सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा में रिश्वत के मामले में असिस्टेंट डीजीएफटी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के पानीपत में जॉइंट डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (डीजीएफटी) के ऑफिस में तैनात असिस्टेंट डीजीएफटी को रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया है।
एजेंसी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके जानकारी दी कि सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ यह मामला दर्ज किया, जिस पर आरोप है कि पानीपत, हरियाणा में जॉइंट डीजीएफटी ऑफिस के असिस्टेंट डीजीएफटी ने शिकायतकर्ता से एक्सपोर्ट प्रमोशन कैपिटल गुड्स (ईपीसीडी) ऑथराइजेशन फाइल की कमियों को दूर करने और उसे प्रोसेस करने के लिए 30,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
इसी को लेकर सीबीआई ने बुधवार को जाल बिछाया और आरोपी सरकारी कर्मचारी को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपए की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी को पंचकूला में सीबीआई की तय अदालत में पेश किया जाएगा। इसी के साथ आरोपी के घर और ऑफिस में तलाशी ली जा रही है। सीबीआई की ओर से मामले से जुड़ी आगे की जांच और विधिवत कार्रवाई जारी है।
बता दें कि बुधवार को सीबीआई की ओर से इसी प्रकार की कार्रवाई का एक दूसरा मामला दिल्ली से सामने आया, जहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जेनसोल इंजीनियरिंग लिमिटेड, जेनसोल ईवी लीज लिमिटेड, उनके प्रमोटर अनमोल सिंह जग्गी और पुनीत सिंह जग्गी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कथित तौर पर लोन की रकम के डायवर्जन और गबन के मामले में कार्रवाई की। यह एफआईआर सीबीआई की एंटी-करप्शन ब्रांच, नई दिल्ली ने दर्ज की है।
सीबीआई की ओर से यह मामला इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (आईआरईडीए) की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 61(2) के साथ 318(ए), 336(3) और 340(2) के तहत अपराध किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Aug 2026 9:50 PM IST












