चीन में एआई प्रौद्योगिकी गतिविधियों की नैतिकता और शासन का विनियमन
बीजिंग, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। चीनी उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित 10 विभागों से शुक्रवार, 3 अप्रैल को मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में इन विभागों ने संयुक्त रूप से “कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी नैतिकता की समीक्षा और सेवा के लिए उपाय (परीक्षण)” जारी किए हैं। इन उपायों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रौद्योगिकियों की नैतिक समीक्षा में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और एआई से जुड़े नैतिक जोखिमों को रोकने के लिए तकनीकी साधनों के उपयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
उपायों में स्पष्ट किया गया है कि एआई प्रौद्योगिकी की नैतिक समीक्षा मानव कल्याण, निष्पक्षता और तटस्थता, तथा नियंत्रणीयता और विश्वसनीयता जैसे प्रमुख पहलुओं पर केंद्रित होगी। इसके तहत यह जांच की जाएगी कि प्रशिक्षण डेटा के चयन मानदंड, एल्गोरिदम, मॉडल और सिस्टम का डिजाइन तर्कसंगत है या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि पूर्वाग्रह और भेदभाव को रोकने, एल्गोरिदम के दुरुपयोग पर नियंत्रण रखने, संसाधनों के उचित आवंटन, अवसरों की समान पहुंच और निर्णय प्रक्रिया की निष्पक्षता व समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं या नहीं।
इसके अलावा, एल्गोरिदम, मॉडल, सिस्टम के उद्देश्य, संचालन तर्क, अंतःक्रिया के तरीके और संभावित जोखिमों से संबंधित जानकारी का उचित खुलासा किया गया है या नहीं, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा।
उपायों में यह भी कहा गया है कि एआई प्रौद्योगिकियों की नैतिक समीक्षा को मजबूत करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले डेटासेटों की व्यवस्थित ओपन सोर्स रिलीज को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही सामान्य प्रयोजन जोखिम प्रबंधन, मूल्यांकन और लेखापरीक्षा उपकरणों के अनुसंधान एवं विकास को मजबूत किया जाएगा। विभिन्न अनुप्रयोग परिदृश्यों के आधार पर नैतिक जोखिम मूल्यांकन की प्रक्रिया को विकसित किया जाएगा, नैतिक मानकों का पालन करने वाले एआई उत्पादों और सेवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा, और संबंधित प्रौद्योगिकियों के बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 7:05 PM IST












