चमोली हेलीकॉप्टर हादसा सीएम धामी ने जताया गहरा शोक, दुर्घटना की जांच के दिए निर्देश

देहरादून, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने तथा इसके कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत संबंधी व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने को कहा।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद जोशीमठ तहसील के चाई गांव के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, भारतीय सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। हेलीकॉप्टर की तलाश और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना की टीम ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। मौके पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।
चमोली के अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित पांच यात्री सवार थे। दुर्घटना में सभी की मौत हो गई। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को जोशीमठ में कराया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
