ताबड़तोड़ कार्रवाई: गोदावरी नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ 11 लाख का माल जब्त - मजदूर भागे

गोदावरी नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ 11 लाख का माल जब्त - मजदूर भागे
  • कलेक्टर और एसपी ने तड़के नाव से नदी में उतरकर किया निरीक्षण
  • कार्रवाई के दौरान मजदूर मौके से भागे
  • 5 नावें, 3 सक्शन पंप और जेसीबी जब्त

डिजिटल डेस्क, नांदेड/मारतला. गोदावरी नदी के पात्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। 11 अक्टूबर की तड़के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. निलाभ रोहन के नेतृत्व में विशेष दल ने लोहा तहसील के कौडगांव, कामलज और येली क्षेत्र में नाव से नदी का निरीक्षण किया।

गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक सूरज गुरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान नदी में सक्शन पंप मशीनों की मदद से रेत निकाली जा रही थी। पुलिस दल को देखते ही वहां मौजूद मजदूर मौके से भाग निकले।

5 नावें, 3 सक्शन पंप और जेसीबी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पांच नावें, तीन सक्शन पंप मशीनें और एक जेसीबी सहित कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये का माल जब्त किया। जब्त मशीनों का पंचनामा करने के बाद उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में उस्माननगर पुलिस थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस अभियान में कंधार के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुशील जुमड़े, लोहा के तहसीलदार विट्ठल परलीकर, उस्माननगर के सहायक पुलिस निरीक्षक महेश मुळीक, पुलिस उपनिरीक्षक गजानन गाडेकर, जमादार गंगाधर चितौरे, माधव पवार, शिवकांता पवार, मोतीराम पवार, लक्ष्मण गोधणे, नेताजी रायाजी और गजानन लाडेकर सहित त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) के जवान शामिल थे। अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन की इस कार्रवाई से संबंधित लोगों में हड़कंप मच गया है।

Created On :   12 Oct 2026 5:13 PM IST

Tags

Next Story