चीन के फूचो में 31 अक्टूबर से विश्व शहरी दिवस का आयोजन
बीजिंग, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र मानव बस्ती कार्यक्रम (यूएन-हैबिटेट) ने बुधवार को घोषणा की कि 2026 विश्व शहरी दिवस का वैश्विक मुख्य आयोजन 31 अक्टूबर से दक्षिण-पूर्वी चीन के फ़ूच्येन प्रांत की राजधानी फ़ूचो में होगा। इस वर्ष इसकी थीम है, 'नवीनीकरण से सशक्तिकरण, रहने योग्य शहरों का सपना'।
यूएन-हैबिटेट ने केन्या की राजधानी नैरोबी से जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि यह आयोजन तीन दिनों तक चलेगा। इसकी शुरुआत 31 अक्टूबर को उच्च स्तरीय उद्घाटन समारोह से होगी। इस दौरान चौथा वैश्विक सतत विकास शहरी पुरस्कार यानी 'शांगहाई पुरस्कार' भी प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार दुनिया भर में सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले शहरों को दिया जाता है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इस वर्ष के आयोजन में विषयगत मंच, शहरी नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों के लिए विशेष गतिविधियां, जमीनी अनुभव साझा करने के सत्र और शहर भ्रमण कार्यक्रम भी शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि शहरी नवीनीकरण सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने और दुनिया भर में आवास संकट को कम करने में किस तरह मदद कर सकता है। इसके साथ ही, मौजूदा शहरी स्थानों के बेहतर इस्तेमाल, पर्याप्त आवास उपलब्ध कराने और अधिक समावेशी, सुरक्षित व सतत शहरों के निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा।
इस वैश्विक आयोजन में संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न देशों की सरकारों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी क्षेत्र और सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे अपने अनुभव साझा करेंगे और शहरों के सामने मौजूद साझा चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक समाधान तलाशेंगे।
गौरतलब है कि चीन की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2013 में एक प्रस्ताव पारित किया था। इसके तहत 2014 से हर साल 31 अक्टूबर को विश्व शहरी दिवस मनाया जाता है। यह शहरों पर केंद्रित संयुक्त राष्ट्र का पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस है। साथ ही, यह संयुक्त राष्ट्र में चीनी सरकार की ओर से प्रस्तावित पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस भी है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 11:13 PM IST












