14 अगस्त को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। हॉरर सीरीज 'अंधेरा' के निर्माता गौरव देसाई ने सीरीज के अनुभव के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि अंधेरा' बनाना मेरे लिए अब तक के सबसे खास अनुभवों में से एक है। मुझे हमेशा से हॉरर और सुपरनैचुरल कहानियों में दिलचस्पी रही है। अब जब मैंने खुद ऐसी कहानी बनाई है, तो मुझे बहुत खुशी और एक सपने को सच करने जैसा लग रहा है।
- 6 Aug 2025 3:50 PM IST
30 दिन बाद आएगी 'दिल मद्रासी', मेकर्स ने जारी किया नया पोस्टर
साउथ इंडियन स्टार शिवकार्तिकेयन पहली बार मशहूर फिल्ममेकर एआर मुरुगदॉस के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का नाम है 'दिल मद्रासी'। इस फिल्म के बढ़ते इंतजार के बीच मेकर्स ने फिल्म की रिलीज से सिर्फ 30 दिन पहले धमाकेदार नया पोस्टर जारी कर काउंटडाउन की शुरुआत कर दी है। श्रीलक्ष्मी मूवीज के बैनर तले बन रही 'दिल मद्रासी' का नया पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "बस गुस्सा, बुराई और कोई रहम नहीं। दिल मद्रासी अब बस 30 दिन दूर।"
- 6 Aug 2025 3:40 PM IST
अमृता खानविलकर को पहला महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड मिला, बोलीं- 'मैं इसे कभी नहीं भूल पाऊंगी'
अमृता खानविलकर मराठी और हिंदी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्हें हाल ही में महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। 60-61वें महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड का कार्यक्रम हाल ही में हुआ था, जिसमें एक्ट्रेस को फिल्म 'चंद्रमुखी' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया। एक्ट्रेस अभी भारत में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने एक बयान जारी करते हुए कहा, ''आज का दिन मेरे लिए खास है क्योंकि महाराष्ट्र राज्य ने मुझे नई पहचान दी है। हमने 'चंद्रमुखी' में एक टीम की तरह काम किया और डायरेक्टर से लेकर स्पॉट बॉय तक, हमारी कड़ी मेहनत रंग लाई। दर्शकों ने इसे जो प्यार दिया, वो आज भी दिखता है।''
- 6 Aug 2025 3:30 PM IST
उत्तराखंड धराली में 70 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया गया
उत्तराखंड के धराली में भूस्खलन में फंसे 70 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। सेना ने बुधवार को दी जानकारी में बताया कि आपदाग्रस्त इलाके में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत व बचाव अभियान अभी भी चलाया जा रहा है। अब तक 70 से अधिक लो गों को सुरक्षित निकाला गया है।
- 6 Aug 2025 3:21 PM IST
उखरी तिराहे को निगल गया अतिक्रमण पल-पल में जाम, बना एक्सीडेंटल पाॅइंट
शहर के एमआर-फोर पर स्थित अतिव्यस्ततम उखरी तिराहे को अतिक्रमण का दानव निगल गया है। यहां पर आधा दर्जन से अधिक अतिक्रमण होने के कारण तिराहे का चौड़ीकरण नहीं हो पा रहा है। हालत ये हैं कि तिराहे पर पल-पल में जाम लग रहा है। यहां पर रोज हादसे होने से उखरी तिराहा एक्सीडेंटल पाॅइंट बन गया है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी अतिक्रमण हटाकर तिराहे को चौड़ा करने पर काम नहीं कर रहे हैं।
- 6 Aug 2025 3:14 PM IST
ग्रेट बैरियर रीफ में बढ़ते जलवायु परिवर्तन के कारण प्रवाल की संख्या में तेजी से कमी
ऑस्ट्रेलिया की मशहूर ग्रेट बैरियर रीफ में कठोर प्रवाल का आवरण तेज़ी से घट गया है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद, अब यह अपने पुराने औसत स्तर पर वापस आ गया है। बुधवार को एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बढ़ता समुद्री तापमान, समुद्री अम्लीकरण आदि प्रवाल की संख्या में तेजी से कमी का कारण बन रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड तट पर स्थित दुनिया की सबसे बड़ी प्रवाल भित्ति प्रणाली पर ऑस्ट्रेलियाई समुद्री विज्ञान संस्थान (एआईएमएस) की वार्षिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, प्रवाल के स्वास्थ्य में अब एक नई तरह की अस्थिरता देखने को मिल रही है।
- 6 Aug 2025 2:55 PM IST
भदनपुर में युवक का शव मिलने का मामला
बदेरा पुलिस ने भदनपुर के 30 से 35 वर्षीय युवक की लाश मिलने के मामले का खुलासा करते हुए एक ही परिवार के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पीटकर युवक की हत्या कर दी थी।
Created On :   6 Aug 2025 8:00 AM IST