छठ पूजा पर हवाई टिकट 30-40 हजार रुपए तक, बिहारियों के साथ हो रही लूट मुकेश सहनी

छठ पूजा पर हवाई टिकट 30-40 हजार रुपए तक, बिहारियों के साथ हो रही लूट मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने छठ पूजा के दौरान हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी, बिहार की कानून-व्यवस्था और दो निर्दलीय एमएलसी के भाजपा में शामिल होने को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन करोड़ घुसपैठियों के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में घुसपैठिए पकड़े गए हैं तो सरकार को उनकी सूची और मौजूदा स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

पटना, 3 नवंबर (आईएएनएस)। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने छठ पूजा के दौरान हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी, बिहार की कानून-व्यवस्था और दो निर्दलीय एमएलसी के भाजपा में शामिल होने को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन करोड़ घुसपैठियों के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में घुसपैठिए पकड़े गए हैं तो सरकार को उनकी सूची और मौजूदा स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

मुकेश सहनी ने कहा कि हवाई किराए में बढ़ोतरी के मुद्दे पर भारत सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। चुनाव के समय बिहार में लोगों को लुभाने के लिए हवाई किराए कम रखे गए और नेताओं के जरिए लोगों को लाने की व्यवस्था की गई, लेकिन चुनाव खत्म होते ही यात्रियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। छठ बिहार का सबसे बड़ा पर्व है और राज्य का लगभग हर नागरिक इससे जुड़ा रहता है। ऐसे में दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों से बिहार आने के लिए 30 से 40 हजार रुपए तक टिकट मिलना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रही हैं और इस लूट में सरकार की भी भागीदारी है।

उन्होंने केंद्र सरकार से किराए की अधिकतम सीमा तय करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार चाहे तो एयरलाइंस कंपनियों को 10 से 12 हजार रुपए से अधिक किराया नहीं लेने की गाइडलाइन जारी कर सकती है। इस बार न तो विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं और न ही अतिरिक्त विमानों की व्यवस्था की गई है। कई बिहारी अपने गांव और परिवार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और दूसरे शहरों में ही छठ मनाने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार के लोगों के साथ ऐसा व्यवहार जारी रहा तो जनता 2024 की तरह आगे भी जवाब देगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस बयान पर कि अपराध हो सकता है, लेकिन अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया है, सहनी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री की परिभाषा समझ में नहीं आती। बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है और राज्य में गुंडागर्दी चल रही है। मौजूदा सरकार बैसाखियों के सहारे चल रही है और मुख्यमंत्री के पास स्वतंत्र रूप से फैसले लेने की ताकत नहीं है। मुख्यमंत्री दिल्ली के दबाव में काम कर रहे हैं और किसी के खिलाफ कार्रवाई करने पर उन्हें ऊपर से फोन आने का डर रहता है। राज्य को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो वोट बैंक से ऊपर उठकर कानून-व्यवस्था और विकास के लिए काम करे।

मुख्यमंत्री की ओर से सक्षम लोगों को बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील पर सहनी ने सरकार की योजना और वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना योजना और वित्तीय स्थिति समझे कई घोषणाएं की गईं। सहनी ने महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने, पहले 10 हजार रुपए देने और 125 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी घोषणाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार का खजाना खाली है और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है।

दो निर्दलीय एमएलसी के भाजपा में शामिल होने और उनकी सदस्यता रद्द करने की विपक्ष की मांग पर सहनी ने कहा कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय जो फैसला करेगा, वह स्वीकार होगा। हालांकि, उन्होंने भाजपा पर जेडीयू को कमजोर करने की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया। सहनी ने कहा कि चुनाव से पहले ही उन्हें जानकारी मिली थी कि भाजपा दोनों प्रत्याशियों को जेडीयू के खिलाफ मदद कर रही है, लेकिन शुरुआत में इसे अफवाह समझा गया। चुनाव परिणाम आने के कुछ दिन बाद दोनों नेताओं का भाजपा में शामिल होना जेडीयू की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है। भाजपा ने दोनों नेताओं की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया है और उन्हें अपने नियंत्रण में कर लिया है।

अमित शाह के तीन करोड़ घुसपैठियों के आंकड़े पर सहनी ने सवाल किया कि यदि देश में इतने घुसपैठिए थे तो वे अब कहां हैं? उन्होंने पूछा कि उन्हें किस जेल में रखा गया है और कितने लोगों को उनके देश वापस भेजा गया है। सहनी ने सरकार से घुसपैठियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ फैलाने की फैक्ट्री बन गई है और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story