चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर आप का प्रदर्शन, सौरभ भारद्वाज बोले- काटे गए वोट दोबारा जोड़े जाएं
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के साथ चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के बाहर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोर-गद्दी छोड़' के नारे लगाए और चुनाव आयोग से दिल्ली में काटे गए मतदाताओं के वोट दोबारा जोड़ने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन में आप विधायकों संजीव झा, जरनैल सिंह और कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट काटकर आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को हराया गया। उन्होंने दावा किया कि अब इसी तरह की बेईमानी पूरे देश में की जा रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कथित तौर पर वोट काटकर आप नेताओं को नुकसान पहुंचाया गया। उनका दावा है कि अरविंद केजरीवाल की विधानसभा में करीब 1.45 लाख वोट थे, जिनमें से लगभग 45 हजार वोट काट दिए गए और उन्हें करीब चार हजार वोटों से हरा दिया गया।
उन्होंने एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इतनी बड़ी संख्या में लोग विदेशी या बांग्लादेशी नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मांग स्पष्ट है कि जिन मतदाताओं के वोट काटे गए हैं, उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में जोड़े जाएं। साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कई स्तर की बैरिकेडिंग लगाए जाने पर भारद्वाज ने कहा कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और पुलिस को किसी तरह की हिंसा या बल प्रयोग नहीं करना चाहिए।
सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के सोशल मीडिया पोस्ट पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना दिल बड़ा करना चाहिए। भारद्वाज के मुताबिक, 2 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन की कॉल आप की नहीं बल्कि आइसा की थी, लेकिन आप कार्यकर्ता सबसे पहले वहां पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान करीब 700 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें लगभग 550 आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग थे। उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को आप के छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और 4 अक्टूबर को उन्हें खुद दो बार हिरासत में लिया गया।
भारद्वाज ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि देवेंद्र यादव कथित तौर पर अनजाने में भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई को कमजोर कर रहे हैं।
बुराड़ी से आप विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि 2025 में दिल्ली में आप समर्थकों के वोट काटकर सरकार बनाई गई। उन्होंने इसे 'वोट चोरी की सरकार' करार दिया। संजीव झा ने आरोप लगाया कि जिस तरह दिल्ली में वोटों की कथित चोरी हुई, उसी तरह देश के अन्य हिस्सों में भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था के रूप में काम नहीं कर रहा है और भाजपा का 'शील्ड कवर' बन गया है।
संजीव झा ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया नहीं जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन का भी जिक्र किया। तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका इस्तीफा नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा की सरकार वोटों की कथित चोरी के जरिए बनी है और इसी वजह से भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर रही है।
जरनैल सिंह ने दावा किया कि इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी कई सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब “तानाशाही” नहीं चलेगी और ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना होगा।
कोंडली से आप विधायक कुलदीप कुमार ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के वोटों की कथित चोरी करने वालों को अब जवाब देना होगा। कुलदीप कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग दिल्ली चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचे हैं और आप कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
आप नेताओं ने कहा कि वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और वोट काटे जाने के मुद्दे को लेकर पार्टी का आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। पार्टी ने साफ किया कि मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर वह विपक्षी दलों के साथ मिलकर आगे भी प्रदर्शन करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 7:16 PM IST











