मध्य प्रदेश में विवाह सहायता योजना में 30 करोड़ से ज्यादा का घोटाला, पूर्व सीईओ गिरफ्तार
भोपाल, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सरकारी योजना के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) के भोपाल जोनल ऑफिस ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन सीईओ शोभित त्रिपाठी को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद 3 सितंबर को उन्हें भोपाल की स्पेशल कोर्ट (पीएमएलए) में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 9 सितंबर तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया है। यह कार्रवाई 'विवाह सहायता योजना' के तहत सरकारी फंड के गलत इस्तेमाल से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में की गई है।
ईडी की यह जांच भोपाल की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। ईओडब्ल्यू ने सिरोंज जनपद के तत्कालीन सीईओ शोभित त्रिपाठी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश सरकार ने रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए 51,000 रुपए की आर्थिक मदद देने की योजना शुरू की थी। इस योजना का नाम 'विवाह सहायता योजना' था। शोभित त्रिपाठी ने 2019 से नवंबर 2021 तक सिरोंज जनपद पंचायत के सीईओ रहते हुए अन्य लोगों के साथ मिलकर इस योजना में भारी गड़बड़ी की।
ईडी के मुताबिक, त्रिपाठी ने संदिग्ध विवाह सहायता मामलों में करीब 30.18 करोड़ रुपए के सरकारी फंड को मंजूरी दी और उसका वितरण कर दिया। इसके लिए जाली और फर्जी आवेदन फॉर्म और लाभार्थियों के नकली दस्तावेज तैयार किए गए।
जांच में यह भी पता चला कि सरकारी पैसा गलत जानकारी के आधार पर खोले गए बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। पैसा खाते में आते ही उसे तुरंत कई बार में कैश के रूप में निकाल लिया जाता था। ऐसे कई लोगों को भी इस योजना का लाभ दिया गया जो इसके पात्र ही नहीं थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह फर्जीवाड़ा कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान भी जारी रहा, जब सार्वजनिक शादियों पर पूरी तरह से रोक लगी हुई थी। उस दौरान भी शादी के नाम पर सरकारी खजाने से पैसे निकाले गए।
इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को ईडी ने इस मामले में सर्च ऑपरेशन चलाया था। छापेमारी में कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद और जब्त किए गए थे, जिनसे इस पूरे घोटाले का खुलासा हुआ।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2026 8:51 PM IST












