छत्तीसगढ़ बलरामपुर की जगरानी दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा, सशक्तीकरण का भी दे रहीं संदेश

बलरामपुर, 25 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बासिन गांव की रहने वाली जगरानी पैकरा महिलाओं की आत्मनिर्भरता का एक उदाहरण बनकर उभरी हैं। 'राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन' के तहत एक महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद, उन्होंने 2018 में 90,000 रुपए का ऋण लिया और किराने की एक छोटी-सी दुकान शुरू की।
धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए, उन्होंने एक राइस मिल (चावल मिल) लगाई और खेती-बाड़ी भी शुरू कर दी। आज, उनकी किराने की दुकान और राइस मिल से उन्हें हर महीने 10,000 से 15,000 रुपए की आमदनी होती है।
बलरामपुर जिले के ग्राम बासिन की जगरानी पैकरा की जिंदगी में एक समय ऐसा भी था, जब परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करना चुनौती बना हुआ था। सीमित आमदनी और संसाधनों की कमी के बीच परिवार चलाना आसान नहीं था। लेकिन जगरानी ने हालात के सामने हार मानने के बजाय खुद कुछ करने का फैसला किया। इसी दौरान वे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित चंपा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें न केवल आर्थिक सहयोग मिला, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी मिला।
आईएएनएस से बातचीत में स्वयं सहायता समूह की सदस्य जगरानी पैकरा ने कहा कि मैंने 2018 में कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड से पैसे लिए, जिसके बाद मैंने एक छोटी-सी दुकान खोली। फिर, जब दुकान से आमदनी होने लगी, तो मैंने यहां एक हॉलर मशीन भी लगा ली। इससे भी मुझे कमाई हो रही है। अब मेरी किराने की दुकान काफी बड़ी हो गई है और मैं महीने में लगभग 10 से 15 हजार रुपए कमा लेती हूं। यह योजना हमारे लिए बहुत फायदेमंद है और ऐसी योजनाएं चलाने के लिए मैं केंद्र सरकार और पीएम मोदी को धन्यवाद देती हूं। ऐसी योजनाएं आगे भी चलती रहें, ताकि हमारे गरीब स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आगे बढ़ सकें और मैं उन्हें प्रेरित कर सकूं।
जगरानी के साथ दुकान में काम करने वाले यमुना पैकरा ने कहा कि मैं और मेरी भाभी मिलकर दुकान चलाते हैं। 2018 में मेरी भाभी ने लोन लिया था, जिसके बाद दुकान शुरू की गई।
जगरानी पैकरा की यह सफलता केवल एक महिला के व्यवसाय की कहानी नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की सरकारी पहल का भी उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
जगरानी जैसी महिलाएं साबित कर रही हैं कि जब उन्हें अवसर, सहयोग और सही मार्गदर्शन मिलता है, तो वे न केवल अपनी, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक तस्वीर बदल सकती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
