Breaking News: आज की बड़ी खबरें 6 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 6 Nov 2025 9:34 AM IST
नित्यानंद राय का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है। बिहार के वैशाली ने लोकतंत्र को जन्म दिया। आज भी हम सभी लोगों से मतदान करने और लोकतंत्र के महापर्व को मनाने का आग्रह करते हैं। एनडीए जीतेगा क्योंकि बिहार के लोग इस बार लोकतंत्र का महापर्व विकास के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए मना रहे हैं कि जंगल राज वापस न आए।
- 6 Nov 2025 9:32 AM IST
अमेरिका में अब तक का सबसे लंबा शटडाउन जारी, हवाई क्षमता में 10 फीसदी कटौती की चेतावनी
अमेरिका में शटडाउन का असर हवाई सेवा पर भी होने वाला है। संयुक्त राज्य अमेरिका सरकार शुक्रवार सुबह से 40 प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन में 10 प्रतिशत की कटौती करेगी। परिवहन सचिव सीन डफी ने बुधवार को घोषणा की।
- 6 Nov 2025 9:06 AM IST
लालू परिवार ने किया मतदान, तेजस्वी बोले- रोजगार-शिक्षा और अच्छी स्वास्थ्य सेवा के लिए करें वोट
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोट डालने के बाद राजद नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं बिहार के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने वर्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए भारी संख्या में वोट करें। रोजगार, शिक्षा, अच्छी स्वास्थ्य सेवा के लिए वोट करें। हम जीतने वाले हैं, बिहार जीतने वाला है। 14 नवंबर को नई सरकार बनेगी।
- 6 Nov 2025 8:56 AM IST
'आज अपना भविष्य तय करने का दिन', प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार से मतदाताओं से वोट की अपील की
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मौके पर बिहार के लोगों से वोटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने बिहार की जनता से कहा कि आज अपने हाथों से अपना भविष्य तय करने का दिन है।
- 6 Nov 2025 8:46 AM IST
चिराग पासवान ने वोट डालने की अपील कर राहुल गांधी को घेरा
केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, "सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि मतदान जरूर करें। मैं चाहता हूं कि आज मतदान का रिकॉर्ड बने और सबसे ज्यादा मतदान हो। आज सबको एकजुट होकर मतदान करना चाहिए।"
राहुल गांधी की वोट चोरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते। SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है।"
- 6 Nov 2025 8:39 AM IST
'आइए नया बिहार बनाएं', वोट डालने के बाद तेजस्वी यादव का बड़ा बयान
राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हम कहेंगे कि बदलाव जरूरी है, आइए नया बिहार बनाएं, आइए नई सरकार बनाएं।
- 6 Nov 2025 8:30 AM IST
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: राबड़ी देवी ने की वोट डालने की अपील
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जारी है। इस बीच राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा कि मैं महिलाओं, बच्चों और सभी से अपील करती हूं कि वे अपने घरों से बाहर आएं और वोट दें। इस बार बदलाव होगा, लोग बदलाव लाएंगे।
- 6 Nov 2025 8:19 AM IST
बिहार विधानसभा चुनाव पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध
बिहार में गुरुवार की सुबह सात बजे से विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान का कार्य शुरू हो गया। मतदान को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों के 3.75 करोड़ से ज्यादा मतदाता 1314 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
- 6 Nov 2025 8:08 AM IST
'जिन्हें सत्ता में नहीं आना वो झूठे वादे करेंगे', दरभंगा से बीजेपी उम्मीदवार संजय सरावगी का RJD पर प्रहार
बिहार सरकार में मंत्री और दरभंगा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संजय सरावगी ने कहा कि जिन्हें सत्ता में आना नहीं है वे(राजद) ऐसे झूठे वादे करेंगे। जनता ऐसी बातों को समझती है और आम जनता प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और NDA के साथ है। NDA भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और दरभंगा में भारी जीत हासिल करेगी।
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा कि वे हारने के बाद की अपनी योजनाएं बना रहे हैं। उन्हें पता है कि महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ेगा, इसलिए वे पहले से ही योजना बना रहे हैं कि उसके बाद क्या बोलना है। जहां उनकी सरकार बनती है, वहां सब ठीक है, लेकिन जहां NDA जीतता है, वहां वे वोट चोरी वगैरह की झूठी कहानियां फैलाना शुरू कर देते हैं। NDA की लहर है और NDA की सरकार बनेगी।
Created On :   6 Nov 2025 8:00 AM IST











