दर्दनाक घटना: गणेश विसर्जन के दौरान गोदावरी नदी में डूबे दो इंजीनियरिंग छात्र, एक की मौत दूसरे की तलाश जारी

गणेश विसर्जन के दौरान गोदावरी नदी में डूबे दो इंजीनियरिंग छात्र, एक की मौत दूसरे की तलाश जारी
  • बजरंग येडूरे का शव बरामद, दीपक सोलंके की तलाश जारी
  • 12 दिन पहले भी इसी घाट पर युवक की डूबने से हुई थी मौत, सुरक्षा उपायों की मांग
  • कालेश्वर घाट पर गणेश विसर्जन के बाद तैरने के दौरान हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, नांदेड़. गणेश विसर्जन के लिए गोदावरी नदी में गए दो इंजीनियरिंग छात्र डूब गए। यह दर्दनाक हादसा रविवार को दोपहर करीब 12 बजे विष्णुपुरी स्थित कालेश्वर घाट पर हुआ। छात्रों ने नाम बजरंग बीरू येडूरे उम्र 18 साल, निवासी किनी, तहसील देगलूर और दीपक मारुति सोलंके उम्र 20 साल, निवासी बान्हाली, तहसील मुखेड बताया जा रहा है। दोनों वाडी पाटी स्थित मातोश्री प्रतिष्ठान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र कालेश्वर मंदिर परिसर में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद गोदावरी नदी में तैरने के लिए उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आपदा राहत दल, जीवरक्षक दल और नांदेड़ ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची।

जीवरक्षक दल ने तलाश अभियान चलाकर बजरंग येडूरे का शव पानी से बाहर निकाल लिया। वहीं, दीपक सोलंके की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों छात्रों के परिजनों को दे दी है।

12 दिन पहले भी हुआ था हादसा

आपको बतादें इसी कालेश्वर घाट पर करीब 12 दिन पहले अपने दादाजी की अस्थियां विसर्जित करने आए एक युवक की भी नदी में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और कालेश्वर संस्थान से घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

Created On :   20 Sept 2026 8:08 PM IST

Tags

Next Story