सीएम योगी ने बलिदानी वीरों के परिजनों का किया सम्मान
लखनऊ, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अदम्य साहस दिखाने वाले वीर सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।
उन्होंने उन परिवारों के प्रति कृतज्ञता जताई जिनके घर जन्मे वीरों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया। समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट और शौर्य चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एचएस मोहिंद्रा को सम्मानित किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी सम्मान मिला।
ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल, ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी और नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
ऑपरेशन पवन में शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी, ऑपरेशन रक्षक में शहीद सिगनलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी, सेना मेडल से सम्मानित राजपूत रेजीमेंट के हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह और सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सीआरपीएफ के शहीद रक्षा राम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को सम्मान प्रदान किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस समारोह में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों और उनके परिवारों के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2026 5:26 PM IST












