बटाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिस्तौल और कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बटाला, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के बटाला में पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई में दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी बटाला के दिशा-निर्देशों और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नॉएस निवासी गांव पाखे टाहली साहिब और राजविंदर सिंह उर्फ राजा निवासी तरसिका, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक 32 बोर की पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को डेरा बाबा नानक क्षेत्र में एक व्यक्ति को पांच लाख रुपए की मांग को लेकर धमकी भरा फोन आया था। इस संबंध में थाना डेरा बाबा नानक में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और संभावित घटना को होने से पहले ही रोक दिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले भी एक मेडिकल स्टोर संचालक के साथ मारपीट की थी। यह पूरी साजिश विदेश में बैठे एक एजेंट के कहने पर रची गई थी, जिसने उन्हें हथियार उपलब्ध कराए और इसके बदले पैसे देने का वादा किया था।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले और उनके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि आगे की पूछताछ में और जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 6:56 PM IST












