चेन्नई में दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी जानकारी
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 6 से 10 सितंबर के बीच खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि खिताबी मुकाबले की मेजबानी चेन्नई का एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम करेगा।
बीसीसीआई सचिव ने 'आईएएनएस' से बात करते हुए बताया, "मैं यह नहीं कहूंगा कि हम फाइनल का वेन्यू बदल रहे हैं। हालांकि, हम चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच आयोजित कर रहे हैं। बाकी मैच बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड में होंगे। बेंगलुरु में दर्शक नहीं होंगे, क्योंकि कुछ सरकारी पाबंदियां हैं, हम उस कॉम्प्लेक्स में दर्शकों को आने की इजाजत नहीं दे सकते। इसी वजह से दलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच चेन्नई में होगा।"
मुकाबले के प्रसारण के बारे में और जानकारी देते हुए सैकिया ने कहा, "सभी मैच डिजिटल चैनल और लीनियर टीवी दोनों पर लाइव दिखाए जाएंगे। जो लोग जाकर लाइव देखना चाहते हैं, वे चेन्नई के स्टेडियम में आकर फाइनल मैच लाइव देख सकते हैं।"
दलीप ट्रॉफी का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच में 23 अगस्त से खेला जाना है। वहीं, दूसरा क्वार्टर फाइनल नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच 23 अगस्त से खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मैच 30 अगस्त से खेले जाने हैं। सेंट्रल जोन इस बार अपने खिताब का बचाव करने मैदान पर उतरेगी। दलीप ट्रॉफी 2025 का खिताब सेंट्रल जोन ने अपने नाम किया था। टीम ने एकतरफा मुकाबले में साउथ जोन को 6 विकेट से शिकस्त दी थी।
रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानादर रहा था। रजत ने पहली पारी में शतकीय पारी खेली थी, जबकि यश राठौड़ ने 194 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में सारांश जैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 8 विकेट अपने नाम किए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Aug 2026 10:10 PM IST












