पीएम मोदी का दौरा बहुत जरूरी था, भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर
ओस्लो, 18 मई (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे के दौरे पर पहुंचे हैं, जहां उन्हें सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया। इस बीच भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने कहा कि पीएम मोदी का ये दौरा बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे पर मे-एलिन स्टेनर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, "भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नॉर्वे में स्वागत है। हम इस दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने 43 साल पहले नॉर्वे का दौरा किया था। जाहिर है कि यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला दौरा है। इसलिए यह हमारे लिए बहुत जरूरी है।"
पीएम मोदी के स्वागत के लिए आए हुए भारतीय समुदाय के बच्चों ने अपना उत्साह जाहिर किया। एक बच्चे ने कहा, ये मेरे लिए 'जीवन में केवल एक बार' वाला क्षण था। पीएम मोदी से मिलने का ये मौका मिलना बहुत खुशी की बात है। एक अन्य बच्चे ने कहा कि पीएम मोदी से ऐसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।
सभी बच्चों ने पीएम मोदी से मुलाकात करने और उन्हें करीब से देखने के लिए आभार जताया। बच्चों ने कहा कि यह जीवन का अनोखा अनुभव था। वहीं महिलाओं ने कहा कि यह बहुत ही अच्छा अनुभव था। पीएम मोदी को सामने से देखना सपने साकार होने जैसा है। वह बहुत सकारात्मक हैं। मैं बीते 48 साल से इस देश में रह रही हूं और इस पल के लिए काफी लंबे समय से इंतजार कर रही थी। यह दूसरे पीएम हैं, जिन्होंने इस देश का दौरा किया।
एक व्यक्ति ने कहा, "पीएम मोदी आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं, जहां न उनकी आलोचना हो सकती है, न उनको कोई सलाह दे सकता है। उनसे बस प्रेरणा ली जा सकती है। अनुभव बहुत अच्छा था। उनका 18 घंटे काम करने का जो अविरत व्रत है, उसके लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वो ऐसे ही देश और दुनिया को आगे बढ़ाते रहें।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद प्रवासी भारतीयों के एक सदस्य ने कहा, "मुझे लगता है कि इतने सारे महान कलाकारों के साथ रिहर्सल करना बहुत अच्छा अनुभव था। मैं सच में अपने परिवार, मेरे पिता, मेरे दादा और मेरी चाची, को मुझ पर भरोसा करने और मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने परफॉर्म करने का यह मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।"
भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "यह बहुत बढ़िया था। हम पिछले दो साल से इसका इंतजार कर रहे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यहां आने से घर जैसा महसूस हुआ।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 8:23 PM IST












