'चाइना मास्टर्स' के बाद 'एशियन गेम्स' पर निगाहें, चिराग शेट्टी ने बताया क्या है प्लान?

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के सात्विकसाई रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने रविवार को 'बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट चाइना मास्टर्स' में चीन की जोड़ी को मात देकर मेंस डबल्स का खिताब अपने नाम किया। अब इस भारतीय जोड़ी की निगाहें 'एशियन गेम्स 2026' पर हैं, जहां चिराग-सात्विक अपनी स्वर्णिम सफलता दोहराने उतरेंगे।
एशियन गेम्स 2022 में सात्विकसाई रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने साउथ कोरियाई जोड़ी चोई सोल-ग्यू और किम वोन-हो को मात देकर गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा किया था।
आगामी एशियन गेम्स की तैयारी को लेकर चिराग शेट्टी ने 'आईएएनएस' से बातचीत में कहा, "यह हमारा तीसरा एशियन गेम्स होगा। हमें इतने बड़े मंच पर खेलने की आदत हो गई है। ऐसे में किसी बड़े इवेंट में खेलने का कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है, लेकिन आप जो भी टूर्नामेंट खेलते हैं, उसमें हमेशा दबाव होता ही है। इसी तरह आप उससे निपटते हैं और उसे संभालते हैं। हम बस इसी तरह आगे बढ़ना चाहते हैं।"
आगामी 2026 एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे। अपनी तैयारियों को लेकर चिराग ने बताया, "एशियन गेम्स के लिए जाने से पहले हमारे पास प्रैक्टिस के लिए 10 दिन हैं। हम वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसलिए नागोया के लिए उड़ान भरने से पहले, हम अपनी कमियों पर काम करना चाहते हैं। अगले 10 दिनों में हमारा लक्ष्य अपने शरीर को फिट रखना और उन चीजों पर काम करना है, जिन पर काम करने की जरूरत है।"
रविवार को बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी ने चीन के जी तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी के खिलाफ 11-21, 21-13, 21-17 से मात दी। यह साल 2005 में टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से चाइना मास्टर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी है।
इससे पहले, सात्विक-चिराग की जोड़ी साल 2023 और 2025 में टूर्नामेंट की उपविजेता रही थी। साल 2024 में उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। यह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर इस भारतीय जोड़ी का 10वां खिताब था। इस साल उनका दूसरा सुपर 750 खिताब और कुल मिलाकर चौथा खिताब था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2026 10:11 PM IST











