उन्नाव बंटवारे को लेकर पिता और भाइयों ने की युवक की निर्मम हत्या, वीडियो वायरल

उन्नाव  बंटवारे को लेकर पिता और भाइयों ने की युवक की निर्मम हत्या, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बुधवार को घर बंटवारे के मामले में हत्या की घटना सामने आई है, जिसमें सगे पिता और भाइयों ने ही मिलकर युवक पप्पू को पहले पीटकर अधमरा किया, फिर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

लखनऊ, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बुधवार को घर बंटवारे के मामले में हत्या की घटना सामने आई है, जिसमें सगे पिता और भाइयों ने ही मिलकर युवक पप्पू को पहले पीटकर अधमरा किया, फिर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस हत्या का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल पप्पू को सीएचसी बांगरमऊ ले गई, जहां डॉक्टर ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक पप्पू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने जांच के बाद दो भाइयों को हिरासत में ले लिया। वहीं, मामले में मृतक पप्पू की पत्नी सुफिया बानो ने अपने ससुर और देवरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुफिया बानो ने इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को हुए विवाद के बाद पुलिस ने सुफिया को बिना सुनवाई के वापस लौटा दिया था, जिसके बाद बुधवार सुबह फिर विवाद हुआ और यह घटना हो गई।

उनका कहना है कि यदि पुलिस ने ससमय उचित कार्रवाई की होती तो शायद यह घटना न होती।

दरअसल, बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंजमुरादाबाद में घर के बंटवारे ने पिता-पुत्र और भाइयों के रिश्ते को कलंकित कर दिया। गंजमुरादाबाद के रहने वाले पप्पू का पिछले कई दिनों से अपने पिता और भाइयों से घर के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण घर का माहौल तनावपूर्ण रहता था। पप्पू की पत्नी सुफिया बानो ने बताया कि मंगलवार को वाशिंग मशीन रखने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उसके ससुर ने मशीन हटा दी और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

सुफिया बानो ने बताया कि पहले भी उसका हाथ तोड़ा गया था और जब वह चौकी गई तो पुलिस ने उसे भगा दिया था। बुधवार सुबह जब उसका पति कानपुर जा रहा था, तब ससुर और देवरों ने घेरकर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं, मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पप्पू को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में सुफिया बानो ने बताया कि उसके ससुर दिलशाद और देवर आजाद, शहजाद, इरशाद समेत रिश्तेदार मुर्तजा ने कुल्हाड़ी, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story