बिहार कटिहार में पटसन लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी में पलटा, 2 मौके पर मौत
कटिहार, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को एक पटसन लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पानी में पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना पोठिया थाना क्षेत्र में पोठिया-डूमर सड़क मार्ग पर कुशियारी मोड़ के समीप हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। सभी पोठिया से बरारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुशियारी मोड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पानी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बरारी अंतर्गत जीरा पट्टी निवासी सद्दाम हुसैन (35) और मोहम्मद मनीर (59) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पोठिया थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर दुर्घटना की सूचना मिली है। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर पर पटसन लदा हुआ था और उस पर सवार लोग पोठिया से बरारी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पानी में गिर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई चांदनी कुमारी और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 4:59 PM IST












