देखने में सुंदर, सेहत के लिए लाभकारी, औषधीय गुणों से भरपूर श्रीकृष्ण को प्रिय 'कदम'
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रकृति ने ऐसे कई फल-फूल दिए हैं, जो न केवल देखने में सुंदर, स्वाद से भरपूर बल्कि औषधीय गुणों से भी भरपूर हैं। ऐसे ही एक फल का नाम कदम है, जो पोषक तत्वों से भरपूर है और भगवान श्री कृष्ण को भी अति प्रिय है।
बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जल विभाग ने लोगों को स्थानीय वृक्षों के महत्व से अवगत कराते हुए कदम कदम के वृक्ष की उपयोगिता और गुणों की विस्तृत जानकारी दी है। श्रीकृष्ण को प्रिय यह वृक्ष न केवल देखने में बेहद सुंदर है, बल्कि इसके फूल, फल और छाल औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। कदम एक विशाल और सदाबहार वृक्ष है।
इसकी सबसे खास पहचान इसके सुगंधित, गोलाकार और नरम पीले फूल हैं, जो दूर से ही अपनी मिठास भरी खुशबू फैलाते हैं। इन फूलों की सुगंध और सौंदर्य के कारण इन्हें भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय माना जाता है। विभाग का मानना है कि कदम का वृक्ष सौंदर्य, स्वास्थ्य, औषधीय गुणों और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है।
सेहत के लिए भी कदम फायदेमंद है और इसके सेवन से कई अद्भुत लाभ मिलते हैं। कदम के फूल और फल दोनों ही खाने योग्य हैं। स्थानीय परंपराओं में इसके फूलों और फलों से स्वादिष्ट चटनी व अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं। कदम में प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके नियमित उपयोग से पाचन तंत्र मजबूत होता है। यह पेट की समस्याओं जैसे अपच, दस्त में भी राहत देता है।
साथ ही रक्त शुद्धि होती है और त्वचा संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है। मुंह की सेहत के लिए भी कदम फायदेमंद है। इसकी छाल से कुल्ला करने पर मसूड़ों की समस्या और मुंह की बदबू भी कम हो सकती है।
आयुर्वेद में कदम की छाल, पत्तियों और फूलों का उपयोग बुखार, मधुमेह, सूजन और तनाव कम करने जैसी समस्याओं के इलाज में किया जाता है। इसके फूलों का काढ़ा गले की खराश और खांसी में भी लाभकारी माना जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 8:10 PM IST












