बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में उमड़ी भीड़ जनता के विश्वास का प्रतीक प्रतीक भूषण सिंह
गोंडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने अपने पिता और पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद उनके समर्थन में उमड़ी भीड़ को जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता को एक सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया गया था और अब जनता का भारी समर्थन इस बात का प्रमाण है कि लोग उनके साथ खड़े हैं।
प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि हमें पूरी उम्मीद थी कि जब मेरे पिता बरी होकर आएंगे, तो लोग बहुत बड़ी संख्या में उनको देखना चाहेंगे, उनकी बात सुनना चाहेंगे। मेरे पिता को किस तरह षड्यंत्र के द्वारा फंसाया गया, किस तरह उनका रास्ता रोका गया, लोग देखने आए थे कि इस पर नेताजी क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य, सहयोगी, कार्यकर्ता, क्षेत्र के बुजुर्ग, युवा और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य समर्थक इस अवसर पर मौजूद रहे। यह भीड़ केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं थी, बल्कि जनता के विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रदर्शन था। प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि अपना साथ दिखाने के लिए मेरे बहुत सारे परिवार के सदस्य, मेरे साथी, मेरे इलाके के रहने वाले, मेरे बूढ़े-बुजुर्ग और नौजवान लड़के-लड़कियां, बहुत सारे लोग आए थे और मैं सबको धन्यवाद करता हूं।
अपने पिता के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बृज भूषण शरण सिंह हमेशा चुनौतियों का डटकर सामना करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता संघर्षों से कभी पीछे नहीं हटे और यही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। भावनात्मक अंदाज में उन्होंने कहा कि मेरे पिता संघर्ष का नाश्ता करते हैं, भूजा की तरह संघर्ष खाते हैं। रोज कुछ न कुछ लगा रहता है और पापा को देखकर मैं भी बहुत कुछ सीखता हूं। जिस प्रकार वह मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं, उसका मुझ पर गहरा असर पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता ने हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों पर मुखर होकर अपनी बात रखी है और यदि जनता के हितों के लिए संघर्ष करना ही राजनीति है, तो यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की राजनीतिक और सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Aug 2026 9:02 PM IST












