चित्रकूट में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम, घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रेमी सहित दो की मौत

चित्रकूट में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम, घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रेमी सहित दो की मौत
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में एक युवक ने प्रेमिका के परिजनों को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर घर में घुसकर गोलियां चला दीं। इस घटना में प्रेमिका की चाची की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में एक युवक ने प्रेमिका के परिजनों को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर घर में घुसकर गोलियां चला दीं। इस घटना में प्रेमिका की चाची की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद आरोपी युवक भी घायल अवस्था में मिला, जिसकी बाद में मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

दरअसल, जोरवारा गांव निवासी श्यामधार मिश्रा उर्फ बबुआ का गांव की ही एक दलित युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवती एक दिन पहले घर से चली गई थी। रात में तलाश के दौरान वह गांव के पास खड़े एक ट्रक में युवक के साथ मिली। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को थाने ले गई। अगले दिन आरोपी युवक के खिलाफ मऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

बताया जा रहा है कि दलित परिवार के परिजन घर में बैठे थे, तभी आरोपी युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से श्यामलाल और उनकी पत्नी घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

श्यामलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो वह घटनास्थल से कुछ दूरी पर खेत में घायल अवस्था में मिला। उसके पास एक तमंचा भी बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी श्यामधार मिश्रा ने खुद को भी गोली मारी थी। गर्दन में गोली लगने से घायल युवक को मऊ सीएचसी से प्रयागराज रेफर किया गया, जहां उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और बदले की भावना से फायरिंग की आशंका सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

महंत भरतदास का कहना है कि ये मामला सिर्फ एससी/एसटी को लेकर है। आरोपी युवक के खिलाफ दलित परिवार ने लिखित रूप में एससी/एसटी एक्ट और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था, जिससे आहत होकर युवक ने खौफनाक कदम उठाया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2026 4:39 PM IST

Tags

Next Story