'खास पलों से भरा रहा सफर', बीसीसीआई ने अजीत अगरकर को दी शुभकामनाएं

खास पलों से भरा रहा सफर, बीसीसीआई ने अजीत अगरकर को दी शुभकामनाएं
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अगरकर का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगरकर को उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अगरकर का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगरकर को उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर अगरकर के लिए लिखा, "यह कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के लिए कुछ सचमुच खास पलों से भरा रहा — तीन आईसीसी ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और लगातार दो एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक, साथ ही 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल तक का सफर। पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के तौर पर आपकी प्रतिबद्धता, पक्के इरादे और योगदान के लिए धन्यवाद, अजीत अगरकर। आगे के सफर के लिए आपको शुभकामनाएं।"

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी अगरकर को उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी थीं और बतौर मुख्य चयनकर्ता उनके कार्यकाल की प्रशंसा की थी।

गंभीर ने अपने एक्स पर लिखा, "प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। वे तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके पक्के इरादे की गवाही हैं। टीम पहले और टीम आगे, हमेशा। मुझे कहना होगा, इतिहास आपके साथ ज्यादा मेहरबान रहेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके आगे के कामों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं।"

अजीत अगरकर को 4 जुलाई 2023 को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सीनियर पुरुष चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया था।

अगरकर की चुनी हुई टीम ने वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल खेला, टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता, टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता और एशियाई खेलों में दो बार स्वर्ण जीता। दो एशिया कप खिताब जीते। इस तरह अगरकर का कार्यकाल उपलब्धियों से भरपूर रहा है और वे अपने कार्यकाल पर गर्व कर सकते हैं। मुख्य चयनकर्ता के रूप में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के लिए आखिरी बार टीम इंडिया चुनी।

बीसीसीआई ने मुख्य चयनकर्ता की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। नियमित मुख्य चयनकर्ता की नियुक्ति तक पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को यह भूमिका सौंपी गई है। मौजूदा चयनकर्ता पैनल में ओझा के अलावा शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह शामिल हैं। बीसीसीआई प्रोटोकॉल के अनुसार, चयन समिति में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाला मुख्य चयनकर्ता बनता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2026 7:15 PM IST

Tags

Next Story