- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नांदेड़
- /
- 15 यात्रियों से भरी गाड़ी को ट्रक...
दर्दनाक हादसा: 15 यात्रियों से भरी गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 8 की हालत गंभीर, ट्रक चालक वाहन में बुरी तरह फंसा

डिजिटल डेस्क, नांदेड़। नांदेड़-भोकर महामार्ग पर वाकद गांव के पास सीताखंडी घाट क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की आमने-सामने की टक्कर में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर में टाटा मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह पिचक गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से मारी टक्कर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भोकर से नांदेड की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक (एपी 29 पीए 8129) सीताखंडी क्षेत्र में कथित तौर पर अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान सामने से करीब 15 यात्रियों को लेकर आ रही टाटा मैजिक/क्रूजर वैन (एमएच 26 एके 0548) से उसकी जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। कुछ यात्री वाहन से बाहर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़े -1127 किलो गांजा तस्करी मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की सजा, विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने सुनाया फैसला
घायलों को भोकर और नांदेड भेजा गया
दुर्घटना में 6 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत होने की प्रारंभिक जानकारी है। वहीं, 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल भोकर और नांदेड के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे में ट्रक चालक भी वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए राहत दल और स्थानीय लोगों ने प्रयास किए।
मौतों के आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
शुरुआती कुछ रिपोर्टों में 9 लोगों की मौत की बात कही गई है, जबकि प्रारंभिक तौर पर 6 मौतों और 8 गंभीर घायलों की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और संबंधित अस्पतालों की ओर से मृतकों तथा घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
ये हैं मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों में से 5 की पहचान हो चुकी है। इनमें पांडुरंग लिंगुजी वाघमारे (55) और उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई, पांडुरंग पवार (सैयदनगर, भोकर), शेख फिरोज (30, बिलाल नगर, भोकर), शेख अल्तमेश शेख अलीमोद्दीन (25, बिलाल नगर, भोकर) और बलवान पवार (पोटा तांडा) शामिल हैं।
Created On :   10 Sept 2026 9:41 PM IST









